प्रदेश / छत्तीसगढ़

रायपुर मरीन ड्राइव में ठेकेदार की मनमानी, घंटों बंद रहा एंट्री गेट

रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा तालाब में ठेकेदार की मनमानी सामने आई है, जहां पाथवे के एंट्री एग्ज़िट द्वार में ताला जड़ने से मॉर्निंग वॉक के लिए आए लोगों को वापस लौटना पड़ा। वहीं कुछ लोगों ने इसका विराेध भी किया और गेट काे लांघकर ताला खोला। घंटों विवाद के बाद लोगों की एंट्री हो पाई। बता दें कि ठेकेदार के खिलाफ कई बार शिकायत हो चुकी है, लेकिन महापौर और नगर निगम के अधिकारी चुप्पी साधे हुए हैं।

मॉर्निंग वॉक में पहुंचे लोगों ने महापौर और निगम प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा, ठेकेदारों की मनमानी आज का नहीं है, कई बार इसकी शिकायत हुई है, लेकिन कार्रवाई कुछ नहीं हो रही है। पूरे गार्डन को बर्बाद कर दिया गया, लेकिन कार्रवाई कुछ नहीं हुई। आज मरीन ड्राइव की गेट को बंद कर दिया गया। अंदर नहीं जाने दिया जा रहा है। दूसरे राज्य से ठेकेदार आकर यहां कब्जा कर रहा है और यहां के महापौर और अधिकारी मौन हैं। मतलब सेटिंग का खेल है। अगर महापौर, अधिकारी नहीं बिके हैं तो कार्रवाई करें। ऐसे लोगों को तत्काल यहां से हटाना चाहिए। इनका टेंडर कैंसिल करना चाहिए।

दुकान लगाने काट दिए 200 से ज्यादा पेड़

मरीन ड्राइव में दुकान लगाने के लिए 200 से ज्यादा पेड़ों को काट दिया गया। गार्डन को पूरा उजाड़ दिया गया। टॉयलेट में कब्जा किया गया। पाथवे में रेलगाड़ी, बस और घूमने वाला जिप्सी चलाया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। नियम विरुद्ध लगातार यहां काम चल रहा है, लेकिन देखने वाला कोई नहीं है।

ठेका कर्मियों को दो माह से नहीं मिला है वेतन

लोगों ने बताया, पाथवे में गड्ढा हो गया है। चलने में परेशानी होती है। दौड़ने वाले गिर भी जाते हैं। यहां ठेका सुविधा के लिए दिया गया था, लेकिन पूरी तरह असुविधा है। ठेकेदार की मनमानी जारी है। बताया जा रहा कि MS ECHT INTEGRATED RECREATION FACILITY प्राइवेट लिमिटेड अहमदाबाद के कर्मचारियों ने दो महीने की सैलरी न मिलने के कारण ताला लगाकर विरोध कर रहे थे। वहीं इस मामले में ठेकेदार प्रशांत श्रीवास्तव ने कहा, मैं बाहर हूं। मेरे को जानकारी नहीं है। पूछकर बताता हूं।

कार्रवाई की जाएगी : महापौर

इस मामले में महापौर मीनल चौबे ने कहा, ठेकेदार के कर्मचारियों का भुगतान नहीं हुआ है, इसके चलते गुस्से में आकर ठेकेदार के कर्मचारियों ने मरीन ड्राइव के गेट पर ताला लगाए थे। यहां कोई ठेकेदार व कर्मचारी ताला नहीं लगा सकते। ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।