बकाया कर वसूली में नगर निगम की सख्ती, जोन-10 में 6 व्यावसायिक परिसर सील
रायपुर। बकाया कर की वसूली को लेकर रायपुर नगर पालिक निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए जोन क्रमांक-10 क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, उपायुक्त (राजस्व) जागृति साहू तथा जोन-10 के जोन कमिश्नर विवेकानंद दुबे के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने लंबे समय से कर बकाया रखने वाले व्यावसायिक परिसरों को सील किया।
नगर निगम जोन-10 अंतर्गत वार्ड क्रमांक 50, 52, 53 और 56 में नोटिस, डिमांड बिल और अंतिम सूचना जारी होने के बावजूद कर का भुगतान नहीं करने वाले 6 व्यावसायिक परिसरों पर सीलबंदी की गई। इन परिसरों पर कुल ₹50 लाख 72 हजार 839 का कर बकाया था। कार्रवाई के दौरान मौके पर ही ₹4 लाख 41 हजार 12 की राशि वसूल की गई, जबकि तीन बकायेदार दुकानदारों ने शेष कर जमा करने के लिए दो दिन का समय मांगा है।
इस कार्रवाई में जोन-10 के सहायक राजस्व अधिकारी गौरीशंकर साहू, राजस्व निरीक्षक नरेंद्र सोनी सहित सभी सहायक राजस्व निरीक्षक उपस्थित रहे और पूरी प्रक्रिया नियमानुसार संपन्न कराई गई।
नगर पालिक निगम रायपुर ने स्पष्ट किया है कि बड़े बकायेदारों के खिलाफ आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, जिससे राजस्व संग्रह में वृद्धि हो और विकास कार्यों को गति मिल सके।