दुर्ग SSP ने यातायात पुलिस की समीक्षा बैठक ली
दुर्ग। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) दुर्ग विजय अग्रवाल द्वारा 10 अक्टूबर 2025 को कंट्रोल रूम सभाकक्ष में यातायात पुलिस की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आगामी दीपावली त्योहारी सीजन में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखना, दुर्घटनाओं को कम करना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। एसएसपी ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रमुख बाजार क्षेत्रों में वाहनों की पार्किंग केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही की जाए। सड़क किनारे अथवा “नो पार्किंग” क्षेत्रों में किसी भी स्थिति में वाहन नहीं खड़ा किया जाएगा। उन्होंने दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए समन्वित प्रयास करने पर जोर दिया। विशेष रूप से चौक-चौराहों पर ई-रिक्शा चालकों द्वारा जाम की स्थिति निर्मित होने की संभावना पर ध्यान देने और इसे रोकने के निर्देश दिए।
ओवर-स्पीडिंग पर नियंत्रण के लिए स्पीडगन का प्रयोग करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा गया। इसके अलावा, हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। यातायात पुलिस ने बैठक में बताया कि विशेष प्रबंधों के तहत अक्षयगंगा मार्केट में बढ़ती भीड़ को देखते हुए अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। दक्षिण गंगोत्री क्षेत्र में बाजार आने वाले नागरिकों के लिए सर्कस मैदान पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है। पावर हाउस एवं जवाहर मार्केट क्षेत्र के लिए लाल मैदान के समीप पार्किंग स्थल तैयार किए गए हैं। जिले के नो-एंट्री जोन में — दुर्ग शहर, सेंट्रल एवेन्यू रोड (भिलाई), कसारीदिह से बोगदा पुलिया (जमुल), लिंक रोड (सुपेला से छावनी चौक) तथा महाराजा चौक से बोरसी मार्ग निर्धारित समय में भारी वाहनों और चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी। एसएसपी ने बताया कि मालवाहक वाहनों में सवारी परिवहन करने वालों के विरुद्ध सघन चालानी कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए विशेष निगरानी दलों का गठन किया गया है जो निरंतर अभियान संचालित करेंगे। “ऑपरेशन सुरक्षा” अभियान का उद्देश्य दीपावली पर्व के दौरान नागरिकों की सुरक्षा, यातायात अनुशासन और जन-सुविधा सुनिश्चित करना है। इसके तहत सभी प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और पार्किंग स्थलों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। यातायात पुलिस दुर्ग ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट वाहन न चलाएँ और ओवर-स्पीडिंग से बचें। एसएसपी ने कहा कि नागरिकों का सहयोग ही सुरक्षित और व्यवस्थित दीपावली की सफलता की कुंजी है।