प्रदेश / छत्तीसगढ़

31 दिसंबर को रायपुर में विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन, सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत करेंगे सभा को संबोधित

रायपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत 31 दिसंबर को रायपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे अभनपुर के सोनपैरी गांव में आयोजित होने वाले विशाल हिंदू सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधन देंगे। सम्मेलन का आयोजन 31 दिसंबर को दोपहर 2 बजे से किया जाएगा।

आयोजन समिति ने बताया कि कार्यक्रम में राष्ट्रीय संत असंग देव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। सम्मेलन में सनातन संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय चेतना जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर से संतों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।

आयोजकों के अनुसार सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, यातायात और बैठने की पर्याप्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके। पूरे आयोजन की जिम्मेदारी हिंदू सम्मेलन समिति की टीम संभालेगी।

आयोजन समिति ने सभी सनातनी और हिंदू समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में शामिल होने की अपील की है। साथ ही, किसी भी असुविधा से बचने के लिए प्रतिभागियों से समय से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने का आग्रह किया गया है।