छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक बदली-बारिश का दौर, 10 जिलों में अंधड़ और बिजली गिरने का अलर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी जरूर हुई है, लेकिन अगले चार दिनों तक बादल गरजने, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से गरियाबंद, धमतरी, महासमुंद, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर और सुकमा जिलों में अंधड़ और बिजली गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है।
गरियाबंद में अफरा-तफरी
शनिवार को गरियाबंद जिले में अचानक मौसम ने करवट बदली। दोपहर 2 से 4 बजे के बीच रुक-रुककर मूसलाधार बारिश और तेज हवाओं से लोग बचाव के लिए भागते नजर आए। कई जगहों पर बिजली गुल हो गई। पुलिसकर्मी भी तेज आंधी से बचने के लिए इधर-उधर दौड़ते दिखे।
कबीरधाम में बिजली गिरने से मौत
कबीरधाम जिले के बासिनझोरी गांव में बिजली गिरने से एक दर्दनाक हादसा हुआ। लोहारा थाना क्षेत्र में खेत में काम कर रहे नुमेश्वर साहू (15) की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
बारिश पर ब्रेक से बढ़ी उमस
राजधानी रायपुर में शनिवार को ज्यादातर समय धूप खिली रही। इसके कारण गर्मी और उमस ने लोगों को खूब परेशान किया। शाम को हल्की फुहारों से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग का अनुमान है कि आज भी धूप और उमस के बीच रुक-रुककर हल्की बारिश हो सकती है।
जिलावार बारिश का आंकड़ा
प्रदेश में अब तक औसतन 1061.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
बलरामपुर: सबसे ज्यादा 1472.9 मिमी (सामान्य से 55% अधिक)
बेमेतरा: सबसे कम 491.6 मिमी (सामान्य से 51% कम)
बस्तर, राजनांदगांव, रायगढ़: लगभग सामान्य बारिश.
विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। खेतों में काम करने वाले किसानों और खुले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बिजली गिरने के दौरान पेड़ों और ऊंचे खंभों के पास न जाने की सलाह दी गई है।