प्रदेश / छत्तीसगढ़

काम में लापरवाही पड़ा भारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का रेडियोग्राफर निलंबित

राजनांदगांव। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगरगांव में पदस्थ रेडियोग्राफर भोज कुमार साहू को काम में घोर लापरवाही एवं गंभीर अनुशासनहीनता बरतने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। यह कार्रवाई संभागीय संयुक्त संचालक स्वास्थ्य सेवाएं रायपुर संभाग रायपुर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी राजनांदगांव से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर की है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डोंगरगांव के रेडियोग्राफर भोज कुमार साहू द्वारा शासकीय कार्यों में व्यवधान उत्पन्न करने, पदीय दायित्वों का निर्वाहन नहीं करने, शासकीय कार्यों में बाधा उत्पन्न करने, उच्च अधिकारियों से अनुचित वार्तालाप करने एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त रहने के कारण तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनका कृत्य गंभीर अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता एवं कर्तव्यों के प्रति लापरवाही के श्रेणी में होने के कारण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियमों के शर्तों का उल्लंघन है।

निलंबन अवधि के दौरान भोज कुमार का मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन जिला दुर्ग निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि में नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।