पोस्ट ऑफिस का बड़ा फैसला, अमेरिका जाने वाले पार्सल पर लगी रोक! सिर्फ इन चीजों की रहेगी छूट
दिल्ली। भारत से अमेरिका जाने वाली डाक और पार्सल सेवाओं को 25 अगस्त 2025 से अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. यह फैसला अमेरिका द्वारा 800 डॉलर तक के सामान पर मिलने वाली ड्यूटी छूट खत्म करने के बाद लिया गया है.
भारत से अमेरिका भेजे जाने वाले पार्सल और डाक सेवाओं पर अस्थायी रोक लगा दी गई है. डाक विभाग ने कहा है कि यह फैसला हाल ही में अमेरिका सरकार द्वारा लिए गए एक बड़े फैसले के बाद लिया गया है. इस रोक की वजह से आम लोगों से लेकर छोटे कारोबारियों तक को दिक्कत हो सकती है, जो अपने रिश्तेदारों, ग्राहकों या व्यापारिक पार्टनर्स को अमेरिका में सामान भेजते हैं.
अमेरिका का नया नियम क्या है?
30 जुलाई 2025 को अमेरिका प्रशासन ने एक Executive Order No. 14324 जारी किया. इसके तहत अमेरिका ने "duty-free de minimis exemption" को खत्म करने का ऐलान किया है. पहले तक 800 डॉलर तक के सामान पर कोई कस्टम ड्यूटी नहीं लगती थी. लेकिन 29 अगस्त 2025 से यह छूट खत्म हो गई है. अब अमेरिका जाने वाले हर पार्सल पर कस्टम ड्यूटी लगेगी, चाहे उसकी कीमत कितनी भी हो.
हां, गिफ्ट आइटम्स को कुछ राहत दी गई है. अगर किसी ने 100 डॉलर तक का गिफ्ट भेजा है, तो उस पर कस्टम ड्यूटी नहीं लगेगी.
क्यों बंद हुई डाक सेवा?
अमेरिका के नए नियम के अनुसार अब सभी इंटरनेशनल पोस्टल शिपमेंट्स पर कस्टम ड्यूटी वसूलनी होगी. इसका जिम्मा ट्रांसपोर्ट कैरियर्स या ऐसे “qualified parties” को दिया गया है जिन्हें अमेरिकी कस्टम (CBP) मंजूरी देगा. लेकिन इस सिस्टम को लागू करने की प्रक्रिया अभी पूरी तरह से साफ नहीं है.
15 अगस्त 2025 को CBP ने कुछ गाइडलाइंस जारी कीं, लेकिन कई जरूरी बातें अभी भी तय नहीं हुई हैं. उदाहरण के लिए – ड्यूटी वसूली का तरीका क्या होगा, पैसा कौन जमा करेगा और इसे किस तरह अमेरिका सरकार तक पहुंचाया जाएगा. यही वजह है कि अमेरिका जाने वाले एयर कैरियर्स ने 25 अगस्त 2025 से पार्सल और सामान ले जाने से मना कर दिया है.
भारत का कदम क्या है?
डाक विभाग ने साफ कहा है कि 25 अगस्त 2025 से अमेरिका के लिए सभी तरह के डाक आर्टिकल्स की बुकिंग अस्थायी तौर पर रोक दी गई है. यानी अब न तो पार्सल भेजे जाएंगे और न ही मर्चेंडाइज आइटम्स.
हालांकि दो तरह की चीजें अभी भी भेजी जा सकती हैं:
चिट्ठी या डॉक्यूमेंट्स
100 डॉलर तक के गिफ्ट
इनको अमेरिका भेजने की अनुमति अभी भी बनी रहेगी.
किन्हें होगी सबसे ज्यादा दिक्कत?
यह रोक आम लोगों को भी प्रभावित करेगी, लेकिन सबसे ज्यादा असर छोटे कारोबारियों और एक्सपोर्टर्स पर पड़ेगा. भारत से अमेरिका को बड़ी मात्रा में छोटे पार्सल, ई-कॉमर्स प्रोडक्ट्स और गिफ्ट आइटम्स भेजे जाते हैं. ऐसे में जब तक यह रोक हटती नहीं, कारोबारियों को दिक्कत झेलनी पड़ेगी.
पहले से बुक किए पार्सल का क्या होगा?
डाक विभाग ने कहा है कि जिन लोगों ने पहले ही पार्सल बुक कर दिया है और अब उसे भेजा नहीं जा सकता, उन्हें पोस्टेज का रिफंड मिलेगा. यानी जो पैसे आपने डाक टिकट या कूरियर के लिए दिए थे, वह वापस किए जाएंगे.
कब तक रहेगी रोक?
यह रोक अस्थायी है. डाक विभाग का कहना है कि वह लगातार अमेरिका की पोस्टल अथॉरिटी और कस्टम्स के संपर्क में है. जैसे ही नया सिस्टम लागू होगा और कैरियर्स तैयार होंगे, सेवा दोबारा शुरू कर दी जाएगी.
FAQ: अमेरिका के लिए डाक सेवा पर अस्थायी रोक
Q1. क्या अब अमेरिका को कोई भी सामान नहीं भेजा जा सकता?
नहीं, अभी केवल पार्सल और मर्चेंडाइज पर रोक है. डॉक्यूमेंट्स और 100 डॉलर तक के गिफ्ट भेजे जा सकते हैं.
Q2. यह रोक कब से लागू हुई?
25 अगस्त 2025 से यह रोक लागू हुई है.
Q3. अगर मैंने पहले से पार्सल भेज दिया है तो क्या होगा?
अगर पार्सल भेजा नहीं जा सकता, तो आपको पोस्टेज का पूरा रिफंड मिलेगा.
Q4. यह रोक कब तक रहेगी?
फिलहाल इसकी कोई तय तारीख नहीं है. जैसे ही अमेरिका का नया सिस्टम क्लियर होगा और एयर कैरियर्स तैयार होंगे, सेवा फिर से शुरू हो जाएगी.
Q5. छोटे कारोबारियों पर इसका क्या असर होगा?
जो कारोबारी अमेरिका में सामान बेचते हैं, उनके पार्सल फिलहाल नहीं भेजे जा सकेंगे. इससे उनका बिज़नेस प्रभावित हो सकता है