प्रदेश
SIR पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिया बड़ा बयान, चुनाव आयोग को बताया केंचुआ, भाजपा पर लगाया BLO को धमकाने का आरोप…
रायपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस का विरोध ढंका-छिपा नहीं है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस विरोध का इजहार करते हुए केंद्रीय चुनाव आयोग को केंचुआ बताते हुए कहा कि केंचुए के डसने से बीएलओ की मौत हो रही है. वहीं आरोप लगाया कि बीएलओ को भाजपा के गुंडे धमका रहे हैं.
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राजीव भवन में पत्रकारों से रू-ब-रू हुए. उन्होंने कई विषयों पर चर्चा की. इसमें एसआईआर के अलावा प्रमुख रहा. उन्होंने कहा कि एसआईआर में नाम जुड़ाने का काम कर रहे बीएलओ की ऊपर तक शिकायत आ रही हैं. भाजपा के गुंडे चमका रहे हैं, धमका रहे है. ये दबाव बीएलओ को झेलना पड़ रहा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर फार्म अपलोड नहीं हो रहा है. एक-दो फार्म ही अपलोड हो रहा है. देवभोग में तीन घंटे में आठ फार्म जमा हुए हैं. केंचुआ के डसने से दर्जनों बीएलओ की मौत मतलब निर्वाचन आयोग के डसने से मौत है. एसआईआर के जरिए बड़े पैमाने पर नाम काटने की तैयारी है. बांग्लादेशियों को बाहर करने का मौका मिलेगा. लेकिन अभी तक सरकार बांग्लादेशियों के खिलाफ आंकड़ा नहीं दे पा रही है.
धान खरीदी का भी मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि धान खरीदी में बड़ी बात यह है कि एग्रीटेक पोर्टल की वजह से हजारों किसानों के धान कट गए है. सरकार लाखों किसानों का धान नहीं खरीदेगी, आदिवासी पट्टाधारी किसानों का धान नहीं खरीदेगी. सर्वर डाउन होने से किसान टोकन नहीं कटा पा रहे हैं.
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी पीएम मोदी आ रहे हैं. कई बार दौरा कर चुके हैं. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की तारीफ करते हैं, वो इसलिए ताकि अडानी और अंबानी को जमीन दी जाए. इनकी निगाह अदिवासी की जमीन के नीचे जमे कोयला खनिच बेचने में है. वहीं सरकारी जमीन दरों में बढ़ोतरी को चौथा मुद्दा बताते हुए कहा कि सरकार के तुगलकी आदेश का विरोध व्यापारियों ने किया है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का दुर्ग में घेराव हुआ है. लाखों परिवार को छीनने वाले फैसले का विरोध हो रहा है.
उन्होंने कहा कहा कि कलेक्टर गाइड लाइन हमने कम किया, अपने बढ़ा दिया. कलेक्टर गाइड लाइन मोतीपुर में 2 करोड़ रुपए प्रति एकड़ जमीन किया गया है. वहां जमीन 20 से 30 लाख रुपए एकड़ में मिल जाएगा. अगर जमीन के व्यापारी बिजनेस करना चाहे तो सबके बैंक खाली हो जाएगा. 20 लाख रुपए को जमीन का 2 करोड़ मिलेगा, तो छत्तीसगढ़ के सब बैंक खाली हो जाएंगे. सरकार एक प्रकार से लोगों मजबूर कर रही है रि आधा एकड़ जमीन का अगर एक करोड़ मिलेगा, तो बढ़िया है.
उन्होंने कहा कि एसआईआर फॉर्म मुझे भी दिया गया है. मेरी बहु बस ने वोट नहीं डाला था, फिर मुझे भी फॉर्म दिया गया है. ये गलत जांच की जा रही है. वहीं घुसपैठियों को लेकर कहा कि नरेंद्र मोदी के योग्यता पर प्रश्न वाचन चिन्ह लगा रहे हैं. सीमा की रक्षा करने की जिम्मेदारी केंद्र की होती है, राज्य की नहीं होती है. अपने सरकार में होते हुए वे अपने नेताओं का आलोचना कर रहे हैं, उनको निकम्मा साबित कर रहे हैं.
छत्तीसगढ़ को दिल्ली में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम मिले 6800 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव, उद्योग और पर्यटन को मिलेगा बूस्ट
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ को अभूतपूर्व निवेश प्रस्ताव मिले। स्टील, ऊर्जा और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख कंपनियों ने राज्य में उद्योग स्थापित करने, क्षमता विस्तार, होटल निर्माण और वेस्ट-टू-एनर्जी प्रोजेक्ट के लिए रुचि दिखाई। कार्यक्रम में शामिल कंपनियों ने कुल 6321.25 करोड़ के औद्योगिक निवेश और 505 करोड़ का पर्यटन निवेश का प्रस्ताव दिया है। इन परियोजनाओं से आगामी वर्षों में 3,000 से अधिक रोजगार अवसर सृजित होने की उम्मीद है। इस निवेश प्रस्ताव के साथ अब तक छत्तीसगढ़ को कुल 7.90 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।
दिल्ली स्थित होटल द ललित में आज आयोजित कार्यक्रम में स्टील और टूरिज़्म सेक्टर को केंद्र में रखते हुए नए निवेश अवसरों पर फोकस किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उद्योग जगत के प्रमुख निवेशकों, विशेषज्ञों और उद्योग प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की एवं स्टील और टूरिज़्म सेक्टर की कई कंपनियों को निवेश प्रस्ताव पत्र सौंपे।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भारत सरकार के केमिकल और उर्वरक मंत्रालय के सचिव अमित अग्रवाल, इस्पात मंत्रालय के सचिव संदीप पौंडरिक भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने उद्योगपतियों को निवेश के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ आज देश के सबसे भरोसेमंद, स्थिर और तेज़ी से उभरते हुए औद्योगिक गंतव्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य में ऊर्जा, खनिज, सक्षम मानव संसाधन और निवेशक-हितैषी नीति का ऐसा संयोजन मौजूद है, जो किसी भी उद्योग के लिए अत्यंत उपयुक्त वातावरण तैयार करता है।
उन्होंने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम के तहत अनुमतियाँ अब पहले की तुलना में अधिक तेज़ी और पारदर्शिता के साथ जारी हो रही हैं। छत्तीसगढ़ में उद्योग लगाना आज पहले से कहीं अधिक आसान हो गया है। राज्य में कोयला, लौह अयस्क, बॉक्साइट, टिन, लिथियम जैसे महत्वपूर्ण खनिजों की उपस्थिति बड़े औद्योगिक और विनिर्माण क्षेत्र के लिए वरदान है। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित 'एनर्जी समिट' में राज्य को साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और कई परियोजनाओं में कार्य प्रारंभ भी हो चुका है।
मुख्यमंत्री साय ने स्टील सेक्टर का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ देश का स्टील हब है, जहां भिलाई स्टील प्लांट, नगरनार स्टील प्लांट और एमएसएमई आधारित स्टील इकाइयां राज्य की औद्योगिक पहचान को मजबूती प्रदान कर रही हैं। उन्होंने कहा भिलाई स्टील प्लांट पिछले 70 वर्षों से देश की औद्योगिक प्रगति का स्तंभ रहा है और इसकी उपस्थिति ने स्टील आधारित उद्योगों का प्राकृतिक इकोसिस्टम तैयार किया है। ग्रीन स्टील और नवीकरणीय ऊर्जा पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा निर्धारित नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन लक्ष्य राज्य के लिए नए अवसर लेकर आया है और छत्तीसगढ़ इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
टूरिज़्म सेक्टर पर बात करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि बस्तर आज बहुत बदल रहा है। नक्सल हिंसा में कमी आई है, सड़कें, इंटरनेट और सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हुई है। उन्होंने कहा कि बस्तर अब निवेश और पर्यटन दोनों का नया केंद्र बन रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि 26 मार्च 2026 तक बस्तर पूरी तरह नक्सल-मुक्त हो जाए। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पर्यटन को उद्योग का दर्जा दिया गया है और राज्य सरकार होम-स्टे नीति, ट्राइबल टूरिज्म व सस्टेनेबल टूरिज्म पर फोकस कर रही है।
इस अवसर पर सीएसआईडीसी के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, पर्यटन विभाग के सचिव रोहित यादव, वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के सचिव रजत कुमार, संचालक प्रभात मलिक, सीएसआईडीसी के महाप्रबंधक विश्वेश कुमार, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य, इन्वेस्टमेंट कमिश्नर ऋतु सेन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
छत्तीसगढ़ को मिले प्रमुख निवेश प्रस्ताव
- ग्रीन एनर्जी इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने कचरे से बिजली उत्पादन करने वाले 50 मेगावॉट के वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट की स्थापना के लिए ₹3,769 करोड़ का निवेश प्रस्तावित किया है, जिससे 150 लोगों को रोजगार मिलेगा। यह प्रोजेक्ट छत्तीसगढ़ में कचरा प्रबंधन और स्वच्छ ऊर्जा की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
- आरती कोटेड स्टील द्वारा 315 करोड़ निवेश प्रस्ताव दिया गया है, एवं 550 रोजगार सृजन की संभावना है।
- एसडीआरएम मेटैलिक्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्टील प्लांट एवं पावर यूनिट के लिए ₹195.75 करोड़ का निवेश प्रस्ताव दिया है, जिससे रोजगार 492 रोजगार सृजन की संभावना है।
- आरएसएलडी बायोफ्यूल प्राइवेट लिमिटेड, चंडीगढ़ द्वारा इथेनॉल प्लांट हेतु ₹200 करोड़ का निवेश प्रस्ताव दिया है, एवं 213 रोजगार सृजन की संभावना है।
- जे.के. लक्ष्मी सीमेंट, राजस्थान द्वारा क्षमता विस्तार हेतु 1816.5 करोड़ से अधिक निवेश प्रस्ताव, 110 रोजगार सृजन
- अरमानी ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज़, रायपुर द्वारा मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक उपकरण निर्माण हेतु ₹25 करोड़ का प्रस्ताव, जिससे 200 युवाओं को रोजगार प्राप्त होगा।
पर्यटन क्षेत्र में मिले 505 करोड़ के निवेश प्रस्ताव
- मार्स विवान प्राइवेट लिमिटेड, रायपुर द्वारा 217 कमरों वाले होटल के लिए ₹220 करोड़ निवेश इससे 522 लोगों को रोजगार प्राप्त होगी।
- हार्टफुलनेस इंस्टीट्यूट, तेलंगाना द्वारा वेलनेस रिसॉर्ट एवं शिक्षा केंद्र हेतु ₹200 करोड़ निवेश।
- विद्या इन, जशपुर द्वारा 52 कमरों के होटल हेतु ₹25 करोड़ निवेश।
- पीएसए रिज़ॉर्ट, जगदलपुर द्वारा 150 कमरों के एडवेंचर होटल एवं रिसॉर्ट हेतु ₹60 करोड़ निवेश, जिससे बस्तर में पर्यटन गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। इससे 200 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
कोरबा रेलवे स्टेशन पर पेंटिंग करते समय ओएचई लाइन की चपेट में आया कर्मी, बुरी तरह से झुलसा
कोरबा। कोरबा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 स्थित यार्ड में बड़ा हादसा हो गया। यहां दुर्घटना राहत वैन पर चढ़कर पेंटिंग का काम कर रहा एक कर्मचारी अचानक ओएचई (ओवर हेड इक्विपमेंट) लाइन की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस घटना को एक बड़ी लापरवाही माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि यार्ड में खड़ी गाड़ियों की मरम्मत या पेंटिंग का काम हमेशा लाइन काटकर किया जाता है। हादसे के समय भी लाइन बंद कर काम किया जा रहा था, लेकिन इसी दौरान किसी ने अचानक लाइन चालू कर दी, जिसके चलते यह गंभीर हादसा हो गया। हालांकि यह बड़ी लापरवाही मानी जा रही है और जांच का विषय है।
मामले में आरपीएफ पुलिस अधिकारी एस के शर्मा ने बताया कि घायल युवक का नाम श्याम चौहान (25 वर्ष) है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दिल्ली में ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ के तहत मुख्यमंत्री की वन-टू-वन मुलाक़ातें शुरू, जेके लक्ष्मी सीमेंट ने छत्तीसगढ़ में विस्तार और नए निवेश अवसरों में दिखाई रुचि
रायपुर। छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उद्योग जगत के निवेशकों के साथ वन-टू-वन मुलाक़ातें आज नई दिल्ली में प्रारम्भ हो गई हैं। कार्यक्रम के प्रथम चरण में जेके लक्ष्मी सीमेंट के शीर्ष अधिकारी मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे और छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विस्तार की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।

मुलाक़ात के दौरान कंपनी के प्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ में अपने प्लांट का कार्य बढ़ाने तथा नए निवेश अवसरों की खोज में गहरी रुचि व्यक्त की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में उपलब्ध आधारभूत सुविधाएँ, वित्तीय अनुकूल वातावरण और औद्योगिक विकास की गति उन्हें छत्तीसगढ़ को प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित करती हैं।

मुख्यमंत्री ने जेके लक्ष्मी सीमेंट के अधिकारियों को आश्वस्त किया कि सरकार उद्योगों अनुकूल परिवेश प्रदान करने की भावना से कार्य कर रही है और राज्य में आने वाले हर निवेश का स्वागत है। उन्होंने कंपनी को प्रदेश में अपने विस्तार को आगे बढ़ाने तथा नई परियोजनाओं पर विचार करने के लिए आमंत्रित किया।उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य में उद्योगों के लिए सिंगल-विंडो सिस्टम, उपयुक्त भूमि उपलब्धता, लॉजिस्टिक कनेक्टिविटी, और कौशल सम्पन्न मानव संसाधन जैसी सुविधाएँ निवेशकों के लिए एक बड़ा आकर्षण हैं।
SIR पर बीजेपी की बड़ी बैठक : राष्ट्रीय महामंत्री ने भाजपा नेताओं को दिया मार्गदर्शन
रायपुर। SIR को लेकर भाजपा कार्यालय में छत्तीसगढ़ BJP की बड़ी बैठक हुई। BJP के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने बैठक ली, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा समेत सांसद, मंत्री, विधायक और पदाधिकारी शामिल हुए। SIR को लेकर तरुण चुग ने BJP नेताओं को मार्गदर्शन दिया।
बैठक को लेकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, SIR पर बीजेपी का पूरा तंत्र लगा हुआ है। हर एक विधायक, सांसद सभी को बूथ तक जाने के निर्देश दिए गए हैं। अधिक से अधिक लोगों का नाम जोड़ा जाए, घुसपैठियों के नाम हटाया जाए, इन्हीं दायित्व पर काम होगा। जिनका नाम ऊटपटांग ढंग से जुड़ा है वह हटना चाहिए।
डिप्टी सीएम के क्षेत्र में पीसीसी चीफ दीपक बैज SIR को लेकर पदयात्रा कर रहे, इस पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, अगर दीपक बैज गलत नाम को हटाने के लिए पदयात्रा कर रहे हैं तो अच्छी बात है। राहुल गांधी कुछ भी बोले दीपक बैज SIR के लिए लगे हुए हैं।
सचिन पायलट के दौरे पर सियासत : बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा- SIR को लेकर कांग्रेस भ्रम फैला रही
रायपुर। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट कल यानी 26 नवंबर को दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं. इस बार उनके दौरे का फोकस छत्तीसगढ़ में जारी एसआईआर अभियान पर रहेगा, जिसे लेकर वह विभिन्न समीक्षा बैठक लेने वाले हैं. सचिन पायलट के दौरे को लेकर सियासत शुरू हो गई है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और राजनांदगांव से भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने उनके दौरे को लेकर निशाना साधा है.
किरण देव ने कहा- भ्रम फैला रही कांग्रेस
सचिन पायलट के छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने निशाना साधा. उन्होंने कहा कि एसआईआर को लेकर कांग्रेस भ्रम फैला रही है. वे एसआईआर की प्रक्रियाओं का पालन करते हैं, लेकिन विरोध भी करते हैं. कांग्रेस क्या चाहती है, समझ नहीं आता. वोटर लिस्ट में जायज मतदाताओं का नाम होना चाहिए. कांग्रेस जनता के सामने गलत नॉरेटिव प्रस्तुत करती है.
सांसद संतोष पांडेय ने भी निशाना साधते हुए कहा कि एसआईआर हमारा नैतिक कर्तव्य है. एक श्रेष्ठ नागरिक होने के नाते सभी को सहयोग करना चाहिए. कोई भी नहीं चाहेगा कि छत्तीसगढ़ में बांग्लादेशी या किसी दूसरे राज्य का नागरिक बसें, यह जनता का भी सवाल है. बिहार में भी कांग्रेस ने आरोप लगाए, लेकिन वहां किसी का नाम जबरन काटा गया हो तो बताएं, अब तक किसी की भी शिकायत सामने नहीं आई है.
बीजेपी संगठन में सभी वर्गों के लोग होंगे शामिल : किरण सिंह देव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने प्रदेश कार्यसमिती में बदलाव को लेकर कहा कि प्रदेश कार्य समिति बहुत शीघ्र आ जाएगी, सभी वर्ग के लोग इसमें सम्मिलित होंगे. सभी को जोड़ कर अच्छी टीम बनेगी.
बच्चे को पेड़ से लटकाने का मामला
सूरजपुर में स्कूली बच्चे को शिक्षकों द्वारा होमवर्क नहीं करने पर पेड़ से लटकाने के मामले में किरण सिंह देव ने कहा कि कार्रवाई हो रही है. सीएम विष्णु देव साय की सरकार में ऐसी बातों का कोई स्थान नहीं है. बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण है, इस पर जल्द कार्रवाई होगी.
दिल्ली और JNU में नक्सलियों के फूफा जी : सांसद संतोष
दिल्ली में हिड़मा के समर्थन में लगे नारे मामले में सांसद संतोष पाण्डेय की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने कहा कि नक्सल विचारधारा का अंत हो रहा है. लेकिन दिल्ली और अन्य शहरों में बैठकर इसकी आड़ में धंधा करने वाले अब परेशान हो रहे हैं. दिल्ली में और कुछ जेएनयू में बैठे लोग नक्सलियों के फूफा जी हैं, जो अब छाती पीटकर रो रहे हैं. कई तो 2–3 दिन से खाना भी नहीं खा पाए होंगे. उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की तय डेडलाइन से पहले ही पूरा लाल गलियारा समाप्त होने की ओर है. नक्सलवाद के खात्मे की प्रक्रिया तेज है. फॉरेन फंडिंग, सप्लाई और नेटवर्क लगभग बंद हैं, इसलिए ये सब सूख जाएंगे. खत्म हो जाएंगे. कार्रवाई पहले भी जारी थी, आज भी जारी है और भविष्य में भी जारी रहेगी.
डिजिटल सुविधाओं से धान खरीदी प्रक्रिया हुई आसान, ऑनलाईन टोकन व्यवस्था से किसानों को धान बेचने में हो रही सुविधा
रायपुर। प्रदेश में धान खरीदी ने रफ्तार पकड़ ली है धान विक्रय होने के बाद त्वरित रूप से किसानों के खाते में भुगतान भी किया जा रहा है, जिससे किसान काफी खुश हैं। बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखण्ड के धान उपार्जन केंद्र सेंदरी पहुंचे ग्राम अमतरा के किसान धनीराम देवांगन को धान बेचने के बाद त्वरित रूप से 1 लाख 91 हजार रूपए की राशि खाते में आ गई। उन्होंने बताया कि टोकन कटाने से लेकर भुगतान प्राप्त करने में उन्हें किसी तरह की समस्या नहीं हुई। इस त्वरित व्यवस्था से वे काफी खुश है, उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताते हुए कहा कि सरकार की किसान हितैषी योजनाओं से किसानों का जीवन अब संवर रहा है।
5 दिन के भीतर उनके खाते में राशि का हस्तांतरण
बिल्हा विकासखंड के सेंदरी धान उपार्जन केंद्र पहुंचे ग्राम अमतरा के किसान धनीराम देवांगन ने बताया कि वे 6 एकड़ में खेती करते हैं और इस वर्ष उन्होंने 140 क्विंटल धान बेचा। धान बेचने की पूरी प्रक्रिया में उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने बताया कि धान बेचने के बाद 5 दिन के भीतर उनके खाते में राशि का हस्तांतरण कर दिया गया है। बोनस राशि का भुगतान भी कुछ समय बाद मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के द्वारा किसानों के हित में लाई गई अनेक योजनों से किसानों को काफी लाभ मिल रहा है, खेती करना अब लाभदायक बन चुका है। उन्होंने बताया कि उन्हें किसान सम्मान निधि का लाभ भी मिल रहा है। सरकार की यह मदद छोटे किसानों के लिए बड़ा सहारा है। खेती किसानी के बहुत से खर्च इस राशि से पूरे हो जाते है।
दिल्ली में शुरू हुआ ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ सम्मेलन, मुख्यमंत्री साय निवेशकों से कर रहे हैं सीधा संवाद…
रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार का महत्वपूर्ण निवेशक सम्मेलन छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट आज नई दिल्ली में प्रारम्भ हो गया है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय पहुँचे और उन्होंने उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों से मुलाक़ात का क्रम प्रारंभ कर दिया है।

इस आयोजन में स्टील क्षेत्र, पर्यटन उद्योग और अन्य प्रमुख सेक्टरों के नामी उद्योगपति तथा विभिन्न कंपनियों के शीर्ष अधिकारी शामिल हो रहे हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य देश भर के निवेशकों के समक्ष छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति, उभरते अवसरों और निवेश–अनुकूल वातावरण को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करना है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय निवेशकों से सीधे संवाद कर रहे हैं तथा उन्हें राज्य में उद्योग स्थापित करने के लिए उपलब्ध सुविधाओं, स्थिर एवं पारदर्शी नीति, तेज़ी से विकसित होते इंफ्रास्ट्रक्चर तथा सरल और समयबद्ध प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से अवगत करा रहे हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ का SIR पर बड़ा बयान, कहा-
रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुघ ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कहा कि यह वोटर शुद्धिकरण लोकतंत्र के लिए अमृत है. यह पूरी तरह से संवैधानिक प्रक्रिया है, इसमें राजनीति जैसा कुछ नहीं. घुसपैठिए, नकली वोटर, मृत वोटर लोकतंत्र को दीमक की तरह खोखला कर रहे है.
तरुण चुघ ने मीडिया से चर्चा में कहा कि हर 20 साल में SIR होता है, जिसका उद्देश्य फर्जी वोटरों को हटाना है. कांग्रेस घुसपैठियों को बचाने की कोशिश कर रही है. भारत के संविधान ने सिर्फ भारतीय नागरिकों को मत का अधिकार दिया है. जो नागरिक ही नहीं, वह देश के भावी नेतृत्व के चुनाव में कैसे हिस्सेदारी करेगा?
वहीं सचिन पायलट के दौरे और SIR पर कांग्रेस की रणनीति को लेकर तरुण चुघ ने कहा कि चुनाव आयोग ने कांग्रेस को भी BLA-1 और BLA-2 नियुक्त करने की अनुमति दी है. जब कांग्रेस के साथ उनके विपक्षी दल झारखंड, बंगाल, हिमाचल, तमिलनाडु में जीतें तो प्रक्रिया सही, हारें तो चुनाव आयोग पर सवाल.
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने झूठे प्रचार और घुसपैठियों के समर्थन पर कांग्रेस को सख्त जवाब दिया. भारत में मतदान का अधिकार सिर्फ भारतीय नागरिकों को है. किसी विदेशी को देश का नेतृत्व चुनने का अधिकार नहीं है.
शास्त्री चौक से जयस्तंभ तक 27 नवम्बर से होगा वन-वे (एकांकी मार्ग)
रायपुर। राजधानी में स्काई वॉक का निर्माण कार्य जारी है. वाहन चालकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने 27 नवंबर से शास्त्री चौक से मेकाहारा चौक तक, शास्त्री चौक से मल्टीलेवल पार्किंग तक जयस्तंभ चौक की ओर रात्रि 10 बजे से सुबह 06 बजे तक एक माह के लिए एकांकी मार्ग (वन वे) कर दिया है. मतलब उक्त अवधि में शास्त्री चौक से जयस्तंभ चौक और शास्त्री चौक से मेकाहारा रोड की ओर कोई भी वाहन रात में नहीं जा पाएंगे. प्रथम 15 दिन शास्त्री चौक से मल्टीलेवल पार्किंग तक जयस्तंभ चौक की ओर मार्ग और अगले 15 दिन शास्त्री चौक से मेकाहारा चौक तक एकांकी मार्ग (वन-वे) होगा.
सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग और रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि एकांकी मार्ग किए जाने के लिए बंद मार्ग के प्रवेश और निर्गम स्थान पर पर्याप्त संख्या में रिफ्लेक्टिव बैरिकेड्स लगाना सुनिश्चित करेंगे. वाहनों को परिवर्तित करने और यातायात संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में गार्ड्स की व्यवस्था करेंगे. इसके साथ ही बंद मार्ग के प्रारंभ और अंत में एकांकी मार्ग का सूचना बोर्ड भी प्रदर्शित करेंगे.
डॉ. राज शेखावत ने कहा – तोमर बंधु के खिलाफ जांच में दखल नहीं देगी करनी सेना, महिलाओं को अपमानित करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के लिए रायपुर में होगी महापंचायत
जांजगीर-चांपा। करनी सेना के राष्ट्रीय डॉ. राज शेखावत आज जांजगीर पहुंचे। उन्होंने क्षत्रिय स्वाभिमान और नारी अस्मिता के लिए सात दिसंबर को रायपुर में होने वाले महापंचायत में शामिल होने के लिए सर्व क्षत्रिय समाज को न्योता दिया।
इस दौरान डॉ. राज शेखावत ने कहा कि तोमर बंधु के ऊपर जो जांच चल रही है उस विषय में करनी सेना दखल नहीं देगी। मामले की जांच हो। न्यायालय से जो फैसला आएगा उसका सम्मान किया जाएगा। जिस तरह से पुलिस के कुछ जवानों ने मानवाधिकार का हनन किया है और महिलाओं को अपमानित किया है, इस मामले में आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए महापंचायत का आयोजन किया जाएगा और शासन से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा, इस महापंचायत में छत्तीसगढ़ के अलावा देशभर से क्षत्रिय समाज के लोग शामिल होंगे।
अरुण साव: संघर्ष की तपिश से निकला नेतृत्व, छत्तीसगढ़ की अपेक्षाओं का नया केंद्र।
: जन्मदिन विशेष :
छत्तीसगढ़ की राजनीति आज एक दिलचस्प मोड़ पर है। लंबे समय बाद राज्य की प्रथम पंक्ति में एक ऐसा नेतृत्व खड़ा है जो जमीन से जुड़ा भी है, संगठन में तपकर निकला भी है और प्रशासनिक जिम्मेदारी को संवेदनशीलता के साथ निभाने में सक्षम भी है। उपमुख्यमंत्री और पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव इस नई राजनीतिक ऊर्जा के प्रतिनिधि बनकर उभरे हैं। ऐसे में आज उनका जन्मदिन केवल शुभकामनाओं का क्षण नहीं, बल्कि उनके राजनीतिक सफर की उस सार्थक यात्रा का स्मरण है, जिसमें संघर्ष, सिद्धांत और समर्पण तीनों साथ चलते हैं।
अरुण साव उस पीढ़ी के नेता हैं जिन्होंने राजनीति को “करियर” नहीं, बल्कि “कर्तव्य” के रूप में देखा। जो साधारण पृष्ठभूमि से आकर असाधारण जिम्मेदारियां निभाई है।विद्यार्थी परिषद के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में उनकी शुरुआत ने उनमें अनुशासन, संगठनात्मक कौशल और राष्ट्रहित की प्राथमिकता पैदा की। बाद में वकालत के पेशे ने उनकी सोच को तार्किक, संवेदनशील और न्यायपूर्ण बनाया। यही दो धाराएँ मिलकर उनके नेतृत्व का ढांचा बनीं। आज भी लोगों में यह विश्वास इसलिए है, क्योंकि वे जानते हैं कि अरुण साव ने किसी शॉर्टकट से राजनीति नहीं पाई उन्होंने इसे साधा है।
भाजपा एक कार्यकर्ता-आधारित दल है, और ऐसे दल में नेतृत्व पाने के लिए सिर्फ क्षमता नहीं, बल्कि निष्ठा भी जरूरी होती है। इसी निष्ठा की बदौलत अरुण साव आज भाजपा संगठन की भरोसेमंद चेहरे है। उन्होंने वर्षों तक संगठन की पंक्ति में चलकर, हर स्तर पर काम करके, कार्यकर्ताओं के बीच विश्वास हासिल किया। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनकी भूमिका निर्णायक थी बूथ से लेकर मंडल और जिले तक संगठन की ऊर्जा को पुनर्गठित करना,कार्यकर्ताओं को नेतृत्व से जोड़नाचुनावी रणनीतियों में स्थिरता और स्पष्टता लाने का श्रेष्ठ कार्य उन्होंने किया। वरिष्ठ नेताओं का स्नेह और मार्गदर्शन उनके लिए हमेशा शक्ति रहा है। यह दुर्लभ है कि संगठन और सरकार—दोनों में कोई नेता समान सम्मान पाता हो, और साव इस कसौटी पर खरे उतरते हैं।
बतौर उपमुख्यमंत्री अरुण साव की कार्यशैली में दो मूल तत्व साफ दिखते हैं—जिम्मेदारी और जवाबदेही।जनता के बीच लगातार उपस्थिति, समस्याओं का प्रत्यक्ष समाधान और योजनाओं का त्वरित क्रियान्वयन—इन सिद्धांतों ने उन्हें एक प्रभावी प्रशासक के रूप में स्थापित किया है।उनकी विकास प्राथमिकताएँ स्पष्ट हैं: गांवों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, युवाओं के लिए अवसर,जन-कल्याण में पारदर्शिता तथा सड़क, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा—इन चार स्तंभों को मजबूत करना। वे विकास को केवल सरकारी दस्तावेज़ों में नहीं, बल्कि लोगों के जीवन में उतरते हुए देखना चाहते हैं।
वे एक ऐसे संवेदनशील नेतृत्व है जिसने भरोसा जीता है। छत्तीसगढ़ की राजनीति अक्सर तीखे बयानों और विवादों में उलझती रही है। ऐसे समय में अरुण साव का शांत, संयत और संवेदनशील स्वभाव उन्हें अलग खड़ा करता है। वे कठिन स्थितियों में भी भावनात्मक नहीं, तर्कपूर्ण दृष्टिकोण रखते हैं। उनकी खासियत है कि प्रशासनिक फैसलों में मानवीय पहलू को महत्व देते हैं।आमजन के साथ बैठकर उनकी बात सुनने का सरल स्वभाव उन्हें जन-नेता बनाता है। आज उनकी लोकप्रियता किसी आक्रामक प्रचार का परिणाम नहीं, बल्कि व्यवहार और उपलब्धता का परिणाम है।
आज छत्तीसगढ़ की जनता अरुण साव में एक भरोसा देखती है कि वे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ मिलकर न केवल विकास को दिशा देंगे, बल्कि शासन को गति भी देंगे। वे अवसरों से भरे नए छत्तीसगढ़ का निर्माण करेंगे। वे युवा, किसान, महिला और मजदूर—हर वर्ग की आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करेंगे। और सबसे महत्वपूर्ण, कि वे उस कार्यकर्ता-भाव को कभी नहीं छोड़ेंगे जिसने उन्हें नेतृत्व तक पहुँचाया।छत्तीसगढ़ में आज संतुलित, स्थिर और जमीन से जुड़े नेता की बात होती है अरुण साव अग्रिम पंक्ति में नजर आते हैं। आज अरुण साव जी के जन्म दिवस पर हम उनके सदैव स्वस्थ, ऊर्जावान रहते हुए छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को नई दिशा देते रहने की अपेक्षा करते है।
भाजपा जिला कार्यालय में SIR मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक
रायपुर। भाजपा जिला कार्यालय, एकात्म परिसर रायपुर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR 2026) के अंतर्गत मतदाता सूची के परिष्करण हेतु आयोजित महत्वपूर्ण जिलास्तरीय कार्यशाला में उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पुरंदर मिश्रा ने सक्रिय सहभागिता दर्ज की।
इस बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, सांसद संतोष पांडे, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, प्रदेश मंत्री अमित साहू, सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक में मतदाता सूची के शुद्धिकरण को “मजबूत और पारदर्शी लोकतंत्र की नींव” बताते हुए इसे घर-घर तक पहुँचाने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा की गई। सभी वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर SIR अभियान को सफल बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।




विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि— “मतदाता सूची का परिष्करण केवल संगठनात्मक कार्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार को सुरक्षित करने का संकल्प है। SIR अभियान को जनांदोलन बनाकर हम सभी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँ।”
बैठक का संचालन भाजपा जिला पदाधिकारियों द्वारा किया गया तथा सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
दुर्गम जंगलों में भी पहुंच रहे बीएलओ, SIR अभियान में छत्तीसगढ़ ने पार किए 95 लाख डिजिटाइजेशन के रिकॉर्ड…
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने दायित्वों को पूरी ईमानदारी से निभा रहे हैं. दुर्गम पहाड़ी इलाकों से लेकर जंगलों और नदियों तक, वे हर चुनौती के बीच मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं. राज्य में अब तक 95 लाख से अधिक गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है, जो कुल पंजीकृत मतदाताओं का करीब 45 प्रतिशत है.
इंद्रावती नदी पार कर अबूझमाड़ पहुंचे BLO
बीजापुर क्षेत्र के पल्लेवाया और गुट्टामंगी में तैनात BLO-पायकुराम कश्यप और रामसाय यादव-इंद्रावती नदी पार कर अबूझमाड़ के बेहद कठिन इलाकों में पहुंचे और वहां गणना प्रपत्रों का वितरण व संकलन किया. यह इलाका नक्सल प्रभावित होने के साथ-साथ भौगोलिक रूप से भी बेहद चुनौतीपूर्ण माना जाता है.
85 केंद्रों में पूरा हुआ 100 प्रतिशत काम
राज्य के कई जिलों-सरगुजा, रायगढ़, राजनांदगांव, दुर्ग, बस्तर, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कबीरधाम, धमतरी, सुकमा, कोंडागांव, मुंगेली और सक्ती-के 85 मतदान केंद्रों पर BLO ने गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन का काम शत-प्रतिशत पूरा कर लिया है.
उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कई BLO को जिला निर्वाचन अधिकारियों ने सम्मानित भी किया है. इनमें शामिल हैं-
आरती रात्रे (कोरबा),
मथुरा पटेल (सारंगढ़-बिलाईगढ़),
नंद कुमार यादव (जांजगीर-चांपा),
शिवकुमार सिंह (जांजगीर-चांपा),
कृष्णकुमार राठौर (जांजगीर-चांपा),
सुरेशकुमार डहरिया (जांजगीर-चांपा),
सीताराम यादव (जांजगीर-चांपा)
और रजनी नाग (पत्थलगांव).
4 दिसंबर का इंतजार न करें: CEO
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने मतदाताओं से अपील की है कि वे गणना प्रपत्र ऑनलाइन या ऑफलाइन किसी भी माध्यम से जल्द जमा करें और अंतिम तारीख 4 दिसंबर का इंतजार न करें.
मतदाताओं को मिल रही लगातार जानकारी
CEO छत्तीसगढ़ के फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पेजों पर फॉर्म भरने की प्रक्रिया, नाम खोजने के तरीके और पुनरीक्षण से जुड़ी अन्य जानकारी नियमित रूप से साझा की जा रही है, ताकि किसी मतदाता को किसी तरह की परेशानी न हो.
वित्त मंत्री OP चौधरी ने 100 से अधिक बच्चों को 5-5 हजार रुपये स्वेच्छानुदान देने की घोषणा, कहा- संघर्ष, मेहनत और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी
रायपुर। युवाओं के सुनियोजित करियर निर्माण और उज्ज्वल भविष्य के लक्ष्य को लेकर आज रायगढ़ के रामलीला मैदान में भव्य एवं प्रेरणादायी करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजन किया गया। यह आयोजन प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी की विशेष पहल पर आयोजित हुआ, जिसमें सुपर 30 के संस्थापक और प्रख्यात गणितज्ञ पद्मश्री आनंद कुमार ने हजारों विद्यार्थियों को सफलता, संघर्ष, लक्ष्य और मेहनत का प्रेरक मंत्र दिया।
युवाओं करियर निर्माण के लिए योजनाबद्ध तरीके से आगे बढें
वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि करियर निर्माण में स्पष्ट लक्ष्य, सही मार्गदर्शन और कठोर परिश्रम तीन सबसे महत्वपूर्ण तत्व हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में कठिनाइयाँ अक्सर सफलता की ऊँची छलांग का आधार बनती हैं। उन्होंने युवाओं से करियर संबंधी पुस्तकें पढ़ने, परीक्षा संबंधी जानकारी रखने और योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने घोषणा की कि जिले के सौ से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को 5-5 हजार रुपये स्वेच्छानुदान दिया जाएगा, जिसका उपस्थित युवाओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
कठिन परिस्थितियों में आत्मविश्वास के साथ शिखर तक पहुंचे
पद्मश्री आनंद कुमार ने कहा कि उन्हें रायगढ़ आकर जितनी खुशी मिली है, उतनी ही प्रेरणा वे यहां के युवाओं से लेकर जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से ईमानदार मेहनत, आत्मविश्वास और धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा जब सपने देखेंगे, तभी उनके हौसले ऊंची उड़ान भरेंगे। आनंद कुमार ने अपने संघर्ष की कहानियों से छात्रों को परिचित कराते हुए बताया कि पिता के निधन के बाद उन्होंने पापड़ बेचना शुरू किया। आर्थिक तंगी के कारण कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय नहीं जा सके, लेकिन इसी संघर्ष ने उन्हें मजबूत बनाया और सुपर 30 की शुरुआत की। उन्होंने अभिषेक राज, शशि नारायण और निधि झा जैसे छात्रों की प्रेरक कहानियाँ साझा कीं, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद सफलता के शिखर तक पहुंचे।
संघर्ष जितना कठिन होगा, सफलता उतनी ही चमकेगी
श्री कुमार ने कहा कि सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले या सीमित संसाधनों वाले विद्यार्थी कभी खुद को कमजोर न समझें। संघर्ष करने वाले विद्यार्थियों का मुकाबला कोई नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि “जो भी काम करो, बेहतरीन करो। बहाने मत बनाओ, मेहनत में कमी मत आने दो। संघर्ष जितना कठिन होगा, सफलता उतनी ही चमकेगी।” उन्होंने बताया कि सुपर 30 के 17 बैचों के 510 छात्रों की सफलता के पीछे उनकी मेहनत, संघर्ष और आत्मविश्वास ही सबसे बड़ी ताकत रही है।
रायगढ़ में आयोजित इस विशाल युवा सम्मेलन में विद्यार्थियों ने मोबाइल फ्लैशलाइट जलाकर उत्साहपूर्वक स्वागत किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में चयनित, गोल्ड मेडलिस्ट, उत्कृष्ट छात्र-छात्राओं और आईआईटी में चयनित आर. बालाजी यादव सहित कई प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, पूर्व विधायक, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, एसपी दिव्यांग पटेल, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत पठारे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
25 नवम्बर को पुसौर और सरिया में होगा भव्य आयोजन
युवा करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का दूसरा चरण 25 नवंबर की सुबह 8.30 बजे पुसौर के इंद्रप्रस्थ स्टेडियम में आयोजित होगा, जिसमें पुसौर और खरसिया क्षेत्र के 40 स्कूलों और 3 महाविद्यालयों के विद्यार्थी शामिल होंगे। इसी दिन शाम 3.30 बजे सरिया में भी विशाल करियर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थी सीधे पद्मश्री आनंद कुमार से संवाद कर सकेंगे और लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा आत्मविश्वास के विकास पर प्रत्यक्ष मार्गदर्शन प्राप्त करेंगे।
डिप्टी सीएम ने दिखाई संवेदनशीलता : टोकन नहीं कटने से परेशान किसानों ने घेरा तहसील कार्यालय, विजय शर्मा ने काफिला रुकवाकर सुनी समस्याएं
कवर्धा। धान बेचने के लिए टोकन नहीं कटने से परेशान लोहारा ब्लॉक के सैकड़ों किसानों ने आज तहसील कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का काफिला वहां से गुजर रहा था। किसानों की भीड़ और आक्रोश को देखकर डिप्टी सीएम ने मानवता और संवेदनशीलता दिखाते हुए अपना काफिला रुकवाया और जमीन पर बैठकर किसानों की समस्याएं सुनीं। वहीं किसानों की शिकायत पर उन्होंने मौके पर ही पटवारी को निलंबित करने का आदेश दिया।
किसानों ने आरोप लगाया कि धान उपार्जन केंद्रों में भारी अव्यवस्था है। खरीदी की तारीख बढ़ाने की मांग के साथ ही लोहारा ब्लॉक के दो पटवारियों पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा से शिकायत भी की। वहीं उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तुरंत एक्शन लेते हुए कुरुवा में पदस्थ हल्का नम्बर 15 के पटवारी राजेश शर्मा को मौके पर ही निलंबित करने का आदेश दिया।
डिप्टी सीएम शर्मा ने कहा – धान बेचने में किसानों को नहीं होगी कोई परेशानी
अधिकारियों ने डिप्टी सीएम के आदेश का पालन करते हुए वहीं पर निलंबन का आदेश निकाला और आदेश की कॉपी वहीं किसानों को दिखाया, जिसके बाद किसानों ने प्रदर्शन खत्म किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किसानों को भरोसा दिलाया कि धान बेचने में किसी भी किसान को किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
भारत मंडपम में दिखी छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक छटा, लोक कलाकारों की प्रस्तुति से मंत्रमुग्ध हुए दर्शक
रायपुर। राजधानी दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आज छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं का अद्भुत संगम दिखाई दिया। 44वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छत्तीसगढ़ के लोक कलाकारों ने अपनी पारंपरिक नृत्य-शैली और विविध लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पूरे वातावरण में उत्साह, ऊर्जा और आनंद भर दिया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े, कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।


कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दीप प्रज्वलन कर की। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पवेलियन का अवलोकन किया तथा विभिन्न स्टॉलों में प्रदर्शित कला-कृतियों, हस्तशिल्प और उत्पादों को देखा। उन्होंने कलाकारों और उद्यमियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि देश की राजधानी में “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” की गूंज सुनकर प्रत्येक छत्तीसगढ़ वासी गर्व से भर उठता है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा रायपुर में देश के पहले डिजिटल जनजातीय संग्रहालय के लोकार्पण का उल्लेख करते हुए इसे छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित करने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ कला, संस्कृति और परंपराओं की समृद्ध भूमि है, जहाँ तीज-त्योहार, लोक-नृत्य और पारंपरिक कलाएँ आज भी उसी उत्साह और गरिमा के साथ संरक्षित हैं। उन्होंने मिलेट्स उत्पादन, स्थानीय हस्तशिल्प और जनजातीय परंपराओं को राज्य की असीम संभावनाओं का प्रतीक बताया तथा कहा कि राज्य सरकार कलाकारों के संरक्षण, आर्थिक सहयोग और बस्तर पंडुम जैसे आयोजनों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को और सशक्त बना रही है। मुख्यमंत्री ने देशवासियों को छत्तीसगढ़ आने तथा इसकी सादगी, सांस्कृतिक संपन्नता और प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव करने के लिए आमंत्रित किया।
सांस्कृतिक संध्या में कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोक-कलाओं की एक से बढ़कर एक झलक प्रस्तुत की।गौरा-गौरी, भोजली, राउत नाचा, सुआ नृत्य, पंथी और करमा नृत्य जैसी लोक-शैली की सजीव प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मोहित कर लिया। सुआ नृत्य की गीतमय अभिव्यक्ति, राउत नाचा की जोशीली लय, पंथी की आध्यात्मिक छटा और करमा की मनभावन प्रस्तुति ने छत्तीसगढ़ की विविधता और लोक परंपराओं की गहराई को प्रभावी रूप से सामने रखा। पूरे कार्यक्रम के दौरान दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, विधायक संपत अग्रवाल, प्रबोध मिंज, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, मुख्य सचिव विकास शील, पर्यटन, संस्कृति एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव रोहित यादव, सीएसआईडीसी के महाप्रबंधक विश्वेश कुमार, संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य, खादी ग्रामोद्योग सचिव श्याम धावड़े, इन्वेस्टमेंट कमिश्नर ऋतु सैन, आवासीय आयुक्त श्रुति सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।