प्रदेश
राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए ऑनलाईन आवेदन 30 अप्रैल 2024 तक
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत वर्तमान में प्रचलित सभी 77 लाख राशनकार्डों के नवीनीकरण का कार्य दिनांक 30 अप्रैल 2024 तक बढ़ाया गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आम नागरिकों की सुविधा का ध्यान रखते हुए राशन कार्ड नवीनीकरण की तारीख बढ़ाने के निर्देश दिए थे, ताकि सभी पात्र हितग्राही अपना आवेदन कर सकें। इसी कड़ी में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री दयाल दास बघेल ने ऑनलाईन नवीनीकरण के आवेदन के लिए तारीख आगामी 30 अपै्रल 2024 तक बढ़ाने के संबंध में दिशा निर्देश दिए हैं।
खाद्य विभाग के संचालक जितेन्द्र शुक्ला ने सभी जिलों के कलेक्टरों को इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए हैं। राशनकार्ड नवीनीकरण के लिए खाद्य विभाग के द्वारा खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोेक्ता संरक्षण विभाग का नया मोबाईल एप्प तैयार किया गया है, इसे प्ले स्टोर में जाकर डाउनलोड किया जा सकता है। हितग्राही खाद्य विभाग की वेबसाइट http://khadya.cg.nic.in से इस एप को डाउनलोड कर सकते हैं। राशनकार्डधारी अपने मोबाईल में इस एप्प के जरिए नवीनीकरण के लिए इलेक्ट्रानिक आवेदन ऑनलाईन प्रस्तुत कर सकते हैं। ऐसे हितग्राही जिनके पास एन्ड्राईड मोबाईल नहीं है अथवा जहां पर मोबाईल कनेक्टिविटी नहीं है वहां उचित मूल्य दुकान स्तर पर ऑनलाईन प्रक्रिया के जरिए राशनकार्डों के नवीनीकरण हेतु इलेक्ट्रानिक आवेदन प्रस्तुत करने की सुविधा भी दी जा रही है।
लोकसभा चुनाव की तारीखों की कल होगा एलान: मंत्री ओपी चौधरी बोले – नया इतिहास बनाएंगे प्रधानमंत्री मोदी, नेताम ने कहा- हमारी पूरी है तैयारी…
रायपुर। लोकसभा चुनाव की तारीखों का कल चुनाव आयोग एलान करेगा. चुनाव आयोग की कवायद के साथ ही प्रदेश सरकार के मंत्रियों की प्रतिक्रिया सामने आने लगी है. वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा को आशीर्वाद देने देश की जनता मन बना कर बैठी है. प्रधानमंत्री मोदी नया इतिहास बनाएंगे. वहीं मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि (लोकसभा चुनाव) तारीखों का ऐलान जब भी हो, हमारी पूरी तैयारी है.
मंत्री ओपी चौधरी ने मीडिया से चर्चा में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऐतिहासिक बहुमत के साथ तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का रिकॉर्ड कायम करेंगे. देश को आगे बढ़ाने के लिए मोदी जरूरी है, यह जनता समझती है. वहीं प्रदेश में सुशासन एवं अभिसरण विभाग के निर्माण पर कहा कि छत्तीसगढ़ की पहले सरकार है, जिसने यह विभाग बनाया है.
उन्होंने कहा कि जितनी भी विभागीय परेशानियां रहती हैं, उसे को-ऑर्डिनेट करने में और हर जगह टेक्नोलॉजी लाकर रिफॉर्म लाने और ग्रोथ को प्राथमिकता देना. यह विभाग एक मील का पत्थर साबित होगा. और आने वाले समय में अन्य राज्य भी इसका अनुसरण करेंगे.
मंत्री रामविचार नेताम ने भी दिखाया दम
वहीं मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि तारीखों का ऐलान जब भी हो हमारी तैयारी पूरी है. सतत् संगठन का संगठनात्मक कार्यक्रम चलता रहता है. बूथ मैनेजमेंट से लेकर सारी चीजों पर विशेष ध्यान दिया जाता. विपक्ष के लोग समझे और देखें.
वहीं सरकार के तीन माह पूरे होने पर नेताम ने कहा कि हमारी सरकार ने गांव किसान महिलाओं नौजवानों के लिए जरूरतमंदों के लिए काम किया है. मोदी की गारंटी के तहत जो कमिटमेंट किए गए थे, उसे 3 महीने में पूरा किया. विकास के लिए हमारी सरकार ने मजबूत फाउंडेशन बनाया है. पीएससी घोटाले और युवाओं के साथ जो छलावा हुआ, उसके दोषियों को सजा भी दी जाएगी और इस पर उच्च स्तरीय जांच भी होगी.
वहीं इलेक्टोरल बॉन्ड को लेकर मंत्री नेताम ने कहा कि कांग्रेस को आरोप लगाने की आदत है. कुछ भी आरोप लगाते हैं. 20 करोड़ से ऊपर जिनकी सदस्य संख्या हो वह पार्टी अपने आप में सक्षम है. डराने-धमकाने का काम कांग्रेस करती है. डरा-धमका कर भ्रष्टाचार के पैसे से हमारे यहां चुनाव नहीं होता. कांग्रेस के लोग देखें, जिन्होंने कांग्रेस में छत्तीसगढ़ में लूट का अड्डा बना रखा था. लूट के पैसे पर पार्टी चलाने वाले लोग क्या बात करेंगे.
'छत्तीसगढ़ - विजन 2047' पर कॉन्फ्रेंस का हुआ आयोजन, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया उद्घाटन
रायपुर। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास की परिकल्पना को सार्थक करने के लिये आज ’छत्तीसगढ़ विजन 2047’ पर कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत ने की।
पर्यावरण संरक्षण के साथ विकास हेतु अगले 25 वर्षों के रोडमेप पर चर्चा करते हुए आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओपी चौधरी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हम सभी को बदलते हुए वक्त को समझना चाहिए और आने वाली पीढ़ी के लिए खुद को भी बदलना चाहिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार सतत विकास के लिए अपने बजट में 2047 में छत्तीसगढ़ को भी विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के रूप में देखना चाहती है और इसके लिए लॉन्ग टर्म गोल के रूप में ही अमृतकाल विजन डॉक्यूमेंट @ 2047 की तैयारी की जा रही है जिसे छत्तीसगढ़ की स्थापना के दिन 1 नवंबर को लांच किया जाएगा।
मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास का होना अनिवार्य है और इस सेक्टर में काफी ग्रोथ भी हो रही है। इसके साथ ही हमें सर्विस सेक्टर में ग्रोथ लाने की आवश्यकता है और अगले पांच साल में इसे बढ़ाने के लिए काम करना है। इसकी शुरआत भी कर दी गयी है और अगले तीन साल के भीतर नवा रायपुर इनोवेशन तथा आईटी हब के रूप के जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में बहुत ही जल्द कोर सेक्टर और सर्विस सेक्टर के बीच सामंजस्य स्थापित करते हुए नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी शुरू होगी।
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि हमें ये जानकारी हैरानी होगी कि बड़े शहरों में उद्योगों से ज्यादा प्रदूषण सड़क पर चल रही वाहनों के जरिए होता है और इस पर नियंत्रण पाना बेहद जरुरी है। इसके लिए हम सभी को अपनी सोच बदलने की आवश्यकता है और ये प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वो पर्यावरण को संरक्षण करने में अपनी महती भूमिका निभाए।
छत्तीसगढ़ - विजन 2047 पर आयोजित इस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री के सचिव तथा छत्तीसगढ़ सुशासन एवं अभिसरण विभाग के सचिव राहुल भगत ने कहा कि हमें ये सोचना होगा कि हमने अभी से तैयारी शुरू नहीं की तो साल 2047 तक भविष्य कैसा होगा। उन्होंने कहा कि जैसे प्रत्येक जीवित इंसान की सेहत उसके लिए जरूरी है वैसे ही पेड़ पौधों की अच्छी सेहत हम सभी के लिए बहुत जरूरी है, उनके भीतर भी जीवन है और उनके जीवन से हमारा जीवन जुड़ा हुआ है। श्री भगत ने कहा कि आज तकनीक का दौर है और इसमें तेजी से बदलाव आ रहा है, लेकिन हमें इस बदलाव में भी पर्यावरण का ध्यान रखना होगा ताकि हम खुद और हमारी आने वाली पीढ़ियां स्वस्थ और सुरक्षित रह सकें।
आजादी के अमृतकाल में विकसित भारत कार्यक्रम को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ - विजन 2047 पर आयोजित इस कॉन्फ्रेंस में छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल की अध्यक्ष आर शंगीता, सदस्य सचिव पी. अरूण प्रसाद तथा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के आयुक्त अयाज तंबोली, प्रदेश के इंटीग्रेटेड स्टील एवं स्पंज आयरन प्लांट, कोल वॉशरी, ताप विद्युत संयंत्र, कोल माईंस, आयरन ओर माईंस, बड़े हॉस्पिटल, स्पंज आयरन एसोसिएशन के प्रतिनिधि,रोलिंग मिल ,मिनी स्टील प्लांट तथा माईनर मिनरल एसोसिएशन के सदस्यों के साथ रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग एवं भिलाई नगर पालिक निगम के आयुक्तगण भी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ में रामलला दर्शन योजना के खिलाफ दायर की गई पिटीशन, याचिकाकर्ता ने बताया संविधान के खिलाफ
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की रामलला दर्शन योजना को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका लगाई गई है. याचिका में सरकार की योजना को संविधान के धर्म निरपेक्षता सिद्धांत के खिलाफ बताया गया है. मामले में हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रखा है.
दरअसल, राज्य शासन की ओर से छत्तीसगढ़वासियों के लिए रामलला के दर्शन की योजना शुरू की है. जिसमें लोगों को अयोध्या धाम ले जाकर रामलला के दर्शन कराकर वापस लाया जाता है. बिलासपुर जिले के देवरीखुर्द निवासी याचिकाकर्ता लखन सुबोध ने इसे संविधान में दिए गए प्रावधानों के खिलाफ बताते हुए इस योजना को बंद करने की मांग को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की है. याचिकाकर्ता ने कोर्ट को बताया कि भारत धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है. रामलला दर्शन योजना संविधान में निहित बातों और शर्तों के विपरीत है. उन्होंने धर्मनिरपेक्षता पर तर्क देते हुए योजना को बंद करने के लिए राज्य शासन को आदेशित करने का आग्रह किया है. मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा और जस्टिस रविंद्र अग्रवाल की डिवीजन बेंच में हुई.
मामले की सुनवाई के दौरान राज्य शासन की ओर से कहा गया कि रामलला दर्शन योजना किसी धर्म या जाति के आधार पर नहीं की गई है. यह योजना धर्म या जाति के आधार पर फर्क भी नहीं करता है. यह प्रदेशवासियों के भ्रमण के लिए है. प्रदेश में रहने वाले उन गरीबों के लिए यह योजना लाभदायक है जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और जो धार्मिक यात्रा पर नहीं जा पाते. वे फ्री में अयोध्या पहुंच जाएंगे और रामलला के दर्शन कर वापस आ जाएंगे. मामले की सुनवाई के दौरान कहा गया कि यह राज्य सरकार का नीतिगत निर्णय है, जिस पर हाईकोर्ट हस्तक्षेप नहीं कर सकता.
बता दें कि रामलला दर्शन की योजना राज्य सरकार के कैबिनेट का फैसला है. मामले में कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है.
13 आईएएस अफसरों का तबादला, जानिए किसे मिली कहां की जिम्मेदारी
रायपुर। प्रदेश में लगातार ट्रांसफर का दौर जारी है. इस बीच सुबह-सुबह राज्य सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों का तबादला किया है. इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग ने आदेश जारी किया है. जारी आदेश के अनुसार 13 आईएएस अफसरों के प्रभार में बदलाव किया गया है साथ अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.

बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर दक्षिण में करोड़ों की लागत से बने स्कूल भवन, आयुर्वेदिक अस्पताल सामुदायिक भवन, रंगमंच का लोकार्पण किया
स्कूल भवन मिलने पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मंत्री बृजमोहन अग्रवाल का आभार जताया
निजी स्कूलों से बेहतर सुविधाएं मिलेंगी सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों को:बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा की डबल इंजन सरकार की वजह से विकास की गति तेज हो गई है। आने वाले समय में यहां विकास के कार्य और तेज़ी से होंगे। यह कहना है वरिष्ठ मंत्री बृजमोहन अग्रवाल। श्री अग्रवाल, रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में हुए करोड़ों रुपए के निर्माण कार्यों का लोकार्पण करने पहुंचे थे। इस अवसर पर स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, कांग्रेस के शासनकाल में विकास का काम ठप हो गया था। केवल राजधानी में विनाश के काम होते थे। लोग खस्ताहाल सड़कों से परेशान थे। लेकिन बीते 3 महीने के भाजपा शासन में विकास कार्यों में तेजी आई है। सालों से अटके कार्य पूरे हो गए। और उनको जनता के लिए समर्पित किया जा रहा है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि, बीते 40 सालों से रायपुर की जनता के प्यार,आशीर्वाद से विधायक और मंत्री के रूप में छत्तीसगढ़ की सेवा कर रहा हूं। अब यहां से दिल्ली जाना इतना सहज नहीं है। लेकिन यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा का टिकट देकर देश की सेवा करने का दायित्व सौंपा है। रायपुर की जनता के सहयोग से मोदी जी का यह दायित्व बखूबी निभाने की कोशिश करूंगा और के जरिए छत्तीसगढ़ में भी बेहतर तरीके से विकास के काम करने का मौका मिलेगा।
सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में बदलाव के लिए काम कर रही है। जिससे राज्य के विकास में मदद मिली है। जैसे जन-धन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत अभियान, के साथ ही जैसी अस्पताल, स्कूल, सड़कों, आधो संरचना विकास, कृषि और पर्यटन उद्योग में भी सुधार हुआ है। भाजपा की सरकार ने विकास के लिए नई योजनाएं लागू की हैं और लोगों की आवश्यकताओं के अनुसार पूरे किए हैं। इन सब कारणों से छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार के आने से विकास की गति तेज हो गई है।
श्री अग्रवाल ने आज खो खो पारा में 100 वर्ष पुराने ऐतिहासिक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के 125 लाख रुपए की लागत से नव निर्मित भवन का लोकार्पण किया। साथ ही स्कूल में स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय और विज्ञान प्रयोगशाला के लिए 30 लाख रुपए देने की घोषणा की।
इसके साथ ही पंडित सुंदरलाल वार्ड में 5 लाख 11 हजार रुपए की लागत से वार्ड कार्यालय और खदानेश्वर महादेव मंदिर के पास 10 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक कक्ष का लोकार्पण किया । यहां मंदिर से मेन रोड को जोड़ने के लिए 10 लाख रूपए राशि सड़क निर्माण और उसके दोनो तरफ सुंदरीकरण के लिए स्वीकृत किए।
राधा स्वामी नगर में 10 लाख रुपए और मठपारा में 20 लाख रुपए की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। साथ ही यहां शीतला माता मंदिर के निर्माण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की।
भाठागांव में 2 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से बने नगर माता बिन्नी बाई सोनकर शासकीय अंग्रेजी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय के नव निर्मित भवन का लोकार्पण किया। साथ ही स्कूल में फर्नीचर, लैब, कंप्यूटर आदि के लिए 1 करोड़ रुपए और शेड निर्माण के लिए 25 लाख रुपए देने की घोषणा की है। साथ ही स्कूल के पास नाले के निर्माण के लिए भी 25 लाख रुपए देने की घोषणा की।
श्री अग्रवाल ने स्कूल के व्याख्याता बिहारी लाल शर्मा को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि सरकार सरकारी स्कूल के विद्यार्थियों को निजी स्कूलों से बेहतर सुविधाएं देने के लिए वचनबद्ध है।
श्री अग्रवाल ने शहीद चन्द्रशेखर आजाद वार्ड, भैरव नगर में 5 लाख के नव निर्मित सामुदायिक भवन और 3.5 लाख के शेड का लोकार्पण किया और शहीद पंकज विक्रम वार्ड में सामुदायिक भवन में 5 लाख की लागत से बने अतिरिक्त नव निर्मित हॉल का लोकार्पण किया। इसके अलावा टिकरापारा में 5 लाख से यादव सामाजिक भवन, चंगोराभाठा में करीब 10 लाख रुपए से बने सामुदायिक भवन और रंगमंच का लोकार्पण किया।
श्री अग्रवाल ने भक्त माता कर्मा वार्ड के शिव नगर में आयुर्वेदिक अस्पताल भवन और रंगमंच को भी जनता को समर्पित किया। इस अवसर नेता प्रतिपक्ष नगर निगम मीनल चौबे, उप नेता प्रतिपक्ष मनोज वर्मा, पार्षद सरिता वर्मा, एमआईसी सदस्य जितेंद्र अग्रवाल, पार्षद सतनाम पनाग, सुभाष तिवारी, मोहन एंटी, स्थानीय नेता, नगर पालिक निगम, स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

साय सरकार के 5 मंत्रियों ने गिनाई 3 माह की उपलब्धियां, कहा – जितना काम पांच साल में नहीं हुआ उतना काम 90 दिनों में भाजपा सरकार ने किया…
रायपुर। छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के तीन माह पूरे होने पर साय सरकार के पांच मंत्रियों ने प्रेस कांफ्रेस कर सरकार की उपलब्धियां बताई. मंत्रियों ने कहा, जितना काम पांच साल में कांग्रेस सरकार में नहीं हुआ उतना काम 90 दिनों में भाजपा सरकार ने किया है. इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री रामविचार नेताम, ओपी चौधरी, केदार कश्यप और श्याम बिहारी जायसवाल मौजूद रहे.
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा, सरकार के काम का हिसाब हम देना चाहते हैं. 13 दिसंबर को सरकार ने चलना शुरू कर दिया था. साय सरकार ने 14 दिसंबर को हुई पहली ही कैबिनेट मीटिंग में 18 लाख आवास को स्वीकृत किया.पिछली सरकार में स्थानीय आवास की प्रक्रिया शुरू की थी. उस 47 हज़ार आवास को भी साय सरकार ने स्वीकृत किया.
डिप्टी सीएम शर्मा ने कहा, साल का बकाया बोनस साय सरकार ने दिया. अटल बिहारी बाजपेई के जन्म दिवस पर चुनाव पूर्व किए गए इस वादे को पूरा किया गया. पिछली सरकार ने 2018 के चुनाव में पांच सौ रुपया प्रति महिलाओं को देने का वादा किया था, लेकिन नहीं दिया. भाजपा सरकार ने माताओं बहनों से किए वादे को पूरा किया. महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को एक हज़ार रुपया प्रति महीने के हिसाब से देना शुरू कर दिया है. साय सरकार ने कृषि उन्नति योजन शुरू की है. 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान ख़रीदी का वादा किया था. समर्थन मूल्य के अतिरिक्त राशि 13 हज़ार 300 करोड़ रुपये को एकमुश्त राशि किसानों को दे दिया गया. पिछली सरकार चार किस्तों में यह राशि किसानों को दे रही थी.
कोई भी सरकार ने इतना नहीं किया जितना साय सरकार ने किया : शर्मा
विजय शर्मा ने कहा, पीएससी भर्ती की सीबीआई जांच की घोषणा हमने की थी. इस प्रकरण को सीबीआई को सौंप दिया गया है. रामलला के दर्शन की योजना भी शुरू कर दी गई है. सरकारी व्यवस्था में लोग अयोध्या जाकर दर्शन कर रहे हैं. राजिम कल्प कुंभ दोबारा शुरू किया गया है. यहां देशभर के संत आये थे. मीसाबंदियों को राशि जो बंद कर दी गई थी उसे फिर से शुरू किया है. पांच साल का एरियर्स भी दिया जाएगा. मुख्यमंत्री की तरह ये सरकार भी सरल है. पूरे देश में किसी भी सरकार ने इतना नहीं किया है जितना विष्णुदेव साय की सरकार ने किया है.
भाजपा नेताओं की हत्या पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यह हम भी देख रहे हैं कि चुनाव के पहले ही भाजपा नेताओं की हत्या हो रही है. भाजपा की सरकार बहुत सारे अभियान के ज़रिये विकास वहां पहुंचा रही है.
वादे जमीन पर उतरने लगे तो विरोधियों की बोलती बंद हो गई : नेताम
मंत्री रामविचार नेताम ने कहा, विष्णुदेव साय सरकार कल्याणकारी काम करने वाली सरकार है. जब भाजपा ने मोदी की गारंटी दी तब हमारे विरोधी टीका टिप्पणी करते थे. विरोध करते थे, लेकिन जब ये वादे जमीन पर उतरने लगे हैं तो उन सबकी बोलती बंद हो गई है. तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से भुगतान करने का हमने वादा किया था. इस वादे को भी पूरा किया. पिछले पांच साल कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन खिलाड़ियों को सुविधाएं नहीं दी गई. अपने नेताओं के लिए पिछली सरकार गुलाब की पंखुड़ियों की सड़क बनाती रही.
मंत्री नेताम ने कहा, बस्तर और सरगुजा राज्य के दो विशेष इलाक़े हैं. 15 सालों तक जब राज्य में भाजपा की सरकार थी तब मूल कामों को वहाँ तक पहुँचाने का काम किया, लेकिन पिछले पांच सालों में ये काम छिन्न भिन्न हो गया. सैकड़ों आश्रम छात्रावास बंद पड़े रहे. हमारी सरकार अब इन छात्रावासों को फिर से बनाने का काम कर रही है. पिछली सरकार में दलाली का जो रैकेट चला उसे समाप्त कर हमारी सरकार काम कर रही है.
धान ख़रीदी, महतारी वंदन योजना जैसी कई गारंटी पूरी की : कश्यप
मंत्री केदार कश्यप ने कहा, विष्णुदेव साय के नेतृत्व में चल रही सरकार ने मोदी की गारंटी पूरा कर राज्य को बड़ा उपहार दिया है. धान ख़रीदी, महतारी वंदन योजना जैसी कई गारंटी पूरी की. पिछली सरकार का पूरा कार्यकाल गेड़ी और फुगड़ी खेलने में बीत गया. 12 लाख 50 हज़ार तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपये की दर से भुगतान किया जायेगा. उनका पत्ता पत्ता भी सरकार ख़रीदेगी. चरण पादुका वितरित करने की योजना पिछली सरकार ने बंद कर दिया था हमारी सरकार ने इसे दोबारा शुरू किया है. प्रधानमंत्री मोदी दुनिया के सबसे ताकतवर नेता हैं, उनकी दी हुई गारंटी पूरी हो रही है.
पिछली सरकार पर हमारी नब्बे दिन की सरकार भारी : श्याम बिहारी
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा, पाँच साल की कांग्रेस की पिछली सरकार पर हमारी नब्बे दिन की सरकार भारी है. जितना काम पाँच साल में भी नहीं हुआ उतना काम हमारी नब्बे दिन की सरकार ने किया है. आपसी झगड़े पर हेल्थ डिपार्टमेंट वेंटिलेटर पर जा चुका था. हमारी सरकार ने व्यवस्था बहाल की है. एम्स की तर्ज़ पर हॉस्पिटल बनाने की शुरुआत सरगुजा से शुरू हो गई है. पिछली सरकार का काम हवा में घोषणा करने का था.
तेजी से बढ़ेगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था : वित्त मंत्री
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा, रिकॉर्ड स्पीड से साय सरकार मोदी की गारंटी पूरी हो रही है. धान के लिये इस वर्ष 44 हज़ार करोड़ का भुगतान किया गया है. इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को इससे तेज गति मिलेगी. महतारी वंदन योजना की राशि वितरित की गई. हमारी सरकार एक विजन के साथ काम कर रही है. 2047 तक राज्य विकसित छत्तीसगढ़ के रूप में पहचान बनाए, इसके लिए रोडमैप बनाने का काम किया जा रहा है. 1 नवम्बर को विजन डाक्यूमेंट जारी किया जाएगा. छत्तीसगढ़ इकॉनिमिक एडवाइज़री काउंसिल का गठन सरकार करने जा रही है. इससे देश दुनिया के अर्थशास्त्री परामर्श दे सकेंगे.
आने वाले दिनों में बदला नजर आएगा CGPSC का स्वरूप : चाैधरी
मंत्री चौधरी ने कहा, पांच लाख करोड़ की जीडीपी को दस लाख करोड़ तक पहुंचाने के काम में सरकार लगी हुई है. चिरमिरी में 120 करोड़ रुपये रेल प्रोजेक्ट के लिए केंद्र सरकार ने स्वीकृत किया था, लेकिन पिछली सरकार ने चिट्ठी लिखकर दे दिया कि हम नहीं कर सकेंगे. हमारी सरकार ने बजट में इसका प्रावधान किया है. छत्तीसगढ़ में सेवा क्षेत्र भी ऊँचाई पर दिखाई देगा. हेल्थ सेक्टर, डेस्टिनेशन वेडिंग जैसे सेक्टर में भी यह राज्य उभरता हुआ नज़र आएगा. दिल्ली और आसपास के लिए जिस तरह एनसीआर बनाकर विकास किया गया है उसी तरह राज्य में एससीआर बनाकर विकास किया जाएगा.
उन्होंने कहा, आईटी सेक्टर छत्तीसगढ़ में क्यों नहीं आ सकता? ये सवाल पहले भी उठता रहा है. एक साल के भीतर दस हज़ार से ज्यादा लोग आईटी सेक्टर में काम करते नज़र आयेंगे. भ्रष्टाचार पर टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल का अंकुश लगायेंगे. पिछली सरकार ने हर जगह व्यवस्था बिगाड़ने का काम किया गया. गंगा को उल्टी बहाने की कोशिश की, लेकिन गंगा कभी उल्टी नहीं बहेगी. छत्तीसगढ़ पीएससी का स्वरूप आने वाले दिनों में बदला हुआ नज़र आएगा.
वित्त मंत्री ने कांग्रेस को पांच साल बाद डिबेट करने की दी चुनौती
वित्तीय प्रबंधन ख़राब होने के कांग्रेस के आरोप पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि जितना हमने कर्ज लिया है उससे डेढ़ गुना ज्यादा जनता को वापस दिया है. कांग्रेस के नेताओं को आमंत्रित करता हूं कि पांच साल बाद डिबेट कर ले कि किसका वित्तीय प्रबंधन ज्यादा बेहतर रहा. हमारी सरकार की नीयत साफ है. हम बेहतर वित्तीय प्रबंधन करेंगे.
स्वास्थ्य विभाग के बर्खास्त 05 हजार कर्मी हुये बहाल और 25 हजार कर्मियों को मिला रूका वेतन
रायपुर। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी 21 अगस्त 2023 से 12 सितम्बर 2023 तक हड़ताल में थे। इस अवधि का अवकाश व रूका वेतन स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देश पर जारी कर दिया गया है। इसका लाभ प्रदेश के लगभग 30 हजार स्वास्थ्य कर्मियों को मिला हैं। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य फेडरेशन ने स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल को अभार व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य फेडरेशन के आंदोलन कर रहे कर्मचारियों का उस दौरान कार्यालय में अनुपस्थित रहने के कारण बर्खास्तगी व वेतन अस्वीकृत कर दिया गया था। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात की थी। स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने मुलाकात के बाद स्वास्थ्य महकमे के अधिकारियों को इन विसंगतियों को दूर करने के निर्देश दिये थे।
निर्देश के परिपालन में बर्खास्त पांच हजार कर्मचारियों को वापस सेवा में ले लिया गया है। साथ ही 25 हजार कर्मचारियों का अंदोलन के दौरान रूका वेतन भी स्वीकृत कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य फेडरेशन ने स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल का निज निवास कार्यालय में गत दिवस सौजन्य भेंट कर धन्यवाद दिया है।
आंदोलन के दौरान चिकित्सा शिक्षा विभाग के दो हजार कर्मचारियों के रूके हुये वेतन को देने का आदेश जारी नहीं किया गया हैं। फेडरेशन के पदाधिकारियों ने इन कर्मियों का भी वेतन जारी करने का निवेदन स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल से किया हैं।
केंद्रीय सचिवालय में डायरेक्टर बने IAS तंबोली, राज्य सरकार ने दी एनओसी
रापयुर. 2009 बैच के आईएएस अधिकारी अय्याज तंबोली केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं. उन्हें केंद्रीय सचिवालय में डायरेक्टर बनाया गया है. राज्य शासन ने उन्हें एनओसी दे दिया है.
साय सरकार के सत्ता में आने के बाद अय्याज तंबोली को हाउसिंग बोर्ड का कमिश्नर बनाया गया था.
इससे पहले 2008 बैच के आईएएस नीरज बंसोड़ को भी उनकी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान पहले केंद्रीय सचिवालय में डायरेक्टर बनाया गया था. इसके बाद वह केंद्रीय मंत्री अमित शाह के पीएस बनाये गये.
परिणय सूत्र में बंधने वाले नव दम्पतियों को कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने दी शुभकामनाएं
रायपुर। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत आज कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखण्ड के पसान मिनी स्टेडियम मैदान में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। योजनांतर्गत आज 247 वर-वधू के जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे और सुखमय जीवन का संकल्प लेकर एक नई जिंदगी की शुरूआत की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वाणिज्य उद्योग व श्रम मंत्री छत्तीसगढ़ शासन लखन लाल देवांगन शामिल हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष शिव कला छत्रपाल सिंह कंवर, जनपद अध्यक्ष पोड़ी उपरोड़ा संतोषी पेन्द्रों, ग्राम पंचायत पसान सरपंच विनीता देवी तंवर, अपर कलेक्टर अनुपम तिवारी, एसडीएम सरोज महिलांगे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न समाज के पदाधिकारी व नागरिकगण बड़ी संख्या में वर-वधुओं को आशीर्वाद देने उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने सभी वर-वधुओं को सुखमय जीवन का आशीर्वाद दिया।
कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह खुशी की बात है कि आज जिले में सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया है, जिसमें वर वधुओं का सामाजिक, धार्मिक रीति-रिवाज का पालन करते हुए सामूहिक विवाह संपन्न कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सौभाग्य है की बात है कि मां मातीन दाई के क्षेत्र में 247 जोड़ो का सामूहिक विवाह सम्पन्न हो रहा है और सभी जोड़ो को मातिन दाई के आशीर्वाद के साथ ही अपने माता पिता, परिवारजन सहित कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न समाज के लोगों, वरिष्ठजनों का शुभ आशीष मिल रहा है। उन्होंने परिणय सूत्र में बंधकर नव दाम्पत्य जीवन मे प्रवेश करने वाले वर-वधुओं के सुखमय जीवन की कामना करते हुए कहा कि आप सभी समाज के लिए प्रेरणा बनें एवं आदर्श जीवन यापन करें। कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार गठन के साथ ही जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी आयी है। जिससे सभी वर्ग के लोग लाभान्वित हो रहे है। आगे भी क्षेत्र की आवश्यकताओ के अनुरूप विकास कार्य किया जाएगा। उन्होंने आमजनों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कंवर ने सभी वर-वधुओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सुख समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सामूहिक विवाह का आयोजन कर एक सार्थक योजना का भी क्रियान्वयन किया जा रहा है।
इस दौरान मुख्य अतिथि मंत्री श्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों में नवदम्पतियों को अपना आशीर्वाद प्रदान करते हुए भेंट स्वरूप प्रोत्साहन राशि का चेक एवं उपहार सामाग्री प्रदान किया और सुखमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ महिला कोष अंतर्गत सिद्धि स्व सहायता समूह व मातिन दाई स्व सहायता समूह को 1-1 लाख रूपए का चेक भी प्रदान किया गया।
धूमधाम से निकली बारात
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत मिनी स्टेडियम पसान में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 247 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। इससे पूर्व सामूहिक विवाह में महिला बाल एवं विकास विभाग द्वारा बैण्ड बाजे के साथ बारात निकाली गई और आतिशबाजी भी की गई। अधिकारियों द्वारा वर का तिलक लगाकर स्वागत किया गया एवं मंत्रोपचार के साथ विवाह सम्पन्न हुआ।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से एमिटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. सेल्वामूर्ति ने की सौजन्य मुलाकात
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से कल उनके निवास कार्यालय में एमिटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. डब्ल्यू. सेल्वामूर्ति एवं कुलपति डॉ. पीयूष कांत पांडेय ने सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय को शाल एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. अरुण पटनायक भी उपस्थित थे।
डॉ. सेल्वामूर्ति ने मुख्यमंत्री को विश्वविद्यालय के द्वारा समाज हित में किए जा रहे महत्वपूर्ण शोध और शैक्षणिक योगदान के बारे में जानकारी दी । उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ मानव संसाधन विकसित करने के साथ-साथ आदिवासी विकास, जल जीवन मिशन कार्यान्वयन, हर्बल दवा विकास, कृषि उत्पादकता वृद्धि और कौशल विकास के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की क्षमता निर्माण सहित सामाजिक जरूरतों को पूरा करने के माध्यम से राज्य के विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है। मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वविद्यालय के द्वारा प्रदेश के विकास एवं समाज हित के लिए किये जा रहे कार्यों की सराहना की एवं विश्वविद्यालय परिवार को शुभकामनाएँ दी।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने एसीआई के कैथलैब में स्थापित रेडिएशन प्रोटेक्शन डिवाईस का किया उद्घाटन
रायपुर। पंडित जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध डॉ. भीमराव अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय रायपुर स्थित एडवांस कॉर्डियक इंस्टीट्यूट के कॉर्डियोलॉजी विभाग के अत्याधुनिक कैथलैब में स्थापित रेडिएशन प्रोटेक्शन डिवाईस एगनेस्ट का उद्घाटन आज गुरुवार को लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा किया गया।
एचडीएफसी बैंक के सीएसआर गतिविधि परिवर्तन के अंतर्गत प्रदत्त यह रेडिएशन प्रोटेक्शन डिवाईस कैथलैब में कार्यरत डॉक्टर, नर्सिंग व पैरामेडिकल टीम की हानिकारक विकिरणों से रक्षा करेगा। उद्घाटन के अवसर पर संचालक चिकित्सा शिक्षा डॉ. विष्णु दत्त, अधिष्ठाता चिकित्सा महाविद्यालय डॉ. तृप्ति नागरिया, अधीक्षक डॉ. एस.बी.एस. नेताम, कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. स्मित श्रीवास्तव, मनोरोग विभागाध्यक्ष डॉ. एम.के. साहू, सहायक अधीक्षक डॉ. डी.के. टंडन, प्रशासनिक अधिकारी रंजना ध्रुव, सीटीवीएस विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्णकांत साहू समेत एचडीएफसी बैंक के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
विभागाध्यक्ष कॉर्डियोलॉजी विभाग डॉ. स्मित श्रीवास्तव ने रेडिएशन प्रोटेक्शन डिवाईस के संबंध में जानकारी देेते हुए बताया कि एचडीएफसी बैंक के सीएसआर प्रभाग अरोह (एआरओएच) फाउंडेशन द्वारा प्रदत्त यह प्रोटेक्शन सिस्टम कैथलैब में रेडिएशन के फैलाव एवं बिखराव को रोकता है। यह आधुनिक कैथलैब की एक अतिआवश्यक सुरक्षा कवच में से एक है। कैथलैब में प्रतिदिन कार्डियक इंटरवेंशनल प्रक्रिया एक्स रे मशीन की सहायता से की जाती है (एक्स रे गाइडेड प्रोसीजर)। पूरी टीम लम्बे समय तक यहां रहती है। ऐसे में पूरी टीम विकिरण के संपर्क में आती है। एगनेस्ट एक व्यापक, स्कैटर रेडिएशन (फैलने वाले विकिरण) सुरक्षा प्रणाली है जो पूरी तरह से आधुनिक कैथ लैब में रेडिएशन के फैलाव एवं बिखराव को रोकने में मदद करती है। इसे सीआर्म एक्स रे मशीन की गति एवं दिशा के अनुसार इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यह रोगी की दिशा के अनुसार सरलता से इधर उधर घूम सकता है। यह 91 प्रतिशत रेडिएशन से सुरक्षा देता है।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट ने बहुत ही कम समय में एक नया आयाम स्थापित किया है। डॉ. स्मित श्रीवास्तव एवं उनकी टीम ने जिस जुनून के साथ एक लक्ष्य निर्धारित किया है उस लक्ष्य को पूरा करने में मैं उनके साथ हूं। आप सभी को यह विश्वास दिलाना चाहता हूं कि भविष्य में चिकित्सा महाविद्यालय रायपुर एवं अस्पताल के साथ-साथ एसीआई को विश्वस्तरीय संस्थान बनाने के लिए जो भी आवश्यक इंफ्रास्ट्रॅक्चर एवं मानव संसाधन की ज़रूरत होगी, उसे शासन उपलब्ध करायेगी।
उद्घाटन के अवसर पर टेलीमेडिसिन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने डॉ. विष्णु दत्त, डॉ. विवेक चौधरी, सुबीर बेनर्जी, उदयन पेंडसे, डॉ. तृप्ति नागरिया, डॉ. एस. बी.एस. नेताम, डॉ. स्मित श्रीवास्तव, डॉ. पी. जैन शाह, डॉ. जया लालवानी, डॉ. ए.नेरल, डॉ. विजय कापसे, डॉ. एम. के. साहू, डॉ. डी. पी. लकड़ा, डॉ. कृष्णकांत साहू और डॉ. तान्या छौड़ा को मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मेडिकल टीचर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अरविंद नेरल ने अपनी विभिन्न माँगो से स्वास्थ्य मंत्री को अवगत कराया।
इस अवसर पर एच डी एफ सी बैंक की परियोजना परिवर्तन से रीजनल हेड इक़बाल सिंह गुलियानी, सर्कल हेड सुबीर बनर्जी, क्लस्टर हेड उदयन पेंडसे, ब्रांच मैनेजर आतिफ़ सिद्दीक़ी, एरिया हेड गवर्नमेंट बिज़नेस डी. प्रताप वर्मा, सी एस आर हेड प्रशांत बरमन, अरोह फाउंडेशन से सीनियर प्रोजेक्ट ऑफिसर हेमंत सिंह तँवर, दीपक सक्सेना एवं कृष्णा तिलकवार उपस्थित रहे।
एक नज़र कार्डियोलाजी विभाग एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट की उपलब्धियां-
1. स्थापना वर्ष 2009 से 2023 तक - 12,964 कार्डियक प्रोसीजर
अ. वर्ष 2009 से 2013 तक - 1121 कार्डियक प्रोसीजर
ब. वर्ष 2013 से 2018 तक - 4950 कार्डियक प्रोसीजर
स. वर्ष 2018 से 2023 तक - 6893 कार्डियक प्रोसीजर
2. विश्वस्तरीय कीर्तिमान
अ. टाकायासू एओर्टा आर्टराइटिस का लेजर उपचार - विश्व में पहला
ब. आईवीएल एल्काट्रिप्सी - विश्व में दूसरा (स्पेन के बाद)
स. लेजर एक्सट्रेक्शन के साथ लीडलेस पेसमेकर का प्रत्यारोपण (विश्व का सबसे छोटा पेसमेकर ) - विश्व में दूसरा (चीन के बाद)
3. राष्ट्रीय कीर्तिमान
अ. लेजर एंजियोप्लास्टी - देश का पहला
ब. शार्ट शर्किट के उपचार ईपीएस / आरएफए - देश का पांचवां स्थान
स. 102 वर्ष के मरीज को पेसमेकर - देश का छठा केस
द. लेफ्ट एट्रिअल डिवाइस क्लोजर - देश में 131वां केस
ड. लेफ्ट बेट्रिकुलर असिस्ट डिवाइस / इम्पेला - देश के शासकीय संस्थान में पहला
4. प्रदेशीय कीर्तिमान
अ. ओसीटी गाईडेंड एंजीयोप्लास्टी - राज्य का पहला और सर्वाधिक केस
ब. आईबीएल एंजीयोप्लास्टी - राज्य का पहला और सर्वाधिक केस
स. वाल्व इन वाल्व ट्रांसकैथेटर वाल्व रिप्लेसमेंट के साथ ट्राइकस्पिड प्रोस्थेटिक वाल्वोटोमी - राज्य का पहला
द. वाल्व इन बाल्व ट्रांसकैथेटर एओर्टिक - राज्य का पहला वाल्व रिप्लेसमेंट
ड. पोस्ट एमआई वीएसआर - राज्य का पहला
च. 3डी एब्लेशन ईपीएस/आरएफए - राज्य का पहला
छ. लीडनेस पेसमेकर का प्रत्यारोपण - राज्य का दूसरा
ज. ट्रांसकैथेटर एओर्टिक वाल्व रिप्लेसमेंट - राज्य में सर्वाधिक केस
झ. बच्चों के दिल में सुराख (दिल में छेद) - राज्य में सर्वाधिक केस
का उपचार
ञ. कंडक्शन सिस्टम पेसिंग / सीएसपी - राज्य का पहला

मुख्यमंत्री श्री साय ने राजधानी रायपुर में नवनिर्मित सैनिक विश्राम गृह का किया उद्घाटन
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि भारतीय सेना के अदम्य साहस, रणनीतिक कुशलता और असीम देश प्रेम के चलते कोई शत्रु भारत की ओर आंख उठा कर नहीं देख सकता। आज भारत यदि महाशक्ति है तो इसका एक बड़ा कारण भारतीय सेना है। मुख्यमंत्री श्री साय आज शाम राजधानी रायपुर के शास्त्री चौक के निकट नवनिर्मित सैनिक विश्राम गृह भवन का उद्घाटन किया। इस भवन का निर्माण एक करोड़ 4 लाख रूपए की लागत से किया गया है। भवन में सैनिक परिवारों के लिए विश्राम कक्ष, सम्मेलन सामुदायिक हॉल एवं मनोविनोद कक्ष की सुविधाएं उपलब्ध हैं।
उद्घाटन के अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, लोकसभा सांसद सुनील सोनी, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, अपर मुख्य सचिव गृह मनोज कुमार पिंगुआ, राज्य सैनिक बोर्ड के संचालक बिग्रेडियर विवेक शर्मा विशिष्ट सेवा मेडल (सेवा निवृत्त) और सैनिकों के परिवारजन उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने देश के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले तीन वीर शहीदों हवलदार नवीन कुमार, नायक मोतीराम एवं सिपाही मनीष कुमार की पत्नी/माताओं को राज्य शासन की ओर से एक्सग्रेसिया 20-20 लाख रूपए का अनुग्रह राशि का चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने जवानों की शहादत को नमन करते हुए यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में आश्रित परिवारजनों को हरसंभव मदद शासन की ओर से की जाएगी। श्री साय ने कहा कि मुझे वीर नारियों के सम्मान का अवसर मिला, यह मैं अपना सैभाग्य मानता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की रक्षा में लगे हमारे वीर जवानों ने अपने सर्वोच्च बलिदान से देश का स्वाभिमान बढ़ाया है। आज हम देश में सुरक्षित महसूस करते है तो इसके पीछे हमारे जांबाज सैनिक ही हैं। परसों ही हमारी सेना ने पोखरण में ऑपरेशन भारत शक्ति के माध्यम से युद्ध अभ्यास किया। हमारे स्वदेश में बने ड्रोन ने एक सौ टारगेट पर सफलतापूर्वक प्रहार किया।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने राष्ट्र कवि पंडित माखन लाल चतुर्वेदी की कविता ‘पुष्प की अभिलाषा‘ से अपनी बात प्रारंभ करते हुए सैनिकों के शौर्य और पराक्रम को याद किया। उन्होंने कहा कि सैनिक आजीवन सैनिक होता है। पूर्व सैनिक होता ही नहीं। गृह मंत्री ने आंध्रप्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा जारी स्नातक प्रमाण पत्र 6 भूतपूर्व सैनिकों को प्रदान किया।

मुख्यमंत्री मोहला में आयोजित ‘विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़‘ कार्यक्रम में हुए शामिल
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि विकसित भारत के निर्माण के लिए हमें विकसित छत्तीसगढ़ बनाना होगा। राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के सामाजिक, आर्थिक विकास के लिए तेजी से कार्य करते हुए मोदी की गारंटियों को पूरा कर रही है। हम जनता से किए हर वायदे को पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय आज मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिले के दशहरा मैदान मोहला में आयोजित ‘विकसित भारत विकसित छत्तीसगढ़‘ कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी सहित नव गठित पांच जिलों को संवारने के लिए राज्य सरकार हरसंभव उपाय करेगी। जिलों के विकास के लिए संसाधनों की कमी नहीं होगी।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मोहला में सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख रूपए स्वीकृत करने की घोषणा की। उन्होंने इसके अलावा मानपुर में अंतर्राज्यीय बस स्टैण्ड, तालाब सौंदर्यीकरण, गोटाटोला में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की शाखा, मोहला-मानपुर कॉलेज को पीजी कॉलेज में अपग्रेड करने तथा छुरिया मंदिर से शीतला मंदिर तक सड़क निर्माण की भी घोषणा की। उन्होंने इस अवसर पर 46 करोड़ 83 लाख 12 हजार रूपए की लागत के 115 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया तथा 128 हितग्राहियों को विभिन्न योजना अंतर्गत 18 लाख 10 हजार रूपए की सामग्री व चेक का वितरण भी किया। मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम स्थल से ही आकांक्षी जिला के तहत भारत नेट योजनांतर्गत ऑनलाइन माध्यम से जोड़े गए 144 ग्राम पंचायतों में से ग्राम पंचायत केकतीटोला, गौलीटोला एवं कुंजामटोला के सरपंचों से वर्चुअल संवाद किया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी में जनता ने विश्वास दिखाया है। छत्तीसगढ़ शासन के तीन माह की अवधि पूर्ण हो गई है और 90 दिन में छत्तीसगढ़ सरकार ने बहुत बड़े कार्य किए हैं। आज 46 करोड़ 83 लाख 12 हजार रूपए के 115 विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया है, जिसके लिए उन्होंने जिलेवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही वादा निभाते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि नये वित्तीय वर्ष में आवास बनना प्रारंभ हो जाएंगे।
प्रधानमंत्री ने किसानों को गारंटी दी थी कि हमारी सरकार बनी तो हम 2 साल का बकाया धान बोनस देंगे। अटल जी के जन्मदिवस, सुशासन दिवस पर हम लोगों ने 13 लाख किसानों के बैंक खातों में 3716 करोड़ रुपए का बकाया धान बोनस अंतरित कर इस गारंटी को भी पूरा कर दिया। इसी तरह प्रधानमंत्री ने 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से और 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीदी की गारंटी दी थी। हमने इस गारंटी को पूरा करते हुए समर्थन मूल्य का एकमुश्त भुगतान किसानों को किया और 12 मार्च को 24 लाख 75 हजार किसानों को कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत अंतर की राशि 13 हजार 320 करोड़ रुपए एकमुश्त राशि भी अंतरित कर दी गई है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि महतारी वंदन योजना अंतर्गत महिलाओं के खाते में प्रतिमाह 1000 रूपए की राशि बैंक खाते में आएगी। योजना के तहत राज्य के 70 लाख से अधिक महिलाओं को 655 करोड़ रूपए की प्रथम किश्त उनके बैंक खाते में अंतरित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि रामलला दर्शन योजना प्रदेश में प्रारंभ कर दी गई है और अभी तक रायपुर एवं बिलासपुर से दो बार रामभक्त अयोध्या गए है। आगे भी श्रद्धालु अयोध्या जाएंगे।
वनवासियों के पैरों में कांटे न गड़े इसका ध्यान रखेगी सरकार-
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए संग्रहण दर 4000 रूपए मानक बोरा से बढ़ाकर 5500 रुपए प्रति मानक बोरा कर दी गई है। उन्होंने कहा कि चरण पादुका योजना फिर से प्रारंभ की जाएगी। इसके तहत वनवासियों को चरण पादुका दी जाएगी, ताकि उनके पैरों में कांटे न गड़े। उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों के बच्चों के लिए छात्रवृत्ति एवं बीमा की व्यवस्था की जाएगी। सरकार जरूरतमंदों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेण्डर देगी। उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री मोदी की गारंटी को पूरा करने का कार्य शत-प्रतिशत पूरा करेंगे।
नियद नेल्लानार योजना: 21 सुरक्षा केन्द्र ग्रामीण के लिए बने सुविधा केन्द्र-
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि मोहला-मानपुर-अम्बागढ़ चौकी जिला संवेदनशील जिला है। माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा के दृष्टिकोण से कैम्प खोले जा रहे हैं और तीन माह में 21 कैम्प प्रारंभ किए है, जो सुविधा केन्द्र भी है। इसके पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों में शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन शीघ्रता से किया जाएगा। इन संवेदनशील क्षेत्रों में आपका अच्छा गांव योजना के अंतर्गत पेयजल, सड़क, शिक्षा, राशन, आधार कार्ड जैसी बुनियादी सुविधाएं प्रारंभ होगी। प्रधानमंत्री ने 7 हजार करोड़ रूपए से अधिक राशि रेलवे सेक्टर में दी है। उन्होंने 5 नए जिलों को संवारने तथा वहां के समग्र विकास के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को अर्थव्यस्था के क्षेत्र में विश्व में पांचवें स्थान पर ला दिया है। आने वाले 5 वर्षों में हमारा देश विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में शामिल होगा। विकसित भारत के साथ ही विकसित छत्तीसगढ़ एवं विकसित जिला की बात भी करनी होगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ वनोपज एवं खनिज संपदा से भरपूर एवं समृद्ध राज्य है। लघु वनोपज का मूल्य संवर्धन करने की जरूरत है। यहां कोयला, लोहा, सोना, टीन, बाक्साईड जैसे खनिज संपदा प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है।
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि जल जीवन मिशन अंतर्गत जिले के 498 ग्राम पंचायत चयनित किए गए हैं, जिनमें 800 करोड़ रूपए की लागत से पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कार्य किए जा रहे हैं। जिले में 10 एकड़ में एकलव्य विद्यालय का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। डबल इंजन की सरकार के होने से अनेक विकास कार्य जिले में हो रहे हैं। क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप आवास, बिजली, पानी, अस्पताल, विद्यालय जैसे बुनियादी कार्य पूरे किए जा रहे हैं। जिले को संवारने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डोंगरगढ़ के समीप सोलर पैनल से विद्युत निर्माण किया जा रहा है। इस अवसर पर विधायक इन्द्रशाह मंडावी, जिला पंचायत अध्यक्ष गीता साहू, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, मधुसूदन यादव, पूर्व विधायक संजीव शाह, कोमल जंघेल, दिनेश गांधी, कंचन बाला भूआर्य, नम्रता सिंह, आईजी दीपक झा, कलेक्टर एस जयवर्धन, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में हितग्राही और नागरिक उपस्थित थे।

अग्निवीर के प्रति समाज में होगा सम्मान, कार्यकाल पूरा करने के बाद उनके पास अनुभव और हुनर की होगी पूंजी: उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा
रायपुर। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा तथा अन्य अतिथियों ने आज छत्तीसगढ़ के चयनित अग्निवीरों का शहीद स्मारक भवन में सम्मान किया। अग्निवीर थलसेना के लिए वर्ष 2023 के 870 और वर्ष-2022 में 434 अग्निवीरों का चयन हुआ है। शहीद स्मारक भवन में आज आयोजित इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने प्रशस्ति पत्र प्रदान किया और उनका उत्साह वर्धन किया। युवा अग्निवीर सम्मान पाकर जोश से भर गए और भारत माता की जय के जयकारे लगाए। इस अवसर पर रोजगार एप का भी लोकार्पण किया गया।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने अग्निवीरों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमे गर्व है 11 हजार 500 ने पंजीयन कराया और उन्होने कड़ी मेहनत और लगन चयन परीक्षा दी फलस्वरूप थलसेना में 876 युवाओं का चयन हुआ। इस बार 13 हजार से अधिक ने पंजीचन कराया और विश्वास है कि हम रिकार्ड सेलेक्सन लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में अग्निवीरों के लिए राज्य सरकार अग्निवीर चयन के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाएं गए है, इसका बेहतर परिणाम मिला है। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को बधाई दी।
श्री शर्मा ने कहा कि अग्निवीर के चयनित युवा देश-सेवा को लक्ष्य बनाकर आगे आए हैं। उन्होंने अग्निवीर योजना की सराहना करते हुए कहा कि चयनित अभ्यर्थियों में 25 प्रतिशत को सेना में कार्य करने का अवसर मिलेगा। साथ बाकि जब अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद श्रेष्ठ नागरिक बनकर लौटेंगे। समाज में उनका सम्मान होगा। जिनके पास कठिन परिश्रम एवं अनुशासित जीवनशैली की सीख रहेगी। उनके हाथों में हुनर भी रहेगा। साथ ही देश के प्रति उन्होंने जो अपना समय समर्पित किया है उसका अभिमान भी मन में रहेगा। जिससे वे अच्छे अधिकारी बनेगें, अच्छे जनप्रतिनिधि बनेंगे, जीवन की नई शुरूआत करेंगे। उनका जीवन अलग और अनुशासित रहेगा। ऐसे अग्निवीर जो समाज और अपने जैसे अन्य युवाओं के लिए आदर्श रहेंगे। उन्होंने चयनित युवाओं के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि लक्ष्यों को केन्द्रित करके सहज और निश्चिंतता के साथ कार्य करेंगे और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे। इस कार्यक्रम उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा और कवर्धा से बैगा समाज के प्रतिनिधि बुध सिंह, मोती बैगा एवं कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगार विभाग के सचिव डॉ. एस भारतीदासन और संचालक तकनीकी शिक्षा और रोजगार डॉ प्रियंका शुक्ला उपस्थित थे।
बेरोजगार युवा मोबाईल एप से कर सकेंगे रोजगार पंजीयन
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कार्यक्रम में रोजगार पंजीयन के लिए मोबाईल एप और ई-रोजगार पोर्टल का शुभारंभ किया। श्री शर्मा ने कहा कि इस एप के सहयोग से मोबाईल से ही जिसमे घर बैठे कहीं से भी आवेदक को रोजगार सहायता हेतु पंजीयन एवं नवीनीकरण की सुविधा प्राप्त होगी। वे अपने सारे डॉक्यूमेंट अपलोड कर सकेेंगे। साथ ही रोजगार की सूचना भी मिलेगी। अधिकारियों ने बताया कि इस एप में आवेदक को नवीनीकरण की सुविधा प्राप्त होगी और अभिलेखों के सत्यापन आधार ओटीपी के माध्यम से होगा। साथ ही इसके लिए कार्यालय में उपस्थिति देने की आवश्यकता नही होगी। एस.एम.एस. के माध्यम से पंजीयन नंबर एवं पोर्टल पर लॉग-इन हेतु आई.डी. एवं पासवर्ड प्राप्त होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लांच किये छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा बनाये गये दो एप
रायपुर। पुलिस विभाग द्वारा अपराधियों को ट्रैक करने तथा अपराध की विवेचना के लिए तेजी से टेक्नालाजी का इस्तेमाल किया जा रहा है। आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आईओ मितान मोबाइल एप लांच किया, यह विवेचना अधिकारियों के लिए काफी उपयोगी होगा। साथ ही उन्होंने दुर्ग पुलिस रेंज द्वारा तैयार किये गये त्रिनयन एप का भी शुभारंभ किया। इस त्रिनयन एप के माध्यम से 100 किमी तक के दायरे के सभी सीसीटीवी कैमरे के लोकेशन ट्रेस किये जा सकेंगे, इससे अपराधियों को पकड़ने में आसानी होगी। मुख्यमंत्री ने टेक्नालाजी को विभाग में लगातार शामिल करने के लिए पुलिस अधिकारियों की इस मौके पर प्रशंसा भी की।
इस तरह काम करता है त्रिनयन एप
गौरतलब है कि त्रिनयन एप दुर्ग पुलिस रेंज द्वारा शुरू की गई एक पहल है, जिसका उद्देश्य भौगोलिक स्थिति के अंतर्गत आने वाले सभी निजी और सार्वजनिक सीसीटीवी के स्थानों की संपर्क जानकारी और सीसीटीवी नेटवर्क से संबंधित अन्य प्रासंगिक विवरण के डेटाबेस का कुशलतापूर्वक प्रबंधन करना है। त्रिनयन का उद्देश्य महत्वपूर्ण निगरानी डेटा तक पहुंच बनाकर प्रकरणों की जांच के समय को न्यूनतम करना है। त्रिनयन एप एक सीसीटीवी की लोकेशन का डेटाबेस है। इस एप के माध्यम पुलिस का जवान सीसीटीवी कैमरा के पास जाकर उसकी लोकेशन तथा उसके मालिक की जानकारी त्रिनयन में डाल सकता है। इस तरह जितने भी सीसीटीवी कैमरा किसी एरिया में लगे हैं सबकी लोकेशन त्रिनयन में एकत्र हो सकेगी और गूगल मैप पर दिखेगी। जब भी कोई घटना होती है तो स्कैन ऑफ क्राइम के आस पास कहां कहां सीसीटीवी लगे हैं, पुलिस द्वारा उनकी तलाश की जाती है जिसमें काफी समय लगता है। इस ऐप के माध्यम से घटना स्थल के आस पास 100 मीटर से 100 किलोमीटर के आसपास में जितने भी सीसीटीवी कैमरा होंगे, उनकी लोकेशन और मालिक का नाम और नंबर त्रिनयन में दिख जायेंगे। इससे समय बचेगा और पुलिस को अपराधियों में पकड़ने में सहयोग मिलेगा। उसी तरह रात के समय सीसीटीवी तथा उसके मालिक को खोजना आसान होगा। यह ऐप पुलिस विभाग के लिए लाभदायक होगा। इसका ट्रायल दुर्ग पुलिस रेंज में कर ली गई है तथा इसमें 3000 से अधिक सीसीटीवी की लोकेशन को जोड़ा जा चुका है। साथ ही सभी जिलों के थाना की मैपिंग इसमें कर दी गई है। वर्तमान में यह एप केवल एंड्राइड मोबाइल के लिए उपलब्ध है।
आईओ मितान मोबाइल एप विवेचना अधिकारियों को करेगा सहयोग
अपराध की विवेचना हेतु अपराध स्थल विवरण, फोटो, अभियुक्त या गिरफ्तार व्यक्ति की फोटो आदि अत्यंत ही महत्वपूर्ण जानकारियों होती हैं। सीसीटीएनएस पोर्टल में पंजीबद्ध अपराधों में वर्तमान में विवेचना अधिकारियों द्वारा अपराध घटना स्थल, अभियुक्त या गिरफ्तार व्यक्ति की फोटो, गुम इंसान की फोटो एवं अज्ञात शव की फोटो प्रविष्ट की जाने की प्रक्रिया को सरल सुगम एवं सुरक्षित करने हेतु आई.ओ (I/O) मितान मोबाइल एप विकसित किया गया है। यह मोबाइल एप एंड्रॉयड प्लेटफार्म में कार्य करने में सक्षम है।
आई.ओ. मितान मोबाइल एप एक डिजिटल साथी के रूप में विवेचना अधिकारी को कार्य करने में सहयोग करता है। यह एप्प अपराध स्थल का सटीक स्थान विवरण अक्षांश और देशांतर एवं फोटो एकत्र करने, स्मार्ट कैमरा के माध्यम से आरोपी की फोटो एकत्र करने, गुम इंसान एवं अज्ञात शव की फोटो एकत्र करने, एकत्र किए गए जानकारी का तत्काल केन्द्रीय डेटाबेस में सिंक और अपडेट करने, राज्य अपराध डेटाबेस में उपलब्ध लगभग 17 लाख आपराधिक प्रकरणों के वृहद डेटाबेस के माध्यम से संदिग्ध व्यक्ति एवं आदतन आपराधियों की जानकारी अविलंब प्राप्त करने में सहयोग प्रदान करता है।
आई.ओ (I/O) मितान मोबाइल एप द्वारा वर्तमान में विवेचकों को जहाँ अपराधों की विवेचना को समय में पूर्ण करने में सहायता मिलेगी वही अपलोड किये जाने वाले महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर डाटा का विश्लेषण ज्यादा सटीक हो जायेगा। इस एप के माध्यम से अपराध जिओ टैग होंगे जिससे हॉटस्पाट का निर्धारण व अपराध की रोकथाम की योजना आसानी से बनाई जा सकेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ पुलिस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में हुए शामिल
रायपुर। खेलों से शारीरिक रूप से मजबूत होते हैं और मानसिक एकाग्रता भी बढ़ती है। ऐसे आयोजनों से जवानों का उत्साह भी बढ़ता है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज पीटीएस माना कैंप, रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ पुलिस राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2024 के समापन समारोह में शामिल हुए। मुख्यमंत्री श्री साय ने समापन समारोह में पुलिस मार्च पास्ट की सलामी ली और विजेता प्रतिभागियों और टीम को पुरस्कृत किया। उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने प्रतिभागी खिलाड़ी एवं टीम का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विधायक मोतीलाल साहू, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक सर्व एसआरपी कल्लूरी, प्रदीप गुप्ता , विवेकानंद सिन्हा, अमित कुमार , पुलिस महानिरीक्षक एस सी द्विवेदी, अजय कुमार यादव, बद्रीनारायण मीणा, अमरेश मिश्रा, आरिफ हुसैन, बी एस ध्रुव, रामगोपाल गर्ग साथ ही पुलिस विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि पुलिस का कार्य काफी चुनौतीपूर्ण होता है। इसके लिए शारीरिक स्फूर्ति और मानसिक मजबूती की बहुत जरूरत होती है इसीलिए जब पुलिस विभाग में भर्तियां होती हैं तब शारीरिक और मानसिक दक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। अक्सर यह भी देखने में आता है कि नौकरी थोड़ी-सी पुरानी होने पर हमारे कुछ जवान अपने शारीरिक फिटनेस के प्रति लापरवाह हो जाते हैं। यह न तो उनके स्वयं के लिए अच्छी बात है और न ही पुलिस विभाग के लिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि शारीरिक फिटनेस के लिए निरंतर अभ्यास करते रहना जरूरी है। इसके लिए खेलकूद बहुत अच्छा माध्यम है। खेलकूद हमें अनुशासित और एकजुट रहना सिखाता है तो योग के अभ्यास से मानसिक एकाग्रता बढ़ती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए फिटनेस और एकाग्रता जरूरी होती है। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की खुशी है कि पुलिस विभाग में खेलकूद को प्रोत्साहित किया जा रहा है। अखिल भारतीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता में भी छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। विभाग के खिलाड़ियों की प्रतिभा और कौशल के निखार के लिए शासन द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। न सिर्फ पुलिस विभाग में, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ में हमारी सरकार खेलकूद को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी सरकार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रचलित खेल विधाओं के साथ-साथ पारंपरिक खेलों को भी पुनर्जीवित करेगी। इसके लिए छत्तीसगढ़िया क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना प्रारंभ की जा रही है। राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं और प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में नए कानून लागू होने के बाद देश के नागरिक आपसे नई सोच की पुलिसिंग की उम्मीद कर रहे हैं। अंग्रेजों के कार्यकाल से चली आ रही पुलिसिंग की व्यवस्था में अब बदलाव हो रहा है। आपको इन बदलावों के अनुरूप स्वयं को तैयार करना होगा। आप आम नागरिकों के मित्र हैं। अपराधियों के मन में कानून का भय पैदा करना आपका काम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और विकास के लिए हमारी सरकार बनने के बाद बस्तर में 20 सुरक्षा कैम्प स्थापित किए गए हैं। इन सुरक्षा कैम्पों की छवि विकास-कैम्पों के रूप में भी निर्मित हो, इस दिशा में आपको पूरे मनोयोग से काम करना है।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ पुलिस राज्य क्रीड़ा प्रतियोगिता 2024 के विजेताओं को किया पुरस्कृत
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री ने विजेता प्रतिभागियों और टीम को पुरस्कृत किया। खो-खो पुरूष वर्ग विजेता बस्तर रेंज, खो-खो महिला वर्ग विजेता सीएएफ सेन्ट्रल रेंज, हैण्डबाल पुरूष वर्ग विजेता रायपुर रेंज, वॉलीबाल पुरूष वर्ग विजेता रायपुर रेंज, वॉलीबॉल महिला वर्ग विजेता रायपुर रेंज, हॉकी पुरूष वर्ग विजेता सीएएफ सेन्ट्रल रेंज, कबड्डी महिला वर्ग विजेता बस्तर रेंज, कबड्डी पुरूष वर्ग विजेता रायपुर रेंज, फुटबाल पुरूष वर्ग विजेता बस्तर रेंज, रस्साकस्सी पुरूष वर्ग विजेता रायपुर रेंज, बेस्ट एथलेटिक्स पुरूष वर्ग, मनोज कट्टम 03 गोल्ड, 800 मीटर, 1500 मीटर, 3000 मीटर बस्तर रेंज।
बेस्ट एथलेटिक्स महिला ईश्वरी साहू, जेवलिन थ्रो में 2 गोल्ड, शॉपुट में 1 ब्रांज, ओवरआल चैम्पियनशिप बस्तर रेंज 17 गोल्ड, 10 सिल्वर, 9 ब्रांज, कुल 36 मेडल, कुल 80 प्वाइंट, वर्ल्ड पुलिस और फायर गेम्स 2023 में भारत की ओर से छत्तीसगढ़ पुलिस से प्रथम बार चयनित इंस्पेक्टर अंबर सिंग भारद्वाज द्वारा कराटे ईवेन्ट में भाग लेकर 1 गोल्ड प्राप्त किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के जवानों द्वारा पाइप बैंड डिस्प्ले, पुलिस डॉग एवं हॉर्स शो, फेंसिंग और मलखम्ब का प्रदर्शन किया गया।
