प्रदेश
“बृजमोहन अग्रवाल को सरकार में वही जिम्मेदारी, जो घर में दादा को दी जाती है” पूर्व CM भूपेश बघेल ने ली चुटकी, जवाब में बृजमोहन अग्रवाल ने कहा-
रायपुर। राज्यपाल का अभिभाषण समाप्त होने के बाद विधानसभा की कार्रवाई शुरू हो गयी। अभिभाषण के बाद मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों का परिचय सदन से कराया। परिचय के दौरान खूब हंसी ठिठौली भी हुई। मंत्रियों का जब परिचय कराया जा रहा था, तो बृजमोहन अग्रवाल की बारी आयी। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चुटकी लेते हुए कहा कि बृजमोहन अग्रवाल सबसे वरिष्ठ नेता है, बृजमोहन को सरकार में वैसी ही जिम्मेदारी दी गई है, जैसे घर मे दादा को बच्चो को सम्भालने की जिम्मेदारी दी जाती है। भूपेश बघेल की बात सुनकर सदन में हंसी गूंज उठी।
भूपेश बघेल की बातों को सुनकर मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने सीट से खड़े होकर कहा – भूपेश जी आपको भी खिलाएंगे। जिसके बाद फिर से सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक हंस पड़े।
महतारी वंदन योजना के लिए फॉर्म भरना हुआ शुरू
रायपुर। राज्य शासन द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश में महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से लागू की जाएगी। आज से राज्य के सभी जिलों में ऑनलाईन फॉर्म एवं ऑफलाईन पंजीयन शुरू हो गया है। महिलाओं में योजना को लेकर जबरदस्त उत्साह दिख रहा है और फॉर्म भर रहे हैं। जिला स्तर पर फॉर्म भरने के लिए कार्यशाला का भी आयोजन किया जा रहा है, ताकि महिलाओं फॉर्म भरने में किसी भी प्रकार की समस्या न होने पाएं। आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी 2024 हैं। महतारी वंदन योजना का लाभ लेने के लिए पात्र महिलाएं ऑनलाईन पोर्टल https://www.mahtarivandan.cgstate.gov.in तथा मोबाईल एप के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं।
महतारी वंदन योजना के क्रियान्वयन के संबंध में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि महिला के विवाहित होने के संबंध में यदि उनके पास दस्तावेज उपलब्ध न हो तो वह अपना स्वघोषणा शपथ पत्र प्रस्तुत कर सकती है। यदि महिला हितग्राही के पास मोबाइल नम्बर नहीं है तो इसके स्थान पर हितग्राही के द्वारा राशन कार्ड की छायाप्रति आवेदन पत्र के साथ अनिवार्य रूप से प्रस्तुत कर सकती है। गौरतलब है कि महतारी वंदन योजना का लाभ लेने के लिए विवाहित महिला को विवाह प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र, निवास प्रमाण, ग्राम पंचायत या वार्ड पार्षद द्वारा जारी प्रमाण पत्र को शामिल किया गया है।
योजना अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य की स्थानीय निवासी एवं विवाहित महिला पात्र होंगे। आवेदन के कैलेण्डर वर्ष अर्थात् जिस वर्ष आवेदन किया जा रहा है, उस वर्ष की 1 जनवरी को विवाहित महिला की आयु 21 वर्ष से कम नहीं होनी चाहिए। विधवा, तलाकशुदा, परित्यक्ता महिला भी योजना के लिए पात्र होंगी। योजनांतर्गत पात्र महिला को प्रतिमाह 1000 रूपए का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जाएगा। सामाजिक सहायता कार्यक्रम, विभिन्न पेंशन योजनाओं से पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाओं को 1000 रूपए से कम पेंशन राशि प्राप्त होने से शेष अंतर की राशि का भुगतान किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ के बजट सत्र की शुरुआत; गवर्नर बोले- लोगों का भरोसा जीत रही सरकार
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम और राज्य गीत अरपा पैरी के धार के साथ हो गई है। राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन अंग्रेजी में अभिभाषण दे रहे हैं। सभी सदस्यों को हिंदी अनुवाद की कॉपी दी गई है। अभिभाषण के दौरान पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने शीत सत्र की तरह इस बार भी उन्हें टोका।
बघेल ने दो बार टोकते हुए कहा कि अभिभाषण अंग्रेजी में जो सबकी समझ में नहीं आ रहा है इसलिए इसे पढ़ा हुआ मान लिया जाए। भाषण की शुरुआत में उन्होंने सभी सदस्यों को बधाई दी। राज्यपाल ने कहा कि हमारी सरकार छत्तीसगढ़ में सुशासन देगी। इस दौरान उन्होंने पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेई को भी याद किया।
राज्यपाल के अभिभाषण की मुख्य बातें…
1. हमारी सरकार किसान हितैषी सरकार है
सदन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारी सरकार किसान हितैषी सरकार है। किसानों के लिए कई कल्याणकारी कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सरकार बनने के बाद धान की बकाया बोनस राशि किसानों के खाते में डाली गई। सरकार बनने के बाद से ही मोदी की गारंटी पर काम किया जा रहा है।
2. सामाजिक सद्भाव बनाने पर हो रहा काम
राज्यपाल ने कहा कि सामाजिक सद्भाव बनाने में सरकार हर मोर्चे पर काम कर रही है। हमारी सरकार अलग-अलग संस्कृतियों को संरक्षित कर रही है, पर्यटन को बढ़ावा दे रही है। शक्तिपीठों को हमारी सरकार संस्कृति के साथ पर्यटन का केंद्र बना रही है। इससे पर्यटन बढ़ेगा।
राजिम कुंभ का नाम राष्ट्रीय के साथ वैश्विक स्तर पर हो रहा है। श्रीराम का नाम दुनिया के साथ छत्तीसगढ़ में रामायण मंडलियों की ओर से फैलाया जा रहा है। रामलला योजना शुरू करके हमारी सरकार लोगों को अयोध्या श्रीराम मंदिर के दर्शन करा रही है।
3. संस्कृति, स्वास्थ्य, अधोसंरचना, रोजगार पर तेजी से काम
‘जनजाति उत्थान-प्रदेश का मान’ ध्येय वाक्य अनुसूचित जनजाति के जीवन से जुड़े सभी पहलुओं पर मेरी सरकार की संवेदनशीलता और सकारात्मक सोच को दर्शाता है। बच्चों की शिक्षा से लेकर पूरे समुदाय की संस्कृति, स्वास्थ्य, अधोसंरचना, रोजगार, जीवन स्तर उन्नयन जैसे सभी मुद्दों पर तेजी से काम किया जाएगा।
4. आदिवासियों के विकास के लिए कृत संकल्पित
प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान के तहत विशेष रूप से पिछड़े जनजातीय समूहों (बैगा, कमार, पहाड़ी कोरवा, बिरहोर और अबूझमाड़िया) को मूलभूत सुविधाओं जैसे, पक्के आवास गृह, सड़कें, छात्रावास का निर्माण, शुद्ध पेयजल, विद्युतीकरण, बहुउद्देशीय केन्द्रों, आंगनबाड़ी केन्द्रों और वनधन केन्द्रों का निर्माण, मोबाइल टावर की स्थापना, व्यवसायिक शिक्षा और कौशल के लिए सरकार कृत संकल्पित है।
पीएम जनमन महाअभियान के तहत खासतौर से संरक्षित जनजातियों के स्वास्थ्य की जांच, इलाज और दवा वितरण के लिए 66 मोबाइल चिकित्सा इकाई वाहनों का उपयोग किया जा रहा है।
5. लघु वन उपजों से जुड़े आजीविका साधनों को मजबूत बनाएंगे
तेंदूपत्ता, महुआ, इमली समेत सभी लघु वन उपजों से जुड़े आजीविका के साधनों को मजबूत बनाने को मेरी सरकार उच्च प्राथमिकता देगी। तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक 5500 रुपए प्रति मानक बोरा और संग्राहकों को 4500 रुपए तक बोनस देने सरकार कटिबद्ध है।
संग्राहकों और उनके परिवारजन को अलग-अलग योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा, जो उनके स्वास्थ्य, शिक्षा और चहुंमुखी विकास का मार्ग प्रशस्त करेंगी। इसके साथ ही विकास के क्षेत्रीय असंतुलन को दूर करने, नई संभावनाओं, नए अवसरों का फायदा उठाने के लिए स्थानीय लोगों को सक्षम बनाया जाएगा।
6. आवासहीन परिवारों को नया जीवन मिलेगा
‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ के लाभ से वंचित करीब 18 लाख हितग्राहियों को पक्के आवास देने का फैसला कैबिनेट की पहली बैठक में लिया गया। इससे ग्रामीण अंचलों में आवासहीन परिवारों को नया जीवन मिलेगा। वहीं, सरकार घर-घर निर्मल जल पहुंचाने के लिए ल जीवन मिशन का काम शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए अग्रसर है।
7. महिलाओं का जीवन बनाया जा रहा आसान
महिलाओं का जीवन आसान बनाने में ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ की बड़ी भूमिका रही है। इसके तहत प्रदेश में अब तक 36 लाख से ज्यादा नए गैस कनेक्शन जारी किए गए हैं। यह सुविधा भी शत-प्रतिशत पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाई जाएगी।
8. पुलिस को नई सुविधाओं से लैस किया जाएगा
सरकार ने पुलिस बल को नई सुविधाओं से लैस करने का फैसला लिया है। वहीं, दूसरी ओर उनकी समस्याओं को सुलझाने के लिए मानवीय दृष्टिकोण से संवेदनशील कदम भी उठाए हैं। पुलिस बल को आधुनिक हथियार, दूरसंचार और दूसरी जरूरतों के अनुसार बेहतर क्वालिटी के उपकरण दिए जाएंगे।
9. प्रदेश को नक्सल समस्यामुक्त बनाने के लिए संकल्पित
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस अधोसंरचना के विकास के लिए लगभग 201 करोड़ रुपए की लागत से काम जल्द पूरे किए जाएंगे। सरकार प्रदेश में कानून का राज स्थापित करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। साथ ही छत्तीसगढ़ को पूरी तरह नक्सल समस्यामुक्त राज्य बनाने के लिए कटिबद्ध है।
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में प्राथमिकता के आधार पर काम किया जाना सरकार का मुख्य मकसद है।
10. सामाजिक सद्भाव बनाने पर हो रहा काम
राज्यपाल ने कहा कि सामाजिक सद्भाव बनाने में सरकार हर मोर्चे पर काम कर रही है। हमारी सरकार अलग-अलग संस्कृतियों को संरक्षित कर रही है, पर्यटन को बढ़ावा दे रही है। शक्तिपीठों को हमारी सरकार संस्कृति के साथ पर्यटन का केंद्र बना रही है। इससे पर्यटन बढ़ेगा।
राजिम कुंभ का नाम राष्ट्रीय के साथ वैश्विक स्तर पर हो रहा है। श्रीराम का नाम दुनिया के साथ छत्तीसगढ़ में रामायण मंडलियों की ओर से फैलाया जा रहा है। रामलला योजना शुरू करके हमारी सरकार लोगों को अयोध्या श्रीराम मंदिर के दर्शन करा रही है।
11. छात्रों-युवाओं के लिए लगातार हो रहा काम
उन्होंने कहा कि विज्ञान केंद्र रायपुर में विज्ञान के आविष्कार से स्टूडेंट्स को रूबरू कराया जा रहा है। मेरी सरकार नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को अमलीजामा पहनाने का लगातार काम कर रही है। सरकार ने नौकरियों में उम्र की सीमा को पांच वर्ष बढ़ाकर रोजगार के लिए अवसर बढ़ाए हैं।
लोकसभा चुनाव के लिए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति
रायपुर. लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है. जिसमें कोरबा, बस्तर, सरगुजा, बिलासपुर और रायगढ़ लोकसभा के लिए ऑब्जर्वर की नियुक्ति की गई है.
कृषि उन्नति योजना के तहत किसानों को दी जाएगी धान खरीदी की अंतर की राशि
रायपुर. सदन में वित्तीय अनुपूरक बजट में किसानों के लिए 12 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. सरकार कृषक उन्नति योजना की शुरुआत करेगी. जिसमें किसानों को धान खरीदी में अंतर की राशि दी जाएगी. वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने ये बयान दिया है.
बता दें कि भाजपा ने चुनाव में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर धान खरीदी का वादा किया था. अभी फिलहाल समर्थन मूल्य पर खरीदी हो रही है. कृषक उन्नति योजना से किसानों को अंतर की राशि दी जाएगी.
छत्तीसगढ़ राज्य में 24 लाख 72 हजार से अधिक किसानों ने बेचा 144.92 लाख मीटरिक टन
रायपुर- छत्तीसगढ़ राज्य में किसानों से बीते 96 दिनों से समर्थन मूल्य पर जारी धान खरीदी का सिलसिला कल थम गया। कल शाम 7 बजे तक की रिपोर्ट के अनुसार समर्थन मूल्य पर 144.92 लाख मीटरिक टन धान की रिकॉर्ड खरीदी हुई है। उपार्जित धान की यह मात्रा बीते खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में क्रय किए गए 107.53 लाख मीटरिक टन से 37.39 लाख मीटरिक टन अधिक है। राज्य में इस साल धान खरीदी का यह नया रिकॉर्ड कायम हुआ है, जबकि अभी अंतिम रिपोर्ट आना बाकी है।
यहां यह उल्लेखनीय है कि राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला 01 नवम्बर 2023 से शुरू हुआ था। चालू खरीफ विपणन वर्ष में धान खरीदी की अंतिम तारीख 31 जनवरी निर्धारित थी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों एवं किसान प्रतिनिधियों की मांग और उनकी परेशानियों को देखते हुए धान खरीदी की अवधि 31 जनवरी से बढ़ाकर 4 फरवरी कर दी थी। इसका फायदा राज्य के ऐसे किसानों को मिला है, जो 31 जनवरी तक कतिपय कारणों से अपना धान नहीं बेच पाए थे। मुख्यमंत्री के इस संवेदनशील फैसले से 19 हजार से अधिक किसान लाभान्वित हुए हैं और उन्होंने एक फरवरी से लेकर 4 फरवरी के मध्य समर्थन मूल्य पर 2.69 लाख टन धान बेचा है। अंतिम रिपोर्ट आने पर किसानों की संख्या और उनके द्वारा बेचे गए धान की मात्रा में और वृद्धि होने की संभावना है।
राज्य में चालू खरीफ विपणन वर्ष में 130 लाख टन धान का उपार्जन अनुमानित था। धान की रिकॉर्ड खरीदी के चलते अनुमानित उपार्जन का आंकड़ा काफी पीछे छूट गया है। इस साल धान बेचने के लिए राज्य के 26.85 लाख किसानों ने अपना पंजीयन कराया था। पंजीकृत धान का रकबा 33.51 लाख हेक्टेयर था। 4 फरवरी शाम सात बजे तक राज्य में 24 लाख 72 हजार 310 किसान समर्थन मूल्य पर 144 लाख 92 हजार टन धान बेच चुके थे। किसानों को धान बेचने के एवज में अब तक 30 हजार 68 करोड़ 81 लाख रूपए का भुगतान किया जा चुका है।
राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था के समानांतर कस्टम मिलिंग का काम भी तेजी से जारी है। उपार्जित धान 144.92 लाख टन में से 105.18 लाख टन धान के उठाव का डीओ जारी किया जा चुका है, जिसके विरूद्ध मिलर्स द्वारा 97.90 लाख टन धान का उठाव किया जा चुका है।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौट रहे IPS अमरेश मिश्रा, राज्य सरकार के अनुरोध पर समय से पहले हुए रिलीव
रायपुर। आईपीएस अमरेश कुमार मिश्रा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से अपने मूल कैडर में वापसी कर रहे हैं. 2005 बैच के आईपीएस अमरेश को केंद्र सरकार ने प्रतिनियुक्ति अवधि पूरी करने के पहले ही रिलीव कर दिया है.
दरअसल राज्य सरकार ने केंद्र को चिट्ठी लिखकर अमरेश मिश्रा की प्रतिनियुक्ति अवधि पूर्ण करने के पहले ही रिलीव किए जाने का अनुरोध किया था. 2005 बैच के आईपीएस अमरेश मिश्रा रायपुर,दंतेवाड़ा,दुर्ग,कोरबा ज़िले में बतौर एसपी काम कर चुके हैं. अमरेश इस वक़्त एनआईए में डीआईजी के पद पर सेवारत थे.
ईओडब्ल्यू– एसीबी की मिल सकती है कमान
चर्चा है कि राज्य में जॉइनिंग देने के बाद अमरेश मिश्रा को ईओडब्ल्यू-एसीबी चीफ़ की कमान सौंपी जा सकती है. अमरेश तेज़तर्रार और स्वच्छ छवि के आईपीएस अधिकारी माने जाते हैं.
शिक्षा का सही अर्थ किताबी ज्ञान के साथ छात्रों को रचनात्मक, वैचारिक और तकनीकी शिक्षा प्रदान करना भी है: बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर। आज के युग में शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं है, बल्कि छात्रों को जीवन में सफल होने के लिए आवश्यक सभी कौशल प्रदान करना भी है। शिक्षा का सही अर्थ किताबी ज्ञान के साथ छात्रों को रचनात्मक, वैचारिक और तकनीकी शिक्षा प्रदान करना भी है। स्कूल केवल शिक्षा के केंद्र ही न रहें वो समर्पण और संस्कार के केंद्र भी बने यह आह्वान शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने रविवार को अंबिकापुर में ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल के शुभारंभ के अवसर पर किया। इस अवसर पर उन्होंने शासन की शिक्षा के प्रति सर्वोच्च प्राथमिकता जाहिर की।
उन्होंने कहा कि, पहली कक्षा से 12वीं तक की शिक्षा के लिए पालक बच्चों को बाहर ना भेंजे, उन्हें परिवार के साथ रखकर ही शिक्षा दिलाएं। इस उम्र में ही बच्चे माता-पिता और परिवार से नैतिक मूल्यों और सामाजिक संस्कारों को ग्रहण करते हैं, जो उन्हें बेहतर नागरिक बनाते हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए राज्य में न्यू एजुकेशन पॉलिसी पर काम किया जा रहा है। उन्होंने आगामी सत्र से स्कूलों में पहले पीरियड में योग और प्राणायाम के साथ ही नैतिक शिक्षा शुरू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि, शिक्षा के केंद्र स्कूल, व्यवसाय पर जोर न दें बल्कि प्रतिभाओं को सामने लाने की पहल करें। और निजी स्कूल आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए भी बेहतर शिक्षा की व्यवस्था करें इससे ही काम में संतुष्टि मिलेगी।
इस अवसर पर आदिम जाति कल्याण तथा कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने भी स्कूली बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए बेहतर शिक्षा एवं सफलता हेतु शुभकामनाएं प्रेषित की। कार्यक्रम में अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्कूल प्रबंधन और शिक्षक, स्कूली बच्चे एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र कल से
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का 5 फरवरी से बजट सत्र शुरू हो रहा है. विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने इस सत्र को अहम करार देते हुए कहा कि सरकार के बजट से राज्य के विकास की दिशा तय होगी.
बजट सत्र शुरू होने से एक दिन पहले डॉ. रमन सिंह ने मीडिया से चर्चा में कहा कि केंद्रीय वित्तमंत्री ने डिजिटल बजट पेश किया था. हमारा प्रयास है कि छत्तीसगढ़ विधानसभा भी नई तकनीक से जुड़कर काम करेगा. छत्तीसगढ़ विधानसभा को पेपरलेस बनाया जाएगा. इससे सदन का कामकाज सरल होगा. उन्होंने इसके साथ कहा कि छत्तीसगढ़ 2025 में अपनी यात्रा के 25 वर्ष पूरा करने जा रहा है. हमारा प्रयास होगा कि हम नए विधानसभा में प्रवेश कर जाएं.
विधानसभा अध्यक्ष ने बजट सत्र की जानकारी देते हुए बताया कि सत्र की शुरुआत 5 फरवरी को पूर्वान्ह 11.05 बजे राज्यपाल के अभिभाषण से होगी. राज्यपाल के अभिभाषण के कृतज्ञता ज्ञापन प्रस्ताव पर सभा में 7 और 8 फरवरी को चर्चा होगी. 9 फरवरी को अपरान्हः 12.30 बजे वित्तमंत्री ओपी चौधरी वर्ष 2024-2025 के आय व्ययक का उपस्थापन करेंगे.
12 और 13 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2024-25 के आय-व्ययक पर सामान्य चर्चा होगी. 14 से 26 फरवरी तक सभा में विभागवार अनुदान मांगों पर चर्चा होगी. आय-व्ययक की मांगो से संबंधित विनियोग विधेयक पर चर्चा एवं पारण के लिए 27 फरवरी की तिथि निर्धारित की गई है.
सत्र के दौरान छत्तीसगढ़ सिविल न्यायालय (संशोधन) विधेयक, छत्तीसगढ़ राजीम माघी पुन्नी मेला (संशोधन) विधेयक और छत्तीसगढ़ माल और सेवा कर (संशोधन) विधेयक प्रस्तुत किए जाएंगे. सत्र के लिए 4 फरवरी तक विधायकों से 2335 प्रश्न प्राप्त हुए हैं, जिनमें से तारांकित प्रश्नों की संख्या 1162 और अतारांकित प्रश्नों की संख्या 1173 है.
इसके साथ विधायकों से कुल ध्यानाकर्षण प्रस्ताव की 10 सूचनाएं, नियम 139 के अधीन अवलंबनीय लोक महत्व के विषय पर चर्चा के लिए एक सूचना, अशासकीय संकल्प की पांच सूचनायें प्राप्त हुई हैं. बजट सत्र के लिए अभी तक शून्यकाल की 06 सूचनायें एवं याचिका की 10 सूचनायें भी प्राप्त हुई है.
कार्यकर्ताओ की अथक मेहनत के फलस्वरूप भाजपा ने मात्र 5 वर्षों में ही जबरजस्त वापसी की है - किरण सिंह देव
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ की लोकसभा क्लस्टर प्रभारी, सह प्रभारी, लोकसभा चुनाव प्रभारी, लोकसभा विस्तारक, चुनाव प्रबंधक कमेटी सह प्रभारी संयोजक, सह संयोजक एवं जिलाध्यक्ष की लोकसभा चुनाव कार्यशाला बैठक आज भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में संपन्न हुई।
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव की तैयारी हेतु आप सभी को जो जिम्मेदारी दी गई है उन जिम्मेदारियां को प्रदेश स्तर से लेकर बूथ स्तर तक जाकर पूरा करना है। हर कार्यकर्ताओं को अपनी-अपनी जिम्मेदारी को विधानसभा चुनाव की तरह आगामी लोकसभा चुनाव में भी करनी है। संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं ने जो परिश्रम किया है उसका सार्थक प्रतिफल हमें मिला है और यही परिश्रम हमें आगे भी जारी रखनी है। हमें समन्वय बनाकर काम करना है अधिक से अधिक लोगों को भाजपा की विचारधारा से जोड़ना है इसके साथ ही संगठन के द्वारा जो भी दायित्व दिया गया है उन दायित्वों को सभी को पूरा करना है। उन्होंने कार्यशाला में आए सभी लोगों अभी तक किए कार्यों की बिंदुवार जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रत्येक लोकसभा प्रभारी से विधानसभा वार विगत वर्षों के हार जीत की जानकारी प्राप्त कर समीक्षा की ।
उन्होंने निर्देश दिया कि क्लस्टर प्रभारी लोकसभा स्तर तक और लोकसभा प्रभारी विधानसभा स्तर तक जाकर और लोकसभा संयोजक मंडल स्तर तक जाकर कमजोर क्षेत्र चिह्नित कर वहां बूथों का सशक्तिकरण करने की ओर ज्यादा ध्यान देना है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है हमें प्रत्येक कार्यकर्ताओं को उनकी योग्यता अनुसार कार्य विभाजन करना है जिससे वे सभी धार्मिक, सामाजिक, स्व सहायता समूह, तक पहुंचे बूथों में लाभार्थी सम्मेलन करवाये वह बूथ सशक्तिकरण पर ध्यान केंद्रित करें। उन्होंने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व में आदेश किया है कि हमें 10% अधिक वोट बढ़ाने का लक्ष्य लेकर चलना है । उन्हीने कहा सभी का काम टीम वर्क के साथ होगा तभी क्लस्टर के क्रियान्वयन की सार्थकता है।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज पार्टी ने जो आप सभी को दायित्व दिए हैं उसके लिए आप सभी को बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में हमें जनता के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ की सभी 11 की 11 सीट जीतकर मोदी जी को देना है ताकि देश में एक बार फिर मोदी जी के नेतृत्व में जनता की सेवा के लिए भाजपा की सरकार बने। उन्होंने कहा कि लोकसभा के महासमर के लिए आप सभी योद्धा तैयार हो जाये। मोदी जी के 10 वर्षों के कार्यकाल में आज देश ने विकास की नए आयाम गढ़़े हैं। मोदी जी पर जनता का विश्वास बढ़ा है। केन्द्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर हमें आगामी लोकसभा चुनाव में जनता तक जाना है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनते ही मोदी की गारंटी को पूरा करने का कार्य प्रारंभ हो चुका है। पहली ही कैबिनेट की बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास जो पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने रोक रखी थी उन्हें बनाने की घोषणा कर दी गई है। 25 दिसंबर को सुशासन दिवस के अवसर पर पिछले दो वर्षों के धान का बकाया बोनस का वितरण किसानों को कर दिया गया है। 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान की खरीदी की जा रही है। महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की सभी विवाहित महिलाओं को 12000 रुपए सालाना देने के लिए प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है इसके साथ ही साथ मोदी की गारंटी में जो भी अन्य योजनाएं हैं उन सभी योजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करेंगे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने बैठक में प्रस्तावना रखी। उन्होंने कहा की भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा छत्तीसगढ़ भाजपा को जो भी निर्देश और कार्य योजनाएं मिलेंगी उसका पालन प्रदेश भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता करेगें। हम सभी को एकजुट होकर पार्टी की सबसे सूक्ष्म इकाई बूथ तक ऐसा समायोजन स्थापित करना है की बूथ से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक सभी संवाद पारदर्शी बने रहे। क्लस्टर प्रभारियों का मुख्य कार्य यही पारदर्शी संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि हमे जितनी भी जिम्मेदारियां शीर्ष नेतृत्व से प्राप्त होंगी उन्हे बूथ तक पहुंचाना और उन पर क्रियान्वयन करवाना है जैसे नवमतदाता सम्मेलन, गांव चलो अभियान, मीडिया, सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करना।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा कि हमें भाजपा की रीति नीति से प्रभावित लोगों के लिए भाजपा ज्वाइनिंग का अभियान चलाना हैं। महिला समूहों और गैर राजनीतिक संस्थाओं का भी एक अभियान चलाना है। गांव चलो अभियान का शुभारंभ हो चुका है उसे आगामी 7 फरवरी से जिला से लेकर मंडल, वार्ड और बूथ स्तर पर करना है। उन्होंने कहा जिस प्रकार कार्यकर्ताओ की अथक मेहनत के फलस्वरूप भाजपा ने मात्र 5 वर्षों में ही जबरजस्त वापसी की है उसी तरह जनता से आशीर्वाद मांग कर छत्तीसगढ़ की ग्यारह की 11 लोकसभा सीटें मोदी जी को जीतकर देना है।
बैठक का संचलान प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने किया। कार्यशाला में प्रमुख रूप महामंत्री संगठन पवन साय, महामंत्री जगदीश रामू रोहरा, रामजी भारती, अजय चंद्राकर, गौरीशंकर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, राजेश मूणत ,अमर अग्रवाल शिवरतन शर्मा से सभी क्लस्टर प्रभारी, संभाग प्रभारी, लोकसभा चुनाव प्रभारी, संयोजक, सह संयोजक उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ में बीजेपी का ‘गांव चलो अभियान’ 7 फरवरी से
रायपुर- प्रदेश भाजपा कार्यालय में रविवार को लोकसभा क्लस्टर की बैठक हुई. बैठक को लेकर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने बताया कि आगामी लोकसभा चुनाव की दृष्टि से हमारे जो क्लस्टर बने हैं उनके प्रभारी और लोकसभा के प्रभारी, सह प्रभारी, सभी जिलों के अध्यक्ष और विस्तारक की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई.
उन्होंने बताया कि मीटिंग में आगामी कार्य योजना को लेकर चर्चा हुई है. हर लोकसभा क्षेत्रों, विधानसभा, जिलों और मंडलों में हमारी योजना का क्रियान्वयन निचले स्तर तक करना है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की ओर से शुरू की गई ‘गांव चलो अभियान’ का शुभारंभ 7 फरवरी से छत्तीसगढ़ में होगा. जो कि 11 फरवरी तक चलेगा. इस दौरान सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता हर गांव में रात्रि विश्राम भी करेंगे.
भाजपा प्रदेश चुनाव समिति की बैठक : राज्यसभा की खाली सीट पर चुनाव को लेकर हुई चर्चा, 27 फरवरी को होना है मतदान
रायपुर। शनिवार को भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में आगामी राज्यसभा चुनाव के रिक्त सीट के सन्दर्भ में रणनीतिक रूप से चर्चा की गई. बता दें कि भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने राज्यसभा 15 राज्यों की 56 सीटों पर चुनाव तारीखों का ऐलान कर दिया है. जिसके लिए 27 फरवरी को मतदान होना है. इसमें छत्तीसगढ़ की एक सीट पर चुनाव होना है.
साथ ही आगामी लोकसभा चुनाव के दृष्टिकोण से चर्चा और सांगठनिक कार्यक्रम के तहत 7 से 11 फरवरी 2024 तक गांव चलो अभियान, 1 से 22 फरवरी 2024 तक स्व-सहायता समूह संपर्क योजना और 25 फरवरी से 5 मार्च 2024 तक लाभार्थी संपर्क योजना के क्रियान्वयन पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई.
इस दौरान बैठक में राष्ट्रीय सह-संगठन मंत्री शिवप्रकाश मौजूद रहे. इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय, लता उसेंडी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम, ओ.पी. चौधरी, केदार कश्यप, विधायक धरमलाल कौशिक, शालिनी राजपूत मौजूद रहीं.
संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने राजिम कुंभ कल्प की तैयारियों के संबंध में ली बैठक
रायपुर। धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज राजिम में राजिम कुंभ कल्प आयोजन के संबंध में बैठक ली। बैठक में गरियाबंद, रायपुर, धमतरी जिले के अधिकारी कर्मचारी सहित जनप्रतिनिधि, मेला समिति के सदस्यगण एवं नागरिक गण शामिल हुए। बैठक में मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि वर्षों बाद अयोध्या में श्री राम लला की घर वापसी हुई है। इसको पूरे देशभर में उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने राजिम कुंभ कल्प को भी रामोत्सव के रूप में मनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजिम कुंभ की भव्यता पुनः लौटेगी। और बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ राजिम कुंभ कल्प का आयोजन किया जाएगा।
राजिम कुंभ कल्प का अयोजन इस वर्ष 24 फरवरी से 8 मार्च तक किया जाएगा। इस दौरान तीन पुण्य स्नान होंगे। देशभर से बड़ी संख्या में नागा साधु संत भी कुंभ में आयेंगे। मंत्री श्री अग्रवाल ने राजिम कुंभ कल्प की भव्य आयोजन के लिए सभी विभागों द्वारा की जाने वाली तैयारियों की जानकारी लेकर निर्धारित समय में सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। मंत्री श्री अग्रवाल ने गरियाबंद, रायपुर, धमतरी जिलों के अधिकारियों को समन्वय कर 7 दिन के भीतर सभी विभागों द्वारा किए जाने वाले तैयारी की कार्य योजना बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पांच साल बाद राजिम कुंभ की भव्यता लौट रही है इसलिए यहां विश्वस्तरीय साधु संतों बागेश्वर धाम बाबा पंडित धीरेंद्र मिश्रा एवं पंडित प्रदीप मिश्रा भी आयेंगे। इस दौरान बैठक में सांसद चुन्नीलाल साहू, रोहित साहू, विधायक राजिम, जनक ध्रुव, विधायक बिंद्रानवगढ,
इंद्र कुमार साहू विधायक अभनपुर, चंद्र शेखर साहू, पूर्व विधायक, चंदू लाल साहू, पूर्व सांसद सहित डॉ संजय अलंग, कमिश्नर, कलेक्टर दीपक अग्रवाल कलेक्टर धमतरी नम्रता गांधी, आरिफ़ शेख़, आई. जी., जितेन्द्र शुक्ला, प्रबंध संचालक, पर्यटन मंडल, अविनाश भोई अपर कलेक्टर, रीता यादव, सीईओ जिला पंचायत सहित मेला समिति के सदस्यगण एवं नागरिकगण मौजूद रहे।
मंत्री श्री अग्रवाल ने पीडब्ल्यूडी अधिकारी से तैयारी की जानकारी ली। उन्होंने रायपुर से गरियाबंद निर्माणाधीन सड़क सहित छुरा, जतमई, घटारानी, धमतरी सड़क एवं राजिम महासमुंद जाने वाले सड़कों में चल रहे कार्यों की जानकारी लेकर निर्माण कार्यों को पूर्ण कर चलने लायक बनाने के निर्देश दिए। साथ ही सड़को में उड़ने वाले धूल से बचाव के लिए लगातार पानी भी छिड़काव करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजिम तरफ जाने वाली सड़कों में गड्ढे न हो यह सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। बिजली विभाग कुंभ मेला के दौरान लाइटिंग, ट्रांसफार्मर, जेनरेटर की व्यवस्था, सजावट, पुल पुलिया में रोशनी आदि के बारे में पूछा। साथ ही पर्याप्त बिजली आपूर्ति हो यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।पीएचई विभाग को मेला स्थल में पर्याप्त जलापूर्ति करने एवं लगभग 300 शौचालय निर्माण के निर्देश दिए। पानी, टैंकर, ट्यूबवेल आदि की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वन विभाग से पर्याप्त जलाऊ लकड़ी, झोपड़ी निर्माण, यज्ञ के लिए आवश्यक लकड़ी व्यवस्था करने को कहा।
मंत्री श्री अग्रवाल ने मेला अवधि के दौरान चारो निकटम जिलों के परिवहन विभाग को समन्वय कर सभी दिशाओं से लगभग 100 बस अलग अलग टाइमिंग में रात 2 बजे तक चलाने के निर्देश दिए। जिससे मेला आने वालों को आवागमन में परेशानी न हो। साथ ही बस में सुरक्षा की दृष्टि से होम गार्ड भी रखना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। खाद्य विभाग को पर्याप्त संख्या में दाल भात केंद्र संचालित करने कहा। तीनो जिलों के अधिकारी को प्लान करके 100 से अधिक दाल भात केंद्र खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक संस्थानों का भी इसमें सहयोग लेने के निर्देश दिए। जिससे मेला आगंतुकों को खाने पीने में असुविधा न हो। मंत्री श्री अग्रवाल ने महानदी में पानी छोड़कर नदी को साफ करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने घाट निर्माण की प्रगति की जानकारी लेकर तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मंत्री श्री अग्रवाल ने बैठक में मेला में स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। सीएमएचओ ने बताया कि मेला में 24 घंटे चिकित्सा व्यवस्था रहेगी। मंत्री श्री अग्रवाल ने पर्याप्त संख्या में 108 एंबुलेंस, मेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। मेला में तीनो जिले के अधिकारियों के समन्वय से हेल्थ कैंप भी लगाने के निर्देश दिए। यातायात के सुलभ संचालन के लिए कहा कि वैकल्पिक रास्ता अपनाए जिससे लोगो को सहूलियत हो। प्लानिंग करके यातायात के लिए पर्याप्त जवान की ड्यूटी लगाएं हो नागा बाबा के रहवास के तरफ 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था हो। राजस्व विभाग के अधिकारियों को पर्याप्त संख्या में पटवारी, तहसीलदार, कोटवार की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ सफाई की पर्याप्त व्यवस्था करने को भी कहा। मंदिर देवालयों के रंगाई पुताई भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तीनों जिलों के अधिकारियों से आवश्यक संख्या में फायरब्रिगेड की व्यव्स्था करने कहा। जरूरत पड़ने पर भिलाई दुर्ग से भी आवश्यक फायर ब्रिगेड मंगाने के निर्देश दिए। साधु संतो के आवास व्यव्स्था के लिए धर्मशाला, सराय आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। नजदीकी जिलों रायपुर, धमतरी में भी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। मंत्री श्री अग्रवाल ने स्थानीय कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुति के लिए एक अलग मंच बनाने के निर्देश दिए जिसमे सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यक्रम चलेगा। बैठक में मंत्री श्री अग्रवाल ने राजिम कुंभ कल्प के भव्य आयोजन के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी सुझाव मांगे।

सिलगेर दौरे से वापस लौटे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कहा-
रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा बस्तर के सुकमा जिले के अंतर्गत सिलगेर के दौरे से लौट आए है. पुलिस लाइन हेलीपेड में उन्होंने पत्रकारों से दौरे को लेकर चर्चा कि. इस दौरन उन्होंने कहा कि, ”आज सिलगेर तक गए थे. वहां सभी बल के जवान मौजूद है और सभी जवानों में बहुत जोश है. उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी को पुरवती गांव में चाय का निमंत्रण भेजा है”.
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इसके पहले भी बस्तर जा चुके हैं क्या फिर से उनके आने की संभावना बन रही है? सवाल पर उन्होंने कहा कि, यह वहां पर जवानों का भाव था, वहां जवानों के हौसले बुलंद है. अब अनियमित कुछ नहीं रहेगा अब निर्णय होगा. नक्सलियों से बातचीत और जवानों की तैयारियों को लेकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि सरकार पूरी शिद्दत के साथ तैयार है कुछ अभियान पुराने चले भी थे, उन अभियानों का अध्ययन चालू है. जो जिला स्तर पर है उसको समूचे क्षेत्र पर लागू करने की भी योजना है. एक नई योजना के साथ विकास के कैंप वहां तक जा रहे हैं. सभी को प्रधानमंत्री आवास, घर का 500 यूनिट बिजली फ्री, उनके लिए खेतों में स्थाई पंप का कनेक्शन, आंगनवाड़ी स्कूल, अस्पताल, शुद्ध पानी सड़क मोबाइल टावर सब बनाकर दिया जाएगा. हर एक बसाहट में एक टीवी सेट और डीटीएच दिया जाएगा, किसान, सम्मान निधि, आयुष्मान कार्ड, राशन पूरी तरह फ्री जहां विकास का कैंप पहुंच जाएगा, वहां आसपास के सभी कैंप में या विकास पहुंचेगी. इसकी घोषणा आज शाम या कल सुबह मुख्यमंत्री करेंगे.
सरकार का लक्ष्य यही है कि नक्सलवाद जल्द खत्म हो
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य यही है कि नक्सलवाद जल्द खत्म हो भाजपा और विष्णु देव की सरकार का स्पष्ट मानना है. केंद्रीय गृहमंत्री के आगमन के बाद यह बातें और स्पष्ट है कि विकास की गंगा शहरों तक सीमित ना हो और जंगलों में सुदूर गांव तक पहुंचे. सुदूर दक्षिण बस्तर में रहने वाले नौजवान भी अपने जीवन में उतना ही उत्साह का अनुभव कर सके जितना रायपुर का व्यक्ति करता है.
लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न मिलना सर्वोत्तम चयन
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को भारत रत्न दिए जाने पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि भारत रत्न के लिए इससे योग्यतम चयन और क्या हो सकता है. जिन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के लिए लगाया है. भारतीय समाज में जागरण का मुख्य आधार कोई रहे हैं तो वह लालकृष्ण आडवाणी है. समूचे भारत में जो लोग बोल नहीं पाते थे उनको आडवाणी जी ने बोलना सिखाया। उन्हें भारत रत्न मिलना सर्वोत्तम चयन है.
मुख्यमंत्री शामिल हुए संत श्री गुरु रविदास महासभा के राज्य स्तरीय सम्मेलन में
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कहा है कि संत गुरू रविदास के विचार और आदर्श आज भी प्रासंगिक है। हमें उनके आदर्शो का अनुशरण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज को आगे बढ़ने के लिए संगठित होने के साथ-साथ शिक्षित होना भी जरूरी है। वे आज महासमुंद जिले के झलप में संत शिरोमणि श्री रविदास महासभा द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय महासम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस मौके पर सामाजिक विकास कार्यो और युवाओं की प्रतिभा को निखारने 10 लाख रुपए देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वे रविदास समाज के सम्मेलन में शामिल होने वाले पहले मुख्यमंत्री हैं। ये उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह समाज महान संतो का पूर्वज है। संत श्री रविदास जी के अटूट श्रद्धा के कारण गंगा मैया को उनकी कठौती में आना पड़ा था। कबीर दास, मीराबाई, गुरूनानक देव भी के मन में रविदास जी के प्रति बहुत सम्मान था। ये सभी संत-महात्मा उस युग में अपने-अपने तरीके से सामाजिक कुरूतियों से लड़ रहे थे और समाज को आध्यात्म का सच्चा मार्ग दिखा रहे थे। गुरू रविदास जी ने हमे बताया कि मन की पवित्रता ही सबसे महत्वपूर्ण होती है। कार्यक्रम में राज्य के कृषि मंत्री राम विचार नेताम एवं वन मंत्री केदार कश्यप भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि हमारी सरकार को अभी दो माह ही हुए हैं। मोदी की गारंटी को पूरा करने में चल पड़े हैं। 18 लाख पीएम आवास की स्वीकृति दी जा चुकी है। किसानों से 04 फरवरी तक समर्थन मूल्य हम 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान खरीद रहे हैं। हमारी सरकार ने प्रदेश के 12 लाख से अधिक किसानों को दो साल का बकाया बोनस 3716 करोड़ रुपए किसानों के खाते में अंतरित कर दी है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की एक और गारंटी पूरी होने जा रही है। इसके लिए हमने हाल ही में कैबिनेट बैठक में महतारी वंदन योजना पर भी मुहर लगा दी है। इस योजना से अब विवाहित माताओं-बहनों को प्रतिवर्ष 12 हजार रुपए सीधे उनके खातों में दिया जाएगा। यह राशि बहुत जल्द हितग्राहियों के खाते में आएगी।
कार्यक्रम को कृषि मंत्री राम विचार नेताम, सासंद चुन्नी लाल साहू, बसना विधायक संपत अग्रवाल, पूर्व विधायक डॉ विमल चोपड़ा ,गुजरात से पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री आत्माराम जी परमार ने भी संबोधित किया। इस मौके पर पूर्व विधायक रूप कुमारी चौधरी प्रशांत श्रीवास्तव, धु्रव कुमार मिर्धा, बुद्धेश्वर सोनवानी,देवेंद्र रौटिया सहित समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गुरु रविदास महासभा के सदस्य मौजूद थे।

कॉलेजों में गाइडेंस एंड काउंसलिंग से विद्यार्थियों को सही विषय चुनने में मदद करें शिक्षक- बृजमोहन अग्रवाल
राजिम। उच्च शिक्षा जीवन बनाने के लिए है। मां-बाप के सपने को पूरा करने के लिए है। करियर बनाने के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी जरूरी है जो हमारे तनाव को दूर करती है ये बात उच्च शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को राजिम में शासकीय राजीव लोचन स्नातकोत्तर महाविद्यालय का वार्षिकोत्सव एवं पुरुस्कार वितरण समारोह के दौरान कही। श्री अग्रवाल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
उन्होंने महाविद्यालय में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने के साथ ही कॉलेज में बीएससी कंप्यूटर साइंस कोर्स को मंजूरी दी। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय प्रबंधन से शिक्षकों की टीम बनाने को कहा जो विद्यार्थियों की उचित गाइडेंस एंड काउंसलिंग कर सकें। जिससे उनको भविष्य के लिए सही राह मिल सके। अभी तक बच्चे मां बाप, समाज के दवाब में विषय चुन लेते है लेकिन उसमे सफल नहीं होते और पढ़ाई बीच में छोड़ देते है। इसलिए काउंसलिंग के जरिए रुचि के अनुरूप उन्हे संबंधित विषय में प्रवेश ले सकें और उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके।
उन्होंने कॉलेज में शिक्षा के आधुनिकीकरण के लिए ई क्लास रूम निर्माण कराने की बात कही। साथ ही छात्राओं के 10 लाख रुपए की लागत से गर्ल्स कॉमन रूम और 1 करोड़ रुपए की लागत से ऑडिटोरियम का निर्माण किया जायेगा। उन्होंने ये भी कहा कि, सभी विद्यार्थियों को साल भर वार्षिकोत्सव का इंतजार रहता है। जिसको देखते हुए शासन की तरफ से वार्षिक उत्सव और खेलकूद आयोजन 2-3 दिन तक कराने की व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम में प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान किया गया।
इस अवसर पर विधायक रोहित साहू, अशोक बजाज, रेखा, पूर्व विधायक गंगाधर, जितेंद्र सोनकर, महाविद्यालय प्राचार्य प्रोफेसर मोहन लाल वर्मा, चंद्र शेखर साहू विधार्थीगण समेत गणमान्य और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

जब शिक्षा और संस्कार मिलते हैं, तब एक व्यक्ति बेहतर इंसान बनता है :बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर। स्कूल शिक्षा ही नहीं संस्कारों के भी केंद्र होते है। जहां से उज्ज्वल देश और समाज का निर्माण करते है। स्कूल शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि छात्रों में अच्छे संस्कारों का भी विकास करना भी है। स्कूलों में छात्रों को अनुशासन, नैतिकता, देशभक्ति, सामाजिक भावना, और अन्य महत्वपूर्ण संस्कारों का शिक्षण दिया जाना चाहिए।
जब छात्रों में अच्छे संस्कार होते हैं, तो वे देश और समाज के लिए एक मूल्यवान संपत्ति बन जाते हैं। शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को राजिम स्थित शासकीय राम बिशाल पाण्डेय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के वार्षिकोत्सव "अभ्युदय" का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री अग्रवाल ने कहा कि, शिक्षा जीवन का आधार है, लेकिन संस्कार जीवन का सार हैं। शिक्षा से हमें ज्ञान प्राप्त होता है, लेकिन संस्कारों से हमें सही और गलत का ज्ञान होता है। इसके साथ ही विद्यार्थियों में अनुशासन भी जरूरी हैं उनको समय का पाबंद होना, नियमों का पालन करना, और दूसरों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करना सिखाया जाना चाहिए। विद्यार्थियों को सच बोलना, दूसरों के साथ सहानुभूति रखना, और दूसरों की मदद करना सिखाया जाना चाहिए। उनको देश से प्यार करना, देश के प्रति समर्पित रहना, और देश के विकास में योगदान करने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। जब शिक्षा और संस्कार मिलते हैं, तब एक व्यक्ति बेहतर इंसान बनता है। शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने स्कूल में विभिन्न कार्यों के लिए स्कूल 25 लाख रुपए देने की घोषणा की। हालांकि उन्होंने कार्यक्रम के स्कूल संबंधी सही जानकारी उपलब्ध न करा पाने के कारण प्राचार्य पर नाराजगी जताते हुए भविष्य में सावधानी बरतने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक रोहित साहू ने की, विशिष्ठ अतिथि रेखा सोनकर, लोकेश पाण्डेय प्राचार्य संजय कुमार एक्का समेत बड़ी संख्या में विद्यार्थी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
