प्रदेश / छत्तीसगढ़

हजारों NHM कर्मियों की हड़ताल जारी, स्वास्थ्य मंत्री ने की काम पर लौटने की अपील

रायपुर। छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के हजारों कर्मियों की हड़ताल लगातार जारी है। स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इस बीच स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कर्मियों से काम पर लौटने की अपील की है और उनकी मांगों के समाधान के लिए छह सदस्यीय समिति गठित करने का आश्वासन दिया है।

हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेशभर में NHM कर्मियों की हड़ताल लगातार जारी है। हजारों संविदा स्वास्थ्य कर्मी अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। हड़ताल की वजह से स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पतालों में सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। मरीजों को इलाज और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।NHM कर्मी नियमितिकरण, वेतनवृद्धि और सेवा शर्तों में सुधार जैसी प्रमुख मांगों को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, वे काम पर नहीं लौटेंगे।

स्वास्थ्य मंत्री की अपील

इस बीच प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार NHM कर्मियों की मांगों पर गंभीर है। उन्होंने कहा “NHM कर्मियों से मेरा अनुरोध है कि वे काम पर लौट आएं। उनकी मांगों पर विचार करने के लिए छह सदस्यीय टीम बनाई जाएगी। यह टीम दूसरे राज्यों से भी जानकारी लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी।”

छह सदस्यीय टीम का गठन

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि टीम में सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) और वित्त विभाग के अधिकारी भी शामिल होंगे। समिति को निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है।रिपोर्ट तैयार होने के बाद सरकार मांगों पर अभिमत के आधार पर निर्णय लेगी। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि समिति की अनुशंसा को गंभीरता से लिया जाएगा और कर्मियों के हित में सकारात्मक फैसला किया जाएगा।

मरीजों की बढ़ रही परेशानी

हड़ताल का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर काम ठप है, वहीं शहरी अस्पतालों में मरीजों की संख्या तो बढ़ रही है, लेकिन इलाज करने वाले स्टाफ की कमी महसूस हो रही है। खासकर मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और आपातकालीन सुविधाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।