प्रदेश / छत्तीसगढ़

“कैंसर से भी खतरनाक है धर्मांतरण” रायपुर पहुंचे बागेश्वर बाबा का बयान, बोले—भारत में बांग्लादेश जैसी स्थिति न बने, इसलिए जागरूकता जरूरी

रायपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री आज भिलाई में आयोजित पंचदिवसीय हनुमंत कथा में शामिल होने छत्तीसगढ़ पहुंचे। रायपुर एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने धर्मांतरण को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा कैंसर नहीं, बल्कि धर्मांतरण है।

उन्होंने बताया कि भिलाई में आज से पंचदिवसीय हनुमंत कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें एक दिवसीय दिव्य दरबार भी लगेगा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि देश में बांग्लादेश जैसी स्थिति नहीं हो, इसके लिए यह सही समय है कि हिंदू समाज एकजुट हो। यदि हिंदू एकता नहीं दिखाई गई, तो बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ जो हुआ, वैसी स्थिति भारत और छत्तीसगढ़ में भी देखने को मिल सकती है।

पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कांकेर में धर्मांतरण को लेकर हुए विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांकेर में जो घटना हुई, वह अच्छी नहीं थी, लेकिन हिंदू समाज ने जो एकता दिखाई, उसके लिए वे आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ में शांति और उन्नति की कामना करते हुए कहा कि भारत को विश्व गुरु बनना चाहिए। अंत में उन्होंने कहा कि जब तक भारत हिंदू राष्ट्र नहीं बन जाता, तब तक वे अपनी यात्रा जारी रखेंगे।