रायपुर। छत्तीसगढ़ में हुए 570 करोड़ रुपये के कोल लेवी घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने राज्य सरकार को पत्र लिखा है। पत्र में 10 वरिष्ठ IAS-IPS अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत कार्रवाई की सिफारिश की गई है। यह पत्र मुख्य सचिव और ईओडब्ल्यू को भेजा गया है।
ईडी की जांच में सामने आया है कि 15 जुलाई 2020 को तत्कालीन खनिज निदेशक व निलंबित IAS समीर विश्नोई ने एक आदेश जारी किया, जिसमें आनलाइन कोल परमिट को आफलाइन मोड में बदल दिया गया। इसके बाद अवैध लेवी वसूली का खेल शुरू हुआ। घोटाले का मुख्य आरोपी सूर्यकांत तिवारी को माना जा रहा है, जिनके साथ निलंबित IAS समीर विश्नोई, रानू साहू और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तत्कालीन उप सचिव सौम्या चौरसिया, अनिल टुटेजा का नाम भी सामने आया है।
EOW द्वारा दर्ज FIR के बाद जनवरी 2024 में इन सभी को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि वर्तमान में कुछ आरोपी जमानत पर हैं और प्रदेश से बाहर रह रहे हैं। ईडी की रिपोर्ट में कहा गया है कि परमिट का दुरुपयोग कर साजिश के तहत कारोबारियो से करोड़ों की अवैध वसूली की गई। हालांकि वरिष्ठ IAS-IPS के नामों का खुलासा नहीं हुआ है फिलहाल ED के पत्र ने सियासी हलचल मचा दी है।
रायपुर/दिल्ली। नवरात्रि के पावन अवसर पर भारतीय रेलवे ने बिहार को सात नई ट्रेनों की सौगात दी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तीन अमृत भारत समेत सात ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। इसमें मुजफ्फरपुर-चरलापल्ली जंक्शन, दरभंगा-मदार जंक्शन और छपरा-आनंद विहार टर्मिनल तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपने संबोधन में बिहार के रेल विकास की यात्रा पर प्रकाश डाला और इसे 'जीएसटी बचत उत्सव' से जोड़ा। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान कहा, "नवरात्रि के पावन पर्व पर पीएम मोदी ने 'जीएसटी बचत उत्सव' का उपहार दिया था और अब पीएम मोदी के नेतृत्व में रेलवे में तेजी से काम किया जा रहा है। इसी के तहत बिहार को आज सात नई ट्रेनों की सौगात दी जा रही है, जिनमें तीन अमृत भारत ट्रेनें शामिल हैं।"उन्होंने आगे कहा, "मुजफ्फरपुर-चरलापल्ली जंक्शन, दरभंगा-मदार जंक्शन और छपरा-आनंद विहार टर्मिनल के बीच तीन नई अमृत भारत ट्रेनें शुरू की जा रही हैं। इसके अलावा, चार पैसेंजर ट्रेनें भी आज से शुरू की गई हैं। पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में तेजी से विकास किया जा रहा है और मैं उम्मीद करता हूं कि आने वाले दिनों में बिहार नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।"
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने छठ पूजा के लिए स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छठ पूजा के दौरान बिहार के लिए 12,000 विशेष ट्रेनें चलाने का फैसला किया गया है। इसके अतिरिक्त, 150 ट्रेनें रिजर्व रखी जाएंगी, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर संचालित किया जाएगा।" उन्होंने आगे कहा, "पीएम मोदी के नेतृत्व में रेलवे में तेजी से कार्य किया गया। बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कदम उठाए गए हैं। एक लाख करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट आज बिहार में चल रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में 1,899 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण किया गया है। अभी बहुत सारे प्रोजेक्ट रेलवे में चल रहे हैं, जैसे वंदे भारत और नमो भारत ट्रेनें, जो बिहार की अर्थव्यवस्था को गति देंगी।"
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कल देर रात राजधानी रायपुर के देवपुरी स्थित गोदड़ीवाला धाम पहुंचे, जहाँ उन्होंने संत शिरोमणि बाबा हरदास राम साहिब जी की 34वीं बरसी महोत्सव में शामिल होकर संत परंपरा को नमन किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने श्री गोदड़ीवाला धाम में स्थापित संत गेला राम साहिब जी की प्रतिमा के समक्ष मत्था टेककर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा – “यह मेरा परम सौभाग्य है कि मुझे संत शिरोमणि बाबा हरदास राम साहिब जी की बरसी महोत्सव में शामिल होने का अवसर मिला। यहाँ देशभर से आए पूज्य संतों के दर्शन का लाभ मिल रहा है। मेरी कामना है कि छत्तीसगढ़ पर संतों का आशीर्वाद सदा बना रहे और घर-घर में खुशहाली एवं समृद्धि हो।”
मुख्यमंत्री ने बरसी महोत्सव में पधारे देशभर के संत-महात्माओं का छत्तीसगढ़ की पावन भूमि पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि श्री गोदड़ीवाला संत बाबा हरदास राम जी का संपूर्ण जीवन मानव सेवा, त्याग और समर्पण का प्रेरणास्रोत रहा है। उनके चरण पड़ने से छत्तीसगढ़ की यह धरा धन्य हुई है।
उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि धाम परिसर में समय-समय पर आयोजित नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर, स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान शिविर संत बाबा हरदास राम जी की शिक्षाओं और आदर्शों का जीवंत उदाहरण हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बरसी महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भक्ति, एकता और सामाजिक सेवा का उत्सव है।
संत समाज को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या का मायका और भगवान श्रीराम का ननिहाल है। उन्होंने कहा कि राजिम में भगवान श्रीराम और माता सीता द्वारा स्थापित कुलेश्वर महादेव आज भी विराजमान हैं। भगवान श्रीराम ने अपने 14 वर्षों के वनवास में से लगभग 10 वर्ष छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर व्यतीत किए। प्रदेशवासी भगवान श्रीराम को आज भी अपना भांजा मानते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के दर्शन कराने हेतु ‘श्री रामलला दर्शन योजना’ चला रही है। इस योजना के अंतर्गत पिछले वर्ष 22 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने अयोध्या पहुंचकर श्रीरामलला के दर्शन किए।
बरसी महोत्सव में मुख्यमंत्री के साथ विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरन्दर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, रायपुर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष नन्द कुमार साहू, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अनिल थौरानी, ललित जयसिंह, श्रीचंद सुंदरानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।
रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सलियों के युद्धविराम को लेकर जारी किए गए पत्र को भ्रामक बताया. उन्होंने कहा जो नक्सली आत्मसमर्पण करना चाहते हैं, तो स्वागत है. लेकिन कोई सीजफायर नहीं होगा. इसी को लेकर नक्सलियों के साथ युद्ध विराम पर अब गृहमंत्री विजय शर्मा ने बड़ा बयान दिया है.
गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह पूर्व निर्धारित योजना है. युद्ध विराम की कोई बात नहीं है. जितने भी नक्सलियों ने पत्र लिखा है, जिनका भाव ऐसा है कि बस्तर में वर्तमान में खून खराबा बंद होना चाहिए. अगर किसी के मन में यह भाव है. उनके पास समय कम है, आगे बढ़े. लाल कार्पेट बिछाकर आपका स्वागत करने तैयार है.
रायपुर से नक्सलियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई को लेकर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पिछले दो सालों में जब से वहां पर काम शुरू हुआ था. उन्होंने नए बेस बनाने की तैयारी की थी. स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) बहुत अच्छा काम कर रही है. रायपुर और कोरबा समेत अन्य शहरों में ऐसा नेटवर्क मिला है. जांच एजेंसी इसकी भी पूरी प्रोफाइलिंग करके नक्सलियों के शहरी नेटवर्क को ध्वस्त करने का काम कर रही हैं.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में राज्यपाल के परिसहाय में बदलाव किया गया है। 2020 बैच के आईपीएस अधिकारी उमेश गुप्ता को राज्यपाल का नया एडीसी नियुक्त किया गया है। वह आईपीएस सुनील कुमार शर्मा के स्थान पर यह पद संभालेंगे। इस संबंध में गृह विभाग की ओर से आदेश भी जारी कर दिया गया है।
रायपुर। सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने रविवार को शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खो-खो पारा में सेवा पखवाड़ा अंतर्गत जिला स्वास्थ्य समिति और रायपुर नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशाल स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त राष्ट्र की नींव है। केंद्र और राज्य सरकार आमजन को उत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सतत कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा पखवाड़ा के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम में लगभग 250 डॉक्टर्स, स्वास्थ्य कर्मी, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सफाई कर्मियों को समाज और मानव सेवा में उनके अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। श्री अग्रवाल ने कहा कि ये सभी कर्मी समाज के वास्तविक सेवक हैं, जिनके अथक परिश्रम से जनता को स्वास्थ्य और स्वच्छता जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं मिलती हैं। इस अवसर पर हितग्राहियों को मुफ्त में चश्मे भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में महापौर मीनल चौबे, समाभापति सूर्यकांत राठौर, जोन अध्यक्ष अम्बर अग्रवाल, बद्री गुप्ता, पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
रायपुर। सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने रविवार को राजधानी के ऐतिहासिक रावणभाठा दशहरा मैदान पर 2 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विजयादशमी महोत्सव का भूमिपूजन किया। श्री अग्रवाल ने इस अवसर पर लगभग 40 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित बैडमिंटन हॉल का लोकार्पण भी किया।
इस बैडमिंटन हॉल का निर्माण, श्री अग्रवाल द्वारा विधायक पद के दौरान दी गई विधायक निधि से किया गया था। उल्लेखनीय है कि इस हॉल का भूमिपूजन भी उन्होंने ही अपने हाथों से किया था।
लोकार्पण अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि, खेलों को बढ़ावा देने के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है।खेल युवाओं में ऊर्जा, अनुशासन और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। यह बैडमिंटन हॉल आने वाले समय में रायपुर और आसपास के खिलाड़ियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि रावणभाठा मैदान परिसर में बास्केटबॉल और वॉलीबॉल के लिए भी आधुनिक मैदान विकसित किए जाएंगे। जिसके लिए सांसद निधि से 10 लाख रुपए देने की घोषणा की है।
इस अवसर पर महंत श्याम सुंदर दास, महापौर मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत सिंह राठौर, MIC सदस्य मनोज वर्मा, गुरुचरण होरा, अमित साहू, बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी, स्थानीय नागरिक और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित जीएसटी 2.0 रिफॉर्म्स "धन्यवाद मोदी जी" कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जीएसटी रिफॉर्म्स से आर्थिक क्षेत्र में ऐतिहासिक बदलाव हुए हैं, जिनका सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है। जीएसटी दरों में कटौती से 140 करोड़ देशवासियों के जीवन में खुशी आई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के पद्मश्री सम्मान प्राप्त विभूतियों और राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन व्यापार प्रकोष्ठ, आर्थिक प्रकोष्ठ और व्यवसायी प्रकोष्ठ के तत्वावधान में किया गया था। रायपुर संभाग के छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की भी आयोजन उपस्थिति रही।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जीएसटी रिफॉर्म्स का निर्णय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लिया गया ऐतिहासिक और साहसिक निर्णय है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में लगातार ऐसे निर्णय हुए हैं जिनके बारे में यह कहा जाता था कि ये कभी नहीं हो सकते। चाहे वह धारा 370 हटाना हो या ट्रिपल तलाक बिल लाने का निर्णय। इसी कड़ी में जीएसटी रिफॉर्म्स लोगों को आर्थिक मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं स्वयं लोगों के बीच जाकर जीएसटी दरों में कटौती से मिले लाभ की जानकारी ले रहा हूँ। पिछले दिनों जब मैं दैनिक जरूरत का सामान खरीद रहे लोगों से मिलने एक मार्ट में गया तो वहां मुझे गृहणियों ने बताया कि इन सुधारों से हमारे किचन के बजट में कमी आई है। जब मुझे गृहणियां प्रत्येक वस्तु के कम हुए दाम बता रही थीं तो उनके चेहरे पर मुस्कान थी। इन सुधारों से किसानों को बड़ी राहत मिली है। मैं ट्रेक्टर शोरूम भी गया जहां मुझे पता चला कि ट्रैक्टर के दाम में 65 हजार से 1 लाख रुपये की कमी आयी है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रदेश के व्यापारियों का बड़ा योगदान होगा। छत्तीसगढ़ की नई औद्योगिक नीति को निवेशकों द्वारा बहुत पसन्द किया जा रहा है। अभी मैंने जापान और कोरिया की यात्रा की जहां इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम भी हुए। एशिया महाद्वीप के कई निवेशकों ने छत्तीसगढ़ में निवेश में रुचि दिखाई है। प्रदेश में औद्योगिक निवेश से बड़ी संख्या में रोजगार का सृजन होगा।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जो जीएसटी सुधार किए हैं वे ‘न भूतो न भविष्यति’ हैं। यह कदम आम आदमी को ताकतवर बना रहा है। जहां एक ओर दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की कीमत कम होने से लोगों को लाभ मिल रहा है तो वहीं देश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत हो रही है। जीएसटी रिफॉर्म्स को लेकर जनता की ओर से बहुत अच्छी प्रतिक्रिया आ रही है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान के लिए पद्मश्री प्राप्त विभूतियों और राष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इनमें जॉन मार्टिन नेल्सन, डॉ राधेश्याम बारले, उषा बारले, डॉ पुखराज बाफना, फुलबासन बाई यादव, शमशाद बेगम, डॉ भारती बंधु, अनुज शर्मा, मदन सिंह चौहान, सबा अंजुम, अजय कुमार मंडावी, हेमचन्द मांझी, पंडी राम, जागेश्वर यादव, राजेन्द्र प्रसाद, राजेश चौहान, नीता डुमरे शामिल रहे।
इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक पुरन्दर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, संपत अग्रवाल, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, सीजीएमएससीएल के अध्यक्ष दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थौरानी, अखिलेश सोनी, श्रीचंद सुंदरानी, लाभचंद बाफना, यशवंत जैन, नवीन मार्कण्डेय, रमेश ठाकुर, जयंती पटेल, हर्षिता पांडेय, अजय भसीन सहित रायपुर संभाग के छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारी उपस्थित थे।
कोरबा। जिले के ग्राम पंचायत तिलकेजा के अंतर्गत कलमीभाठा गांव में एक घर के अंदर गुपचुप तरीके से आयोजित प्रार्थना सभा ने विवाद का रूप ले लिया। घटना की सूचना ग्रामीणों ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं को दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और सभा का विरोध किया। आरोप लगाया गया कि यह प्रार्थना सभा धर्मांतरण के उद्देश्य से आयोजित की गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही उरगा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की सभा यहां पहले भी आयोजित की जाती रही है, जिसकी शिकायतें कई बार पुलिस तक पहुंची हैं। जिस मकान में सभा चल रही थी, वहां के मकान मालिक को पुलिस ने पहले ही नोटिस देकर चेताया था कि किसी भी धार्मिक सभा या कार्यक्रम के लिए प्रशासनिक अनुमति आवश्यक होगी। बावजूद इसके, एक बार फिर बिना अनुमति के कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मकान मालिक को पहले भी कई बार समझाइश दी जा चुकी है। इस बार जब मामला सामने आया तो प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है। कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि मकान मालिक के खिलाफ धारा 188 (सरकारी आदेश का उल्लंघन) के तहत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने कार्यक्रम को रोक दिया है और मामले की जांच में जुटी है।
रायपुर। रविवार दोपहर खमतराई थाना क्षेत्र स्थित बग्गा मशीनरी के बगल में बैटरी फैक्ट्री में आग लग गई है। फिलहाल किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस और दमकल कर्मी आग बुझाने में लगे हुए हैं।पुलिस भी आसपास से लोगों को दूर कर रही है। फिलहाल आग लगने की वजह पता नहीं चली है।
सिलतरा में निजी स्टील फैक्ट्री में शुक्रवार को गर्म लोहा गिरने से 6 कर्मचारियों की मौत हो गई। इनमें 2 मैंनेजर भी शामिल है। वहीं GM घायल समेत 6 अन्य घायल हो गए हैं, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है। देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। मामला धरसींवा थाना क्षेत्र का है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू किया। धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि मेंटेनेंस के दौरान हादसा हुआ। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश समेत अलग-अलग राज्य के कर्मचारी काम कर रहे थे। 5 घायलों से वे मिले, वे अब ठीक हैं। कुछ को ज्यादा चोटें आई हैं।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज राजधानी रायपुर में सकल दिगम्बर जैन समाज द्वारा आयोजित मैत्री महोत्सव में शामिल हुए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में पूज्य आर्यिकारत्न 105 अंतर्मति माताजी ससंघ के मंगल सान्निध्य में आयोजित गुरु शरणम् – मैत्री महोत्सव – क्षमादान उत्सव में विधायक राजेश मूणत, जैन समाज के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने मंच पर पूज्य आर्यिकारत्न 105 अंतर्मति माताजी ससंघ को श्रीफल भेंटकर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में जैन समाज की पारंपरिक पगड़ी और गमछा पहनाकर मुख्यमंत्री का सम्मान किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया तथा आचार्य विद्यासागर कल्याण सेवा संस्था के लोगो का विमोचन भी किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मैत्री महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मिक जागृति और शुद्धिकरण का पावन अवसर है। भारत की पुण्यभूमि केवल सभ्यता और संस्कृति की जननी ही नहीं, बल्कि आध्यात्मिकता की जीवंत प्रयोगशाला भी रही है। यहाँ धर्म केवल पूजा तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन जीने की कला है।
उन्होंने कहा कि भगवान महावीर स्वामी ने ‘जियो और जीने दो’ का संदेश दिया। हाल ही में मनाए गए क्षमादान पर्व का सार यही है कि ‘उत्तम क्षमा, सबसे क्षमा और सबको क्षमा’—यही बड़प्पन है और यही वसुधैव कुटुम्बकम का वास्तविक संदेश है। जैन धर्म ने इस भावना को सबसे सुंदर और गहन रूप में प्रस्तुत किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जैन समाज परोपकारी समाज है और इसके सेवा भाव का लाभ छत्तीसगढ़ को निरंतर मिलता रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अहिंसा, अपरिग्रह और अनेकांत के सिद्धांत समरस समाज की आधारशिला हैं। मैं पूज्य आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के पावन स्मरण और पूज्य आर्यिकारत्न 105 अंतर्मति माताजी ससंघ के मंगल सान्निध्य में उन सभी संतों को नमन करता हूँ, जिन्होंने अपने संयम, तप और साधना से समाज को दिशा दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आचार्य श्री विद्यासागर जी का जीवन-दर्शन हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सिखाया कि सच्चा धर्म त्याग, सेवा और आत्मसंयम में है। यह छत्तीसगढ़ का सौभाग्य है कि आचार्य जी ने अपने कठोर साधना के अनेक वर्ष यहाँ व्यतीत किए और चंद्रगिरी तीर्थ पर समाधि ली।
श्री साय ने कहा कि जैन धर्म के तीर्थंकरों के दिए आदर्श—अहिंसा परमो धर्मः, अनेकांतवाद, सत्य और संयम—केवल जैन समाज की धरोहर नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र की आत्मा हैं।
कार्यक्रम में सकल दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष विनोद बड़जात्या ने आचार्य विद्यासागर कल्याण सेवा संस्था द्वारा संचालित आचार्य विद्यासागर कल्याण योजना की जानकारी दी और समाज के सभी लोगों से इस योजना से जुड़ने की अपील की। सीआईआई के अध्यक्ष संजय बड़जात्या ने भी सभा को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने जैन तीर्थों के निर्माण और संरक्षण के लिए मनीष जैन, आयुर्वेद सेवा के लिए विजय गोधा तथा समाज सेवा के लिए सुनील संगोलिया को सम्मानित किया। उन्होंने चांदी पर उत्कीर्ण गुरु-स्मृति तथा आचार्य श्री विद्यासागर द्वारा रचित हाइकू, जिसे चांदी पर उत्कीर्ण किया गया है, का विमोचन भी किया।
इस अवसर पर जैन समाज के अनेक पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। इनमें नरेन्द्र जैन, यशवंत जैन, रतनलाल बड़जात्या, सुधीर बाकलीवाल सहित अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तित्व शामिल थे।
डोंगरगढ़। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल नवरात्र के अवसर पर डोंगरगढ़ के मां बमलेश्वरी धाम पहुंचे और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की. उनके साथ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल, पूर्व जिला अध्यक्ष नवाज खान और कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे.
माता के दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में भूपेश बघेल ने बिहार चुनाव में स्टार प्रचारक की जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी का विश्वास जताया. इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने का संदेश भी दिया.
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज अमर शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित भगत सिंह चौक पहुँचकर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अमर शहीद भगत सिंह भारत के स्वतंत्रता संग्राम के वह तेजस्वी नायक थे, जिन्होंने अपने अदम्य साहस, अटूट देशभक्ति और सर्वोच्च बलिदान से आने वाली पीढ़ियों के लिए अमिट प्रेरणा छोड़ी है। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और स्वतंत्रता के लिए त्याग ही सच्ची देशभक्ति का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह के विचार और आदर्श आज भी युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, सीजीएमएससी अध्यक्ष दीपक म्हस्के, अल्पसंख्यक बोर्ड के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के शंकर नगर स्थित सिंधु पैलेस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम की 126वीं कड़ी का श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ करोड़ों देशवासियों को जोड़ने, उन्हें प्रेरित करने तथा नवाचार और बेहतर कार्यों को सामने लाने का सशक्त माध्यम है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस दौरान क्रांतिकारी शहीद भगत सिंह और स्वर कोकिला लता मंगेशकर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पुण्य स्मरण किया। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों को शक्ति उपासना के पर्व नवरात्रि की शुभकामनाएँ भी दीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि शक्ति उपासना के इस पावन अवसर पर प्रधानमंत्री ने देश की दो बहादुर बेटियों, लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा की ‘नाविका सागर परिक्रमा’ का उल्लेख किया। दोनों अधिकारियों ने 47 हजार 500 किलोमीटर की समुद्री यात्रा 238 दिनों में पूरी की और दुनिया के सबसे सुदूर स्थान ‘नीमो प्वाइंट’ पर तिरंगा फहराकर देश का गौरव बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस समय देशभर में ‘जीएसटी बचत उत्सव’ मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जीएसटी दरों में हुई कटौती से लोगों को दैनिक जरूरतों की वस्तुओं से लेकर वाहनों, कृषि उपकरणों और मशीनों तक में बड़ी राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर भारत का आह्वान करते हैं और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देना इस दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब हम स्वदेशी वस्तुएँ खरीदते हैं, तो हम केवल सामान नहीं लेते, बल्कि एक परिवार की उम्मीद, एक कारीगर की मेहनत और एक उद्यमी के सपनों को सम्मान देते हैं। उन्होंने कहा कि खादी उत्पादों की लोकप्रियता पिछले कुछ वर्षों में लगातार बढ़ी है और हम सभी को खादी के वस्त्रों और उत्पादों का उपयोग करना चाहिए।
इस अवसर पर रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, सीजीएमएससी के अध्यक्ष दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
रायपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित रूम नंबर 8 की छत अचानक भरभरा कर गिर गई। यह कक्ष आंग्ल अभिलेख कोष्ठ कक्ष के रूप में उपयोग होता था, जिसमें पुराने कर्मचारियों का महत्वपूर्ण रिकॉर्ड रखा गया था। हालांकि, हाल ही में इस कक्ष के स्टाफ को दूसरी जगह शिफ्ट किया गया था।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, छत गिरने की घटना तड़के हुई जब स्टाफ की महिलाएं दोपहर के लंच के लिए यही आती थीं। भवन अंग्रेजों के जमाने का बना हुआ है और इसके कई अन्य कमरे जैसे रूम नंबर 3, 4, 5, 6, 7, 9, 10, 11 भी इसी तरह कमजोर स्थिति में हैं जहां कभी भी इसी प्रकार का हादसा हो सकता है।
घटना के बाद मौके पर अधिकारी और स्टाफ पहुंचे और मलबे को हटाने के साथ-साथ गिरा हुआ रिकॉर्ड भी सुरक्षित किया जा रहा है। प्रशासन ने इस घटना को लेकर चिंता जताई है और भवन की स्थिति का जल्द निरीक्षण कराने का आदेश दिया है ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
कोरबा 28 सितंबर 2025। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक जिला कोरबा से एक नक्सली को गिरफ्तार किया गया है। स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने छापेमारी कर रामा इच्छा नामक नक्सली को अरेस्ट किया है। बताया जा रहा है कि एसईसीएल की कोयला खदान में मजदूर था और खदान में मजदूर संगठनों के जरिए नक्सलियों को फंडिंग में मदद करता था। कोरबा के कोयला खदान क्षेत्र से संदिग्ध नक्सली के पकड़े जाने की खबर के बाद स्थानीय पुलिस के साथ ही आम लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।
गौरतलब है कि पिछले दिनों ही राजधानी रायपुर से पुलिस ने नक्सली दंपति को गिरफ्तार किया था। राजधानी से नक्सली दंपति के गिरफ्तार होने के बाद इनके शहरी नेटवर्क को लेकर जांच एजेंसियों ने जांच शुरू की तो कई चैकान वाले खुलासे हुए। बताया जा रहा है कि राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के अन्य जिलों में नक्सली आम लोगों के बीच रहकर नक्सली फंडिंग में मदद कर रहे है। इसी कड़ी में स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने कोरबा में छापामार कार्रवाई कर रामा इच्छा नामक नक्सली को गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि रामा रायपुर से पकड़े गए नक्सली दंपति जग्गू कुरसम और कमला कुरसम के संपर्क में था। जिन्हें 23 सितंबर को चंगोराभाठा, रायपुर से पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जग्गू और कमला भैरमगढ़ डिवीजनल कमेटी व एरिया कमेटी के सक्रिय सदस्य थे, जो रायपुर में छिपकर फर्जी दस्तावेजों से रह रहे थे। स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी की जांच में शहरी नक्सली नेटवर्क का खुलासा हुआ है। सूत्रों की माने तो जांच एजेंसी रामा से जुड़े कोरबा के अन्य संदिग्धों की जानकारी जुटाकर उनकी भी तलाश कर रही है।
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तमिलनाडु के करूर में राजनीतिक रैली के दौरान हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि इस हृदयविदारक घटना में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएँ प्रकट करता हूँ। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करे और परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरे देश की संवेदनाएँ प्रभावित परिवारों के साथ हैं।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। वहीं लगातार हो रही बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। साथ ही मौसम विभाग ने बताया है कि, आज कुछ जिलों में बारिश से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने आज यानी रविवार को होने वाली बारिश के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर, बलौदाबाजार, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी, रायगढ़, सारंगढ़, बिलाईगढ़, बस्तर, कोंडागांव और कांकेर में हल्की से भारी बारिश होगी। मौसम विभाग ने इन सभी जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने गरज-चमक की भी आशंका जताई है। वहीं मौसम विभाग की तरफ से बताया गया कि, आज कोरबा, रायगढ़ और बलरामपुर जिले के लोगों को बारिश से राहत मिलेगी।
इसके साथ ही छत्तीसगढ़ मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में बिजली गिरने के साथ गरज-चमक के साथ तेज अंधड़ चलने की भी संभवना जताई है। मौसम विभाग ने गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और भारी बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने जनता से बेवजह घर से निकलने से बचने की सलाह दी है। इसके साथ ही मौसम विभाग ने बारिश के दौरान खुले में ना रहने की सलाह भी लोगों को दी है।