किसानों के लिए बड़ी राहत, किसान क्रेडिट कार्ड के तहत अब ₹5 लाख तक मिलेगा कर्ज
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने देशभर के किसानों को बड़ी राहत देते हुए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना की सीमा ₹3 लाख से बढ़ाकर ₹5 लाख कर दी है। इस योजना के तहत अब किसान केवल 4% की सालाना ब्याज दर पर ₹5 लाख तक का कर्ज ले सकेंगे। यह फैसला वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2025 के बजट में किया है। इससे देश के करोड़ों किसानों को खेती-किसानी, पशुपालन और कृषि से जुड़े अन्य कार्यों के लिए आसानी से सस्ता ऋण मिलेगा।
क्या है किसान क्रेडिट कार्ड योजना?
किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) योजना की शुरुआत वर्ष 1998 में किसानों को समय पर और आसान ऋण उपलब्ध कराने के लिए की गई थी। यह कार्ड डेबिट कार्ड की तरह काम करता है, जिससे किसान सीधे एटीएम से पैसे निकाल सकते हैं या दुकानों से बीज, खाद, कीटनाशक और कृषि उपकरण खरीद सकते हैं। यह कार्ड आधार या बायोमेट्रिक पहचान से भी जोड़ा जा सकता है, जिससे लेन-देन अधिक सुरक्षित और आसान होता है।
कैसा मिलेगा फायदा?
सरकार किसानों को 2% ब्याज सब्सिडी देती है और समय पर कर्ज चुकाने पर 3% अतिरिक्त छूट भी मिलती है। इस तरह किसानों को प्रभावी रूप से केवल 4% सालाना ब्याज ही देना होगा। साथ ही ₹2 लाख तक का लोन बिना किसी जमानत के मिलेगा, जिससे छोटे और सीमांत किसानों को विशेष रूप से लाभ होगा।
कितनी होगी लोन की सीमा?
लोन की सीमा फसल की लागत, जमीन का आकार, बीमा खर्च और मशीनरी की जरूरतों के आधार पर तय की जाएगी। शुरुआती लोन सीमा हर साल 10% बढ़ाई जाती है और यह बढ़ोतरी अगले 5 वर्षों तक लागू रहती है।