“समाज तभी महान बनता है जब वह कमजोरों को संबल दे”, बैंगलोर में सांसद अग्रवाल का प्रभावशाली संदेश
बैंगलोर/रायपुर। कर्नाटक प्रवास के दौरान रायपुर लोकसभा के लोकप्रिय सांसद, दूरदर्शी नेता और समाजसेवा के लिए समर्पित बृजमोहन अग्रवाल का रविवार को बैंगलोर में अग्रवाल समाज विकास ट्रस्ट, अग्रवाल समाज कर्नाटक तथा फाउंडेशन इंडिया ने संयुक्त रूप से आयोजित विशेष समारोह में अत्यंत भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समाज के गणमान्य सदस्यों ने गर्मजोशी के साथ उनका अभिनंदन करते हुए उन्हें जनसेवा में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए धन्यवाद दिया।
अपने प्रभावशाली उद्बोधन में सांसद श्री अग्रवाल ने समाज के बौद्धिक वर्ग, उद्योगपतियों, शिक्षाविदों और युवा नेतृत्व से अत्यंत संवेदनशील और दूरगामी संदेश साझा किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “समाज तभी महान बनता है जब वह अपने कमजोर वर्गों, जरूरतमंद परिवारों और प्रतिभाशाली संसाधनविहीन बच्चों को आगे बढ़ाने का संकल्प ले।”
सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि, भगवान महाराजा अग्रसेन के “एक ईंट – एक रुपया” के पुण्य मंत्र ने सदियों से समाजसेवा की वह अतुलनीय परंपरा गढ़ी है, जो आज भी हमारी सामूहिक शक्ति और परोपकार की पहचान है।
उन्होंने गरीब बेटियों की शादी, निर्धन परिवारों के इलाज और जरूरतमंद छात्रों की शिक्षा समाज के इन पवित्र कार्यों के माध्यम से समाज को एकजुट और मजबूत बनाने का आह्वाहन किया।
उन्होंने समाज से विशेष आग्रह किया कि, समाज द्वारा IIT, IIM, मेडिकल, लॉ, सिविल सर्विसेज व अन्य उच्च शिक्षा हेतु उत्कृष्ट कोचिंग केंद्र प्रारंभ किए जाएँ।
छात्र-छात्राओं एवं वर्किंग वुमन के लिए आधुनिक हॉस्टल की व्यवस्था की जाए ताकि सुरक्षा और सुविधा के साथ युवा आगे बढ़ सकें। उन्होंने कहा कि, गरीब बस्तियों, रेलवे पटरी किनारे बसे परिवारों तथा कमजोर वर्गों का सर्वे कर उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बेहतर जीवन हेतु ठोस कार्ययोजना बनाई जाए।
उन्होंने कहा कि समाज केवल अपने लिए नहीं, बल्कि उन हजारों परिवारों के लिए कार्य करे जो आज भी बेहतर अवसरों से वंचित हैं। “अग्रवाल समाज के पास क्षमता, संसाधन और संकल्प तीनों हैं। बस इन्हें सही दिशा देने की आवश्यकता है।”
बैंगलोर में उपस्थित समाज के सभी पदाधिकारियों और वरिष्ठ जनों ने सांसद बृजमोहन अग्रवाल के विजन की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए भविष्य-निर्माण की ऐतिहासिक दिशा बताया।
कार्यक्रम के अंत में समाज के प्रतिनिधियों ने सांसद अग्रवाल का सम्मान करते हुए उन्हें “प्रेरणादायी नेतृत्व” का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम में विनोद अग्रवाल, जय प्रकाश गुप्ता, सुरेश कुमार मोदी, सुभाष बंसल, सतीश गोयल, विनोद कुमार सिंघल, पारस चौटिया वरिष्ठजनों और समाज के गणमान्यजन उपस्थित रहे।