प्रदेश
खेलों के जरिए युवाओं में दूसरों का सम्मान और अनुशासन की क्षमता विकसित होती है: बृजमोहन अग्रवाल
रायपुर। पढ़ाई के साथ ही खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ भी विद्यार्थी जीवन के लिए जरूरी हैं। जहां खेलकूद से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में सुधार होता है और ऊर्जा का स्तर बढ़ता है। साथ ही साथ ही टीम भावना और अनुशासन विकसित होता है।
वहीं संस्कृति गतिविधियों से रचनात्मकता और सामाजिक कौशल का विकास होता है और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। यह बात शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में सात दिवसीय राज्य स्तरीय खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव "आरोहण" के शुभारंभ के अवसर पर कहीं।
कार्यक्रम में श्री अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित किया साथ ही सभी को ‘’मै को हम बनायेंगे, हम नया भारत बनायेंगे’’ की भी शपथ दिलाई और गुब्बारों को छोड़कर आरोहण-2024 का शुभारंभ किया।
श्री अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि, पहले बच्चों पर केवल पढ़ाई के लिए जोर दिया जाता था। लेकिन पढ़ाई के साथ खेल और दूसरी सांस्कृतिक गतिविधियां भी बहुत जरूरी है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी भाग लें। इससे उन्हें एक संतुलित और समग्र व्यक्तित्व विकास में सहायता मिलेगी। खेल और संस्कृति गतिविधियां जैसे गायन, डांस आदि आजीविका का साधन भी बन गई हैं। इतना ही नहीं यह राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान भी दिलाती है।
खेलों के जरिए हमें सीखने को भी मिलता है कि जिंदगी में हार भी जरूरी है। हार से हमे अपनी कमियों का पता चलता है और हममें संघर्ष क्षमता विकसित होती है जो सफलता के लिए प्रेरित करती है।
कार्यक्रम के शुभारंभ के मौके पर इस दौरान फ़्लैश माब नृत्य का आयोजन किया जिसमें प्रतिभागियों के साथ ही शिक्षकों ने सामूहिक नृत्य किया।
सात दिनों तक चलने वाले आरोहण 2024 में देश भर से करीब 4000 प्रतिभागी तीरंदाजी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल समेत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ ही गायन डांस आदि कंपटीशन में हिस्सा लेंगे।
कार्यक्रम में श्री रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय के प्रति कुलाधिपति हर्ष गौतम, कुलपति प्रो. एस.के. सिंह एवं कुलसचिव डॉ. सौरभ कुमार शर्मा समेत बड़ी संख्या में प्रतिभागी उनके परिजन शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।

महिला कार्यकर्ता सम्मेलन में बोलीं अलका लांबा – “नारी न्याय” की लड़ाई हक मिलने तक रहेगी जारी
धमतरी। कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता और महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं. वे सोमवार को धमतरी पहुंच कर महिला कार्यकर्ता सम्मेलन में महिलाओं का उत्साह वर्धन किया। महिला सम्मेलन में धमतरी समेत आसपास के जिलों की हजारों महिलाओं ने शिरकत की.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने कहा कि, हमारे नेता राहुल गांधी ने मणिपुर से ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ शुरू की और यह यात्रा मुंबई में समाप्त होगी. हमें देश की आधी आबादी के लिए उसका अधिकार चाहिए, अब हमें संपूर्ण नारी-न्याय चाहिए. महिलाओं को आर्थिक संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक न्याय का हक मिलने तक “नारी न्याय” की लड़ाई “न्याय का हक़ मिलने तक” जारी रहेगी. राहुल गांधी का सपना है कि आगामी वर्षों में 50% राज्यों की मुख्यमंत्री महिला हो.
सम्मेलन में छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम ने महिलाओं को आगामी लोकसभा चुनाव में पूरे 11 सीट जीतने के लिए एक जुट होकर कड़ी मेहनत करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि हम सभी कांग्रेस कार्यकर्ता मिलकर महिला विरोधी भाजपा सरकार को आगामी लोकसभा चुनाव में शिकस्त देने को तत्पर हैं.
सम्मेलन में प्रभारी सुनीता सहरावत समेत विधायक व पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया, विधायक अंबिका मरकाम, ओंकार साहू, संगीता सिन्हा, सावित्री मंडावी, छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता और महासचिव प्रीति उपाध्याय, महापौर विजय देवांगन सहित महिला कांग्रेस के धमतरी शहर जिला अध्यक्ष सूर्य प्रभा चेट्टियार और धमतरी ग्रामीण अध्यक्ष धनेश्वरी साहू भी उपस्थित रहीं.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सीआरपीएफ के डीजी श्री सिंह ने की सौजन्य भेंट
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज शाम यहां राज्य अतिथि गृह पहुना में सीआरपीएफ के डीजी अनीश दयाल सिंह ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय को स्मृति चिन्ह और शाल भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सीआरपीएफ के एडीजी वितुल कुमार, एडीजी सेंट्रल जोन अमित कुमार, आईजी छत्तीसगढ़ सेक्टर साकेत कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
पूर्व वन मंत्री मोहम्मद अकबर के रिश्तेदार की कंपनी का मामला पहुंचा हाई कोर्ट
बिलासपुर। पूर्व वन,आवास एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर के रिश्तेदार की कंपनी द्वारा किए गए फर्जीवाड़ा का मामला हाई कोर्ट पहुंच गया है। नवा रायपुर में कंपनी को मिले 210 करोड़ के टेंडर को राज्य शासन ने रद कर दिया है। जिन दस्तावेजों के आधार पर ठेका कंपनी ने करोड़ों का ठेका हासिल किया था ,उसकी तकनीकी दक्षता ही पूरी नहीं की है। ठेका निरस्त करने के साथ ही राज्य शासन ने छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में केविएट दायर कर दिया है। मामला अब हाई कोर्ट पहुंच गया है।
वर्ष 2018 से 2023 के बीच छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार काबिज थी। इस दौरान नवा रायपुर व रायपुर के कई हिस्सो में एक हजार करोड़ से अधिक के अलग-अलग कार्यों के लिए टेंडर जारी किया गया था। टेंडर जारी करने के साथ ही ठेका कंपनी को वर्क आर्डर भी जारी कर दिया गया था। राज्य में भाजपा की सरकार काबिज होने के बाद पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल के दौरान विकास कार्य के नाम पर की गई गड़बड़ियों की दस्तावेजी प्रमाण के साथ शिकायत दर्ज कराई गई है। दस्तावेजों की पड़ताल के बाद राज्य शासन ने जांच बैठा दिया था। नवा रायपुर में 210 करोड़ रुपये के टेंडर को राज्य शासन ने निरस्त कर दिया है। आवास एवं पर्यावरण विभाग के अलावा नवा रायपुर विकास प्राधिकरण ने रायपसुर कंस्ट्रक्शन कंपनी प्राइवेट लिमिटेड (आरसीपीएल) पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। टेंडर रद करने के बाद नवा रायपुर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) ने ठेका कंपनी के खिलाफ हाई कोर्ट में केविएट दायर किया है। एनआरडीए ने दायर केविएट में ठेका कंपनी द्वारा याचिका दायर करने और उसकी याचिका पर सुनवाई के बाद फैसला देने से पहले पक्ष रखने की मांग की है। मालूम हो कि 210 करोड़ रुपये के कार्यों के टेंडर निरस्त होने के मामले में कंपनी ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है। दायर केंविएट में केविएटर एनआरडीए ने कहा है कि नोटिस जारी होने के बाद भी कंपनी ने अपना पक्ष नहीं रखा है। सात दिन बीतने के बाद कंपनी को दी गई समय-सीमा भी खत्म हो जाएगी।
इसके बाद एनआरडीए कंपनी पर एकतरफा कार्रवाई के लिए बाध्य हो जाएगी। 18 जनवरी को सबूतों और शिकायतों के आधार पर राज्य शासन की ओर से ठेका कंपनी पर कार्रवाई की गई थी। आरोप है कि पूर्व वन,आवास एवं पर्यावरण मंत्री मोहम्मद अकबर के रिश्तेदार व रायपुर कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के एमडी असगर अली को जिन दस्तावेजों के आधार पर करोड़ों का कार्य दिया गया था। उसमें तकनीकी दक्षता ही पूरी नहीं है। रायपुर कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को अब तक 120 करोड़ रुपये का भुगतान हो चुका है। इसके अलावा कई और बिल कंस्ट्रक्शन कंपनी ने विभाग में लगाए गए हैं। हालांकि सरकार ने कंपनी का सारा भुगतान रोक दिया है। इससे पहले भी स्मार्ट सिटी लिमिटेड रायपुर ने भी कंपनी को लाखों का भुगतान किया है।
लालपुर हत्याकांड : बागेश्वर धाम वाले पं. धीरेंद्र ने मृतक साधराम के परिवार को दिलाई लाखों रुपए की मदद
कवर्धा. बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कवर्धा में दिव्य दरबार लगाया. इस दौरान लालपुर हत्याकांड के मृतक साधराम के परिजनों को अपने दिव्य दरबार में बुलाकर पं. शास्त्री ने अपने जजमानों और शिष्यों से मंच से लाखों रुपए का आर्थिक सहयोग किया. उन्होंने लालपुर के ग्रामीणों से कहा, मृतक साधराम के परिजनों का ध्यान रखें. अब कवर्धा में शांति बनी रहेगी. कबीरधाम जिले में हनुमान जी की कृपा बनी रहेगी.
आपको बता दें कि पुलिस ने लालपुर हत्याकांड के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वहीं हत्याकांड के आरोपी अयास खान के दुकान पर बुल्डोजर भी चलावा दी है. पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने इस कार्रवाई से पुलिस का आभार जताते हुए कहा, इससे काम नहीं चलेगा. सभी 6 आरोपियों को फांसी की सजा देनी चाहिए।

बता दें कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बीती रात्रि लालपुर हत्याकांड के मृतक चरवाहे साधराम यादव के घर भी पहुंचे थे, जहां उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और ढाई लाख आर्थिक सहयोग दिलवाया और कथा स्थल से आर्थिक सहयोग दिलाने की बात कही थी. इस दौरान पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने सभी हिंदुओं से एक होने की अपील की. साथ ही कहा कि इन विरोधियों की ठठरी बारने की आवश्यकता है. वहीं 2 फरवरी को हिंदुओं को बड़ा तोहफा देने की भी बात कही.
DMF घोटाले को लेकर विष्णुदेव सरकार का बयान
रायपुर। DMF घोटाले पर भी विष्णुदेव सरकार ने बयान जारी किया है। और बताया कि प्रवर्तन निदेशालय क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के प्रतिवेदन रिपोर्ट पत्र के आधार पर राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो में अपराध क्रमांक-02 / 2024 धारा 120बी, 420 भा. द. वि. एवं धारा – 7 तथा धारा-12 भ्र. निवा. अधि. के तहत् पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है ।
प्रवर्तन निदेशालय के रिपोर्ट पर यह पाया गया कि डी. एम. एफ. कोरबा के फंड से विभिन्न निविदाओं के आंबटन में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं की गयी है तथा गलत ढंग से निविदाओं को निर्धारण कर निविदाकर्ताओं को अवैध लाभ पहुंचाया गया है, जिसके कारण शासन को आर्थिक हानि कारित हुई है। प्रतिवेदन में यह भी पाया गया कि कुल निविदा राशि में लगभग 40 प्रतिशत की राशि लोकसेवक अधिकारीगणों को इस एवज में प्रदान किया गया तथा निजी कम्पनी के द्वारा निविदाओं पर 15 से 20 प्रतिशत अलग-अलग दरों से कमीशन प्राप्त किया गया है।
छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में डी. एम. एफ. में काफी अधिक मात्रा में वित्तीय अनियमितता की गई है तथा शासन को हानि कारित की गई है। प्रथम दृष्टया यह पाया गया है कि रानू साहू एवं अन्य लोकसेवकों के द्वारा लोकसेवक के रूप में पदस्थ होते हुए अपने – अपने पद का दुरूपयोग कर विभिन्न निविदाकर्ता संजय शेण्डे, अशोक कुमार अग्रवाल, मुकेश कुमार अग्रवाल, रिषभ सोनी एवं बिचौलिएं मनोज कुमार द्विवेदी, रवि शर्मा, पियूष सोनी, पियूष साहू, अब्दुल एवं शेखर के साथ मिलकर डी.एम. एफ. में विभिन्न प्रकार की निविदाओं के आबंटन में, बिल को पास कराने के लिए, किसी वस्तु के वास्तविक मूल्य से अधिक मूल्य के बिल प्राप्त किये गये थें तथा उनका भुगतान कराने में एवं इत्यादि में आपस में मिलकर आपराधिक षड़यंत्र कर निविदाकर्ताओं संजय शेण्डे, अशोक कुमार अग्रवाल, मुकेश कुमार अग्रवाल, रिषभ सोनी एवं बिचौलिए मनोज कुमार द्विवेदी, रवि शर्मा, पियूष सोनी, पियूष साहू, अब्दुल एवं शेखर को अवैध लाभ कारित करते हुए शासन को अवैध हानि कारित की गई जो प्रथम दृष्टया अपराध धारा 120 बी, 420 भा.द.वि. एवं धारा 7 एवं 12 भ्र.नि. अधि के तहत अपराध कारित किया जाना पाया जाता है।
कस्टम मिलिंग में हुआ भारी भ्रष्टाचार, साय सरकार ने जारी किया बयान
रायपुर। कस्टम मिलिंग में भारी भ्रष्टाचार हुआ है. विष्णुदेव सरकार ने बयान जारी कर यह जानकारी दी है. सरकार ने बताया कि प्रवर्तन निदेशालय क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर के प्रतिवेदन रिपोर्ट पत्र के आधार पर राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो में अपराध क्रमांक 01 / 2024 धारा 120बी, 409 मा. द.वि. एवं धारा 13(1) (क) सहपठित धारा 13 (2) एवं धारा-11 . निवा. अधि के तहत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रवर्तन निदेशालय रिपोर्ट पर यह पाया गया कि विभिन्न राईस मिलर्स के द्वारा नागरिक आपूर्ति निगम एवं एफसीआई में जो कस्टम मिलिंग का चावल जमा किया जाता है। इस प्रक्रिया में व्यापक पैमाने पर भ्रष्टाचार कर प्रति क्विंटल के हिसाब से अवैध राशि की वसूली की गई एवं अपने पद का दुरूपयोग करते हुये विभिन्न शासकीय अधिकारियों द्वारा राईस मिलर्स के साथ मिलीभगत कर असम्यक लाभ प्राप्त कर शासन को आर्थिक क्षति कारित की गई।
प्रीतिका पूजा को मनोज सोनी, प्रबंध संचालक मार्कफेड के मारफत रोशन चन्द्राकर के द्वारा निर्देश था कि उन्हीं राईस मिलर्स के बिल का भुगतान किया जाना है। जिनकी वसूली की राशि रोशन चन्द्राकर को प्राप्त हुई है । किन राईस मिलर्स को भुगतान किया जाना है इसकी जानकारी संबंधित जिले के राईस मिलर्स एसोसिएशन के द्वारा मनोज सोनी के माध्यम से प्राप्त होती थी। आयकर विभाग के द्वारा की गई तलाशी की कार्यवाही से लगभग 1.06 करोड़ रूपये की कैश राशि प्राप्त हुई है जिसका कोई लेखा-जोखा नहीं है तथा बहुत सारे आपत्तिजनक दस्तावेज एवं डिजिटल डिवाईस प्राप्त हुए है। लगभन 140 करोड़ रूपये की अवैध वसूली राईस मिलर्स से किया जाना पाया गया है।
राईस मिलर्स के द्वारा नागरिक आपूर्ति निगम एवं एफ.सी.आई. में जो कस्टम मिलिंग का चावल जमा किया जाता है में व्यापक पैमाने में भ्रष्टाचार कर प्रति क्विंटल के हिसाब से अवैध राशि की वसूली मार्कफेड के तत्कालीन प्रबंध संचालक मनोज सोनी एवं तत्कालीन डिस्ट्रीक्ट मार्केटिंग ऑफिसर कु. प्रीतिका पूजा केरकेट्टा कोरबा के द्वारा लोकसेवक के रूप में पदस्थ होते हुए अपने-अपने पद का दुरूपयोग कर, छत्तीसगढ़ स्टेट राईस मिलर्स एसोसिएशन के प्रेसीडेंट कैलाश रुंगटा, वाईस प्रेसीडेंट पारसमल चोपडा एवं कोषाध्यक्ष रोशन चन्द्राकर के साथ आपराधिक षडयंत्र कर की गई है, जो प्रथम दृष्टया अपराध धारा 120 बी, 409 भा.द.वि. एवं धारा 13 (1) (क) सहपठित धारा 13 ( 2 ) एवं 11. अ.नि. अधि. के तहत अपराध कारित किया जाना पाया जाता है।
देश के प्रधानमंत्री को आपकी चिंता, क्योंकि आप देश का भविष्य : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्कूली बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों के साथ परीक्षा को उत्सव की तरह मनाने एवं विद्यार्थियों में तत्संबधी तनाव दूर करने के लिए सीधा संवाद किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बच्चों से सीधा संवाद कर उन्हें परीक्षा को एक उत्सव की तरह मनाने तनावमुक्त एवं उत्साह के साथ दिलाने के टिप्स दिए। परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने छत्तीसगढ़ के सुकमा की छात्रा उमेश्वरी को अपने पास बिठाया। कांकेर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के छात्र शेख कैफुर रहमान ने प्रधानमंत्री से सवाल करते हुए पूछा - परीक्षा के दौरान अधिकांश छात्र घबराहट महसूस करते हैं, जैसा कि प्रश्नों को सही ढंग से न पढ़ना आदि। मेरा आपसे प्रश्न है कि इन गलतियों से कैसे बचा जाए कृपया अपना मार्गदर्शन दें ? जिस पर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने उत्तर दिया कि धैर्य रखकर अतिउत्साह में न आना और परीक्षा को एक उत्सव की तरह देखना बहुत जरूरी है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल , विधायक पुरन्दर मिश्रा, अनुज शर्मा, गुरु खुशवंत साहेब राजधानी रायपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित परीक्षा पे चर्चा के सीधे प्रसारण कार्यक्रम में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में उपस्थित स्कूली बच्चों एवं अभिभावकों को सम्बोधित करते हुए कहा कि अभी हम सभी ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रेरक उद्बोधन सुना। इस उद्बोधन से निश्चित रूप से आपके भीतर नयी ऊर्जा का संचार हुआ होगा। आपका आत्मविश्वास और अधिक मजबूत हुआ होगा। आप सभी कितने सौभाग्यशाली हैं कि जब आप परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, तब आपको न सिर्फ आपके शिक्षकों, माता-पिता और मित्रों का साथ मिल रहा है, बल्कि देश के प्रधानमंत्री भी आपके साथ खड़े हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री जी हर साल परीक्षा से पहले विद्यार्थियों से चर्चा कर उन्हें सफल परीक्षार्थी बनने का गुर बताते हैं। यह भी बताते हैं कि परीक्षा की तैयारी के दौरान आप स्वयं को तनाव से किस तरह दूर रख सकते हैं। हर साल आयोजित होने वाला उनका यह कार्यक्रम, परीक्षा पे चर्चा, बहुत लोकप्रिय कार्यक्रम है। आज का यह कार्यक्रम इस तरह का सातवां कार्यक्रम था। देश के प्रधानमंत्री को आप लोगों की चिंता है, क्योंकि आप देश का भविष्य हैं। प्रधानमंत्री जी का आप लोगों के लिए यही संदेश है कि परीक्षा एक उत्सव है। इसकी तैयारी उत्सव की तरह करें, उत्साह के साथ और पूरी ऊर्जा के साथ करें। सकारात्मकता और मेहनत विद्यार्थियों के लिए सफलता की कुंजी है। आपको हर चुनौतियों पर विजय पाते हुए अपनी सकारात्मकता को बनाए रखना है।
मुख्यमंत्री ने बच्चों से कहा कि पाठ्यक्रम की तैयारी तभी ठीक तरह से हो पाती है, जब आप अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए ठीक तरह से तैयारी करते हैं। अध्ययन और सेहत के बीच जितना अच्छा संतुलन आप बनाए रखेंगे, आपकी सफलता की गारंटी उतनी ही अधिक होगी। प्रधानमंत्री जी ने आपको सफलता के बहुत सारे टिप्स बता दिए हैं। मैं केवल इतना कहूंगा कि परीक्षा के दौरान अपना खानपान ठीक रखें, नियमित व्यायाम करें, नियमित योग और ध्यान करें। जीवन में कदम-कदम पर परीक्षाएं होती हैं। स्कूली परीक्षाओं में सफलता के बाद जीवन की पाठशाला की परीक्षाएं शुरू हो जाती हैं। उन परीक्षाओं में भी सफलता के लिए यही टिप्स काम आते हैं। हमारे प्रधानमंत्री देश में शिक्षा व्यवस्था और नीति में बदलाव के लिए निरंतर काम कर रहे हैं। उन्हीं की नीतियों का अनुसरण करते हुए हम भी छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था और नीति में बदलाव की तैयारी कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बच्चों को आगामी परीक्षा में अच्छे प्रदर्शन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हम अपने प्रदेश में शिक्षा का नया वातावरण तैयार करेंगे। इस नये वातावरण में प्रतिस्पर्धा के बजाए सहयोग और प्रोत्साहन का महत्व होगा। परीक्षा अध्ययन-अध्यापन की एक प्रक्रिया है। सफलता-असफलता से परे, हम इसके सहभागी बनें, आनंद के साथ इसमें शामिल हों, अपना सर्वोत्तम देने का प्रयास करें। मैं सभी शिक्षकों और पालकों से भी कहना चाहता हूं कि हमें अपनी इच्छाओं और आकांक्षाओं का बोझ बच्चों पर नहीं डालना चाहिए। उन्हें अपना सर्वोत्तम देने में सहयोग करना चाहिए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने छात्र-छात्राओं द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया ।
स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया। श्री अग्रवाल ने कहा कि हम सभी को लक्ष्य पर केंद्रित रहकर तैयारियां करनी है। हमारा लक्ष्य केंद्रित रहना चाहिए । प्रधानमंत्री ने आप सभी को बताया कि कैसे तनाव रहित होकर परीक्षा की तैयारी करना है ।
‘परीक्षा पे चर्चा‘ कार्यक्रम का लाईव प्रसारण सभी न्यूज चैनलों के साथ डीडी न्यूज, डीडी नेशनल, डीडी इंडिया, एफएम रेडियो, फेसबुक लाईव, यूट्यूब चैनल और MyGov.in पोर्टल की वेबसाईट के माध्यम से लाईव देखा गया। छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी, शिक्षक एवं अभिभावकों ने इसमें बढ़-चढ़कर सहभागिता की। राज्य से गत वर्ष 2023 में 62 हजार 077 विद्यार्थियों ने विभिन्न मुद्दों पर अपने आलेख भेजे और 12 हजार 355 शिक्षकों ने अपने आलेख भेजकर उपस्थिति दर्ज की एवं 2 हजार 876 पालक सहित 77 हजार 308 लोगों ने सहभागिता की थी। इस वर्ष कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों, पालकों एवं शिक्षकों को भाग लेने का अवसर दिया गया है। भारत सरकार से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 जनवरी 2024 तक 1 लाख 56 हजार 459 विद्यार्थियों, 21 हजार 607 शिक्षकों और 5 हजार 963 अभिभावकों ने पंजीयन कराया था। राज्य से एक शिक्षक और 2 विद्यार्थियों ने चर्चा में भाग लिया। परीक्षा पे चर्चा का प्रारंभ वर्ष 2018 में सिर्फ 22 हजार लोगों ने सहभागिता की थी, जो छह वर्षों में 102 गुनी बढ़कर इस वर्ष 2 करोड़ 26 लाख से ज्यादा रही।

उल्लेखनीय है कि आज दिल्ली में हुई परीक्षा में चर्चा कार्यक्रम से छत्तीसगढ़ से तोंगपाल के स्वामी आत्मानंद स्कूल की शिक्षिका अनिता पहारे और कोटा आत्मानंद स्कूल के छात्र शिवम बंसल भी शामिल हुए।

राज्यपाल हरिचंदन ने की राष्ट्रपति से सौजन्य मुलाकात
रायपुर/दिल्ली। राज्यपाल हरिचंदन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। बता दें कि राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन नई दिल्ली प्रवास पर है। राजभवन में विज्ञप्ति जारी कर बताया कि छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सौजन्य मुलाकात की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की सुकमा की छात्रा उमेश्वरी से चर्चा
रायपुर। ‘परीक्षा पे चर्चा’ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने पास में छत्तीसगढ़ के सुकमा की छात्रा उमेश्वरी को बैठाया। स्टूडेंट्स से पीएम मोदी ने कहा, हमें किसी भी प्रेशर को झेलने के लिए खुद को सामर्थ्यवान बनाना चाहिए। दबाव को हमें अपने मन की स्थिति से जीतना जरूरी है। किसी भी प्रकार की बात हो, हमें परिवार में भी चर्चा करनी चाहिए। बच्चों के तनाव को कम करने में शिक्षक की अहम भूमिका होती है। इसलिए शिक्षक और छात्रों के बीच हमेशा सकारात्मक रिश्ता रहना चाहिए। शिक्षक का काम सिर्फ जॉब करना नहीं, बल्कि जिंदगी को संवारना है, जिंदगी को सामर्थ्य देना है, यही परिवर्तन लाता है।
परीक्षा के तनाव को विद्यार्थियों के साथ-साथ पूरे परिवार और टीचर को मिलकर एड्रेस करना चाहिए। अगर जीवन में चुनौती और स्पर्धा ना हो, तो जीवन प्रेरणाहीन और चेतनाहीन बन जाएगा। इसलिए कॉम्पिटिशन तो होना ही चाहिए, लेकिन हेल्दी कॉम्पिटिशन होना चाहिए। जैसे मोबाइल को कार्य करने के लिए चार्जिंग की आवश्यकता होती है, उसी तरह बॉडी को भी रिचार्ज रखना बहुत जरूरी है, क्योंकि स्वस्थ मन के लिए शरीर को स्वस्थ रखना बहुत जरूरी है। इसके लिए प्रॉपर नींद लेना भी बहुत आवश्यक है।
वाणिज्य, उद्योग और श्रम मंत्री ने किया पांच दिवसीय राष्ट्रीय शालेय प्रतियोगिता का किया उद्घाटन
रायपुर। 67वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2023-24 का कल कोरबा स्थित सीएसईबी फुटबॉल खेल मैदान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और आकर्षक मार्चपास्ट के साथ शुभारंभ हो गया। मुख्य अतिथि वाणिज्य, उद्योग और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने पाँच दिवसीय आयोजन का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि खेल जीवन का वह हिस्सा है जिससे शारीरिक और मानसिक विकास के साथ सफलता की राह में आगे बढ़ते हुए एक मुकाम हासिल की जा सकती है।
मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि स्कूल में पढ़ाई के साथ खेलकूद में शामिल होकर और अच्छे खेल का प्रदर्शन कर अपना नाम रोशन किया जा सकता है। उन्होंने सभी को संकल्प दिलाते हुए खेल को खेल भावना से खेलने और हारने पर निराश न होते हुए आगे बढ़ने और परिश्रम कर पुनः अच्छे प्रदर्शन से सफलता अर्जित करने की बात कही। प्रतियोगिता में 12 राज्यों और दो इकाईयों के बेसबॉल खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
मंत्री श्री देवांगन ने राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि कोरबा जिले में राष्ट्रीय स्तर का आयोजन होना बहुत ही गौरव की बात है। यह एक ऐसा माध्यम है जहाँ खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को दिखाने के साथ-साथ आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलता है। इस तरह के आयोजन से खिलाड़ियों को अलग-अलग राज्यों की संस्कृति और भाषा-बोलियां सीखने समझने का भी मौका मिलता है।
कार्यक्रम में कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि छात्र जीवन में खेल और पढ़ाई का विशेष महत्व होता है। इस आयोजन में अन्य राज्यों के खिलाड़ी भी शामिल है, यहाँ खिलाड़ियों को अलग-अलग राज्यों की संस्कृति और भाषा से परिचय होगा। स्वागत भाषण जिला शिक्षा अधिकारी जी.पी. भारद्वाज ने दिया। कार्यक्रम में कोरबा जिले की अंतरराष्ट्रीय बेसबॉल खिलाड़ी नेहा जायसवाल को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
जम्मू-कश्मीर से लेकर तमिलनाडु के खिलाड़ी
प्रतियोगिता में बेसबॉल बालक-बालिका 14 एवं 19 वर्ष के अंतर्गत जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात, चंडीगढ़, तमिलनाडु, तेलंगाना, केरल, सहित विद्याभारती और सीबीएसई और मेजबान छत्तीसगढ़ की टीम शामिल हो रही हैं। आज उदघाटन अवसर पर सभी टीमों ने आकर्षक मार्चपास्ट निकाली। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी गई।

राजस्व मंत्री ने सुहेला में तहसील कार्यालय का भूमिपूजन एवं विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया
रायपुर। प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने रविवार को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम सुहेला में करीब 63 लाख की लागत से बनने वाले तहसील कार्यालय भवन का भूमिपूजन तथा विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही सुहेला के तिगड्डा चौक में भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी की आदमकद प्रतिमा का अनावरण भी किया।
मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि तहसील कार्यालय भवन का आज भूमिपूजन किया गया है, जिसका निर्माण तय समय मे पूरा होगा। हमारी सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हम सब मिलकर क्षेत्र के विकास में नया अध्याय लिखेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय मे सुहेला विकास का केंद्र बनेगा। कई नए शासकीय कार्यालय खुलेंगे। इसके लिए शासकीय जमीनों को बचाकर रखना होगा। अतिक्रमण बिल्कुल भी नही होने देना है। अवैध शराब के बिक्री और परिवहन में सख्ती से कार्यवाही होगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश वर्मा ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया है। क्षेत्र के विकास के लिए सबको आगे आना होगा। सुहेला का विकास होगा तो इसके आस-पास के गांवों का भी विकास होगा। इसलिए हम सबको इसके लिए मिलकर प्रयास करना है।
इन कार्यों हुआ लोकर्पण
राजस्व मंत्री ने इस अवसर पर विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इसमें स्वास्थ्य केंद्र में 10 बिस्तरीय वार्ड का निर्माण, साहू सामुदायिक रंगमंच का निर्माण, तिगड्डा चौक में व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स, खल्लारी मंदिर परिसर में शेड निर्माण, शासकीय प्राथमिक शाला सुहेला का जीर्णाेद्धार कार्य, तिगड्डा चौक में सामुदायिक शौचालय निर्माण, डिजिटल एक्सरे कक्ष निर्माण, स्वामी आत्मानन्द उत्कृष्ट विद्यालय में रंगमंच निर्माण, दुर्गाेत्सव मैदान में रंगमंच निर्माण, प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति सुहेला में खाद गोदाम एवं अहाता निर्माण शामिल है।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य आदिति बघमार,जनपद सदस्य सरोजिनी बघमार, सरपंच सविता संतोष वर्मा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बडी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

शिक्षा से ही समाज और देश की उन्नति संभव : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कल शाम राजधानी रायपुर के समता कॉलोनी स्थित महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज में आयोजित मैक कार्निवल वार्षिकोत्सव 2023-24 थीम "संस्कार" में शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भारत की प्राचीनकाल से ही शिक्षा के क्षेत्र में विश्वगुरु के रूप में विशिष्ट पहचान रही है। यहां पर तक्षशिला, नालंदा जैसे विश्वविद्यालय मौजूद थे, जहां दुनिया भर से लोग ज्ञान प्राप्त करने आते थे।
उन्होंने कहा कि शिक्षा विकास का मूलमंत्र है। शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। किसी भी देश और व्यक्ति का विकास शिक्षा के बिना नहीं हो सकता है। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल एवं पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के कुलपति प्रो. सच्चिदानंद शुक्ला भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज हम मोदी की गारंटी को तेजी से लागू करने की दिशा में कदम बढ़ाते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा देश आज योग, आध्यात्म और आयुर्वेद के क्षेत्र में अग्रणी है। मुख्यमंत्री श्री साय ने महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज के ट्रस्टियों से इस तरह के संस्थान बस्तर, जशपुर जैसे आदिवासी क्षेत्रों में भी खोलने का आग्रह किया, ताकि इसका लाभ दूर-दराज अंचल के युवाओं को भी मिल सके।
इस मौके पर उच्च शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि उच्च शिक्षा में बच्चे अपना भविष्य बनाने आते है। शिक्षा के साथ संस्कार भी हो तो वह देश का एक अच्छा नागरिक बन सकता है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्रों का मन, बुद्धि, शरीर और आत्मा का विकास होना चहिए । वह जिस भी क्षेत्र में जाना चाहता है अगर वहां पूरी तन्मयता के साथ लग जाय तो उसे उसकी मंजिल मिल ही जाती है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कॉलेज की तरफ से प्रतिभावान छात्र-छात्राओं सहित कर्मचारियों एवं शिक्षकों को भी सम्मानित किया । इसके साथ ही उन्होंने कॉलेज के ट्रस्टी महाराजा अग्रसेन इंटरनेशनल कॉलेज के चेयरमैन राजेश अग्रवाल, चत्रुभूज अग्रवाल, जगदीश प्रसाद अग्रवाल, सुरेश गोयल, विरेंद्र अग्रवाल, नवल किशोर अग्रवाल, राजेंद्र अग्रवाल, रमेश अग्रवाल, आत्मबोध अग्रवाल, अनिल अग्रवाल सहित अन्य ट्रस्टी को सम्मानित किया। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक, छात्र-छात्राओं सहित अन्य स्टाफ मौजूद थे।

राज्य स्तरीय कराटे के चैम्पियन खिलाड़ियों ने की शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल से मुलाकात
रायपुर। राजनांदगांव में आयोजित राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में रायपुर शहर के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए ढेरों मेडल अपने नाम किए। मेडल जीतने वाले इन कराटे खिलाड़ियों ने आज अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नीता डुमरे एवं अंतरराष्ट्रीय कराटे खिलाड़ी हर्षा साहू के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल से मुलाक़ात की। इस अवसर पर श्री अग्रवाल ने सभी विजेता खिलाड़ियों क्रमशः अंशिका देवांगन, प्रतिमा कुमार, ऋतु भोई, अनुज छेदिया, आर्यन पांडेय, कुशल मिश्रा, विवेक साहू,आर्यन पांडेय,गौरक्षनाथ योगी, समर प्रताप यदु,महत्त्वनाथ योगी,वीरेंद्र गुप्ता,रिहान भन्नेत,हर्षवर्धन साहू ,मोहीतराम देवांगन,सौरभ दूबे,लक्ष्मीनारायण साहू,महावीर सोना,धीरज को जीत की बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।इस दौरान खिलाड़ियो के साथ कोच अनिस मनिहार, अब्दुल रहीम ख़ान, अशोक हियाल पप्पू साहू भी मौजूद थे।
उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा आरक्षक एवं परिजनों से मिलने पहुंचे उनके निवास पुलिस हाउसिंग कॉलोनी, अमलीडीह
रायपुर। उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा आज यहां आरक्षक नरेश मरकाम एवं उनके परिजनों से मिलने उनके निवास पुलिस हाउसिंग कॉलोनी अमलीडीह रायपुर पहुंचे। वहां उन्होंने उनके परिवारजनों के साथ मुलाकात कर उनका हाल-चाल पूछा एवं उनके साथ चाय भी पी। आरक्षक परिवार अपने घर में गृहमंत्री को देखकर गदगद हो गये। आरक्षक श्री नरेश ने बताया कि आज वीआईपी सुरक्षा के लिए उनकी ड्यूटी लगायी गई थी। अचानक उन्हें कन्ट्रोल रूम से जानकारी मिली कि गृह मंत्री उनके निवास आने वाले है। पूरी कॉलोनी में खुशी का माहौल बन गया। गृह मंत्री शॉल, श्रीफल, मिठाई और फल लेकर पहुंचे और उनके परिजनों को भेंट की। आरक्षक नरेश मोहला-मानपुर जिले के ढुढिटोला गांव के निवासी है तथा वर्तमान में पुरानी बस्ती थाना में दो साल से पदस्थ है।
उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मैं इस कॉलोनी में एक आरक्षक परिवार से मिलने आया था पर, यहां मेरी बहुत से पुलिस परिवारों से भेंट-मुलाकात हुई। मुझे यहां पुलिस परिवारों से मिलकर अपनेपन का एहसास हो रहा है। आज मैं यहां पुलिस कर्मचारियों एवं उनके परिजनों से मिलने आया हूं, उसकी समस्याओं को जानने आया हूं, जो हमें सुरक्षा प्रदान करते हैं, उन्हें कोई दिक्कत तो नहीं है, ये जानने आया हूं। समाज में व्याप्त नशा एवं शराब जैसे बुराईयों को समाप्त करना है। पुलिस कर्मियोें एवं उनके परिजनों ने गृह मंत्री का स्वागत कर उन्हें समस्याएं भी बतायी। रहवासियों ने स्ट्रीट लाईट एवं खेलकूद के मैदान की उचित व्यवस्था कराने, कैन्टीन का नियमित संचालन एवं अन्य भत्ते की आवश्यकता के संबंध में विस्तार से चर्चा किया। पुलिस कर्मियों ने बताया कि अमलीडीह कॉलोनी से 100 से अधिक बच्चे केन्द्रीय विद्यालय में पढ़ने जाते है। बच्चों के लिए शासकीय बस की व्यवस्था की जाए। लगभग 1000 परिवार वहां निवासरत् है। सभी परिवार को मेंटेनेंस के नाम से एक हजार रूपए प्रतिमाह देना पड़ता है। इस संबंध में भी शासन की तरफ से समुचित व्यवस्था की मांग की गई।

गृहमंत्री ने कहा कि आप सबके बीच मुझे यहां ऐसे लग रहा है कि जैसे कि मैं अपने घर आया हूं। मेरा एक ही बेटा है कभी मैं उसे लेकर आउंगा यहां इतने सारे बच्चें है सबके साथ वह भी खेलेगा।
कंवर समाज को सीएम साय का तोहफा, भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने का किया ऐलान
रायपुर। रविवार को इंडोर स्टेडियम में कंवर गौरव सम्मान समारोह का कार्यक्रम आयोजित किया गया. कंवर गौरव सम्मान समारोह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उनकी पत्नी कोशल्या देवी साय सहित वरिष्ठ आदिवासी नेता नंदकुमार साय, पूर्व मंत्री रामसेवक पैकरा, पूर्व विधायक ननकीराम कंवर, पूर्व विधायक चिंतामणि महाराज कार्यक्रम में शामिल हुए. इस दौरान सीएम ने समाज के भवन के लिए राशि की घोषणा की.
अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि मेरे लिये बड़ी खुशी का दिन है. मुझे कंवर रत्न से सम्मानित किया गया. कंवर समाज के छोटे से कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री बनाने के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद. यह पूरे कंवर समाज का सम्मान है. सीएम ने कहा कि समाज के गौरव के साथ-साथ जिम्मेदारी भी बढ़ गई है. मैं जीवनभर समाज का आभारी रहूंगा. आप लोगों से आशीर्वाद मांगने आया हूं. मुझे विश्वास है कि पद के दायित्व को निभाने के लिए पूरे समाज का साथ मिलेगा.
सीएम ने कहा कि हमारे समाज में गहिरागुरु जैसे संत हुए. राजनीति के क्षेत्र में भी हमारे समाज का इतिहास है. इसके साथ ही सीएम साय ने टाटीबंध स्थित समाज के भवन में निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की.
छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के सामाजिक और युवक-युवती परिचय सम्मेलन में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
रायपुर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा आज झेरिया यादव समाज द्वारा राजधानी रायपुर के महादेवघाट में आयोजित सामाजिक और युवक-युवती परिचय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में राज्य स्तर के विभिन्न जिलों से आए हुए यादव समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने परिचय सम्मेलन में शामिल होने आये युवक-युवतियों एवं उनके परिजनों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह समाज की अच्छी पहल है, जिससे एक ही मंच पर विवाह योग्य युवक-युवतियां आपस में मिल जाते है, इससे वर-वधु ढूढंने में समय और धन की बचत होती है। उन्होंने आठ नवविवाहित जोड़ों को बधाई देकर उनके खुशहाल दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यादव समाज भारत के विकास में अपनी बराबर की भागीदारी दे रहा है व भारत के स्वाभिमान, मान-सम्मान के लिए हमेशा खड़ा रहता है।
उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार जनकल्याणकारी कार्याे को पूरा करने तथा मोदी की गारंटी एवं विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने प्रतिबद्ध है। उन्होंने समाज द्वारा निर्मित सामाजिक भवन का अवलोकन भी किया, जिसमें 14 कक्ष बनाया गया है। समाज के अध्यक्ष जगनिक यादव ने बताया कि सामाजिक भवन में रायपुर के अलावा अन्य जगह से आने वाले बच्चों के रहने की उचित व्यवस्था की गई है। श्री यादव ने समाज के रीति-रिवाजों एवं गतिविधियों पर प्रकाश डाला। समाज के अध्यक्ष ने नवनिर्मित भवन के लिए फर्नीचर सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए राशि की मांग की। जिस पर उप मुख्यमंत्री ने समाज की आवश्यकताओं को पूरा करने का भरोसा दिलाया।
इस अवसर भगत सिंह यादव, सुन्दरलाल, जी.आर. यादव एवं सभी जिलों से आए जिलाध्यक्ष तथा समाज के अन्य पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित थे।
