गेवरा खदान में काम ठप, बारिश के चलते भरा पानी और फंसे वाहन
कोरबा। भारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। जिले की एसईसीएल गेवरा कोयला खदान में भारी जलभराव हो गया है, जिससे कई भारी वाहन और मोटर पंप पानी व मलबे में दब गए। शहर के मुख्य मार्गों पर भी जलभराव की स्थिति बनी, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
गेवरा प्रोजेक्ट, जो एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदानों में से एक है, यहां बारिश का पानी भर जाने से खनन कार्य प्रभावित हुआ है। खदान के भीतर पानी और मलबे के कारण कई भारी मशीनरी और मोटर पंप फंसे हुए हैं। सोमवार (6 अक्टूबर) दोपहर से हो रही लगातार बारिश के कारण कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग और शहर के अन्य हिस्सों में जलभराव हो गया। जर्जर सड़कों और गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान एक ऑटो गड्ढे में फंस गया, वहीं एक बाइक सवार दंपति भी गिरकर घायल हो गए, जिससे यातायात बाधित हुआ।