नेपाल में भड़की हिंसा के बीच सरगुजा के पांच युवक फंसे
अंबिकापुर। नेपाल में हाल ही में भड़की हिंसा के बीच छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के पाँच युवक फंस गए हैं। ये सभी युवक अंबिकापुर के रहने वाले हैं और 3 सितंबर को धार्मिक यात्रा पर नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर दर्शन के लिए गए थे। हालांकि, नेपाल में अचानक बिगड़े हालात के कारण उनकी वापसी मुश्किल हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंबिकापुर सदर रोड निवासी मोहित जिंदल अपने चार दोस्तों – अनमोल अग्रवाल, अंबर जैन, वेद प्रकाश पांडे और शंभू सरदार के साथ नेपाल गए थे। सभी युवक धार्मिक यात्रा के उद्देश्य से पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद लौटने की तैयारी में ही नेपाल में हिंसा भड़क गई और सड़क मार्ग बाधित हो गए। इसके कारण सभी युवक वहीं फंस गए।
हालांकि राहत की बात यह है कि अंबिकापुर के ये सभी पाँच युवक सुरक्षित हैं। मोहित जिंदल के बड़े भाई शुभम अग्रवाल ने बताया कि वे लगातार अपने भाई और दोस्तों के संपर्क में हैं और उन्होंने अपनी सुरक्षा की पुष्टि की है। लेकिन नेपाल के बिगड़े हालात और यातायात बंद होने से उनकी घर वापसी फिलहाल मुश्किल बनी हुई है।
जैसे ही इस घटना की जानकारी पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल को मिली, उन्होंने तुरंत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को इस मामले की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने तत्काल विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से संपर्क साधने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार ने केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से इन युवकों को सुरक्षित निकालने और जल्द से जल्द भारत लाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
सरकार ने परिजनों को आश्वस्त किया है कि राज्य प्रशासन लगातार इस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और युवकों को सुरक्षित घर लाने के लिए हरसंभव कदम उठाए जा रहे हैं। स्थानीय प्रशासन ने भी परिवारों के साथ संपर्क बनाए रखा है ताकि उन्हें समय-समय पर स्थिति की जानकारी दी जा सके।
नेपाल में हालात फिलहाल तनावपूर्ण हैं, लेकिन भारतीय दूतावास ने फंसे हुए भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अंबिकापुर के परिजन भी सरकार और प्रशासन के प्रयासों पर भरोसा जता रहे हैं और उम्मीद कर रहे हैं कि उनके बेटे जल्द ही घर वापस लौट आएंगे।