देश

यमुना का पानी पीकर दिखाएं… केजरीवाल ने अमित शाह, राहुल गांधी और नायब सिंह सैनी को दिया चैलेंज, कहा- मैं धमकी से डरने वाला नहीं

दिल्ली।    दिल्ली विधानसभा चुनाव में यमुना पर सियासी घमासान जारी है। दिल्ली का दंगल यमुना के पानी पर केंद्रित है। इस बीच आम आदमी पार्टी ने एक बार फिर बीजेपी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा हैं। इतना ही नहीं AAP संयोजक व पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने अमित शाह, राहुल गांधी, नायब सिंह सैनी और वीरेंद्र सचदेवा को यमुना का पानी पीने के लिए भेजने की बात कही है।

गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर यमुना के पानी को लेकर हमला बोला हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हरियाणा से यमुना के जरिए और यूपी से गंगा के जरिए पानी आता है। यमुना के जरिए हरियाणा से आने वाला पानी पिछले कुछ दिनों से जहरीला है। इसका स्तर 7 पीपीएम तक पहुंच गया है। इससे मौत तक हो सकती है, हम यह मुद्दा उठाने के लिए बेबस थे।

नायब सैनी ने कुछ नहीं किया…

उन्होंने कहा कि जब यह स्तर बढ़ रहा था तो आतिशी ने नायब सैनी को कई बार फोन किया और कहा कि अमोनिया के लेवल बढ़ रहा है, इसे कम कराइए। इसे हम ट्रीट नहीं कर पा रहे हैं। नायब सैनी ने तीन बार कहा कि कुछ करता हूं, लेकिन कुछ नहीं हुआ और फिर सैनी ने आतिशी के फोन अटेंड करने बंद कर दिए। जब स्तर 7 तक पहुंच गया तब आतिशी को सबके सामने आकर यह बोलना पड़ा।

अमित शाह, राहुल गांधी, नायब सिंह सैनी को पानी भेजने की कही बात

अरविंद केजरीवाल ने विपक्षी नेताओं को पानी भेजने की बात कही है। उन्होंने यह भी कहा कि कल हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने नौटंकी की। पानी पीया और फिर फेंक दिया। जो एक घूंट पानी नहीं पी सकते वे चाहते हैं कि हम दिल्ली वालों को पिलाएं। हम केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी को बोतल भेज रहे हैं। क्लोरीन और अमोनिया मिला यह पानी है, वे पीकर दिखा दें। फिर हम मान लेंगे कि हमने जो बोला था वो गलत बोला था।

मैं दिल्लीवालों को जहरीला पानी नहीं पीने दूंगा- केजरीवाल

वहीं आप संयोजक ने आगे कहा कि ट्रीटमेंट प्लांट में पानी में क्लोरीन मिलाया जाता है। अमोनिया और क्लोरीन का कंबिनेशन डेडली होता है। अगर ऐसा पानी हम पिला देते तो पता नहीं क्या हो जाता। हमारा यह मुद्दा उठाने के बाद अमोनिया की मात्रा कम होनी शुरू हुई और अब यह तीन हो गई है। कुछ करने के बजाय धमकी दे रहे हैं कि जेल में डाल देंगे। डाल दो, मैं जेल से ही होके आ रहा हूं, मैं धमकी से नहीं डरने वाला, नोटिस कितना भी दिला दें, मैं जब तक जिंदा हूं दिल्ली वालों को जहरीला पानी नहीं पीने दूंगा।