TMC सांसद महुआ मोइत्रा के विवादित बयान पर रायपुर में FIR, अमित शाह पर दी थी आपत्तिजनक टिप्पणी
रायपुर। पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा अपने बयानों को लेकर एक बार फिर विवादों में हैं। दरअसल, मोइत्रा ने नादिया जिले में घुसपैठ के मुद्दे पर गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ विवादित टिप्पणी की थी। इस बयान के बाद रायपुर के माना थाने में उनके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
शिकायतकर्ता गोपाल सामंतों ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि सांसद ने जो बयान दिया है, वह न केवल आपत्तिजनक है बल्कि सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला भी है। इसी आधार पर माना थाने की पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196 और 197 के तहत FIR दर्ज की है।
क्या कहा था महुआ मोइत्रा ने?
29 अगस्त को पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में मीडिया से बातचीत के दौरान महुआ मोइत्रा ने कहा था कि –
“अगर घुसपैठ हो रही है, तो अमित शाह का सिर काटकर टेबल पर रख देना चाहिए।”
इस बयान ने राजनीतिक हलचल मचा दी। सांसद का कहना था कि प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त को लाल किले से अपने संबोधन में स्वीकार किया कि देश में घुसपैठ हो रही है, जिससे डेमोग्राफी बदल रही है। जबकि सीमा सुरक्षा एजेंसियां गृह मंत्रालय के अधीन आती हैं, इसलिए जिम्मेदारी भी गृह मंत्री की बनती है।
बीजेपी का पलटवार
सांसद महुआ मोइत्रा की टिप्पणी पर छत्तीसगढ़ बीजेपी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। प्रदेश प्रवक्ता दीपक उज्जवल ने कहा कि इंडिया गठबंधन के दल लगातार “कट्टरपंथियों और नक्सलवादियों की भाषा” का इस्तेमाल कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल तुष्टीकरण की राजनीति के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। उज्जवल ने कहा,
“सांसद का यह बयान घोर निंदनीय है। घुसपैठियों के प्रति नरमी दिखाना और गृहमंत्री पर इस तरह की टिप्पणी करना बताता है कि विपक्ष जिम्मेदारी से नहीं, बल्कि उकसावे की राजनीति कर रहा है।
बढ़ सकती हैं कानूनी मुश्किलें
राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़ते हुए अब यह मामला कानूनी मोड़ ले चुका है। रायपुर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है और शिकायतकर्ता ने सांसद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।वहीं, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले समय में यह मुद्दा विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच बड़ा राजनीतिक विवाद बन सकता है।