SIR पर गृह मंत्री विजय शर्मा का बड़ा बयान: घुसपैठियों को चिन्हित कर सख्ती से बाहर किया जाएगा
रायपुर। एसआईआर के मुद्दे पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि यदि कोई घुसपैठिया पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जो लोग अवैध रूप से घुसपैठ कर रह रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर देश से बाहर निकाला जाएगा और वापस बांग्लादेश भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि जितनी जांच की आवश्यकता होगी, वह पूरी की जाएगी।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अलसुबह की गई पुलिस कार्रवाई के विरोध में मुस्लिम समाज द्वारा किए गए प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुलिस जांच में सभी को सहयोग करना चाहिए, चाहे मामला किसी से भी जुड़ा हो।
मैग्नेटो मॉल में तोड़फोड़ के मामले में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा गिरफ्तारी दिए जाने को लेकर उन्होंने कहा कि इससे जुड़ी एक घटना सामने आई थी और उसके बाद जो भी घटनाक्रम हुआ है, उस पर कार्रवाई जारी है।
वहीं गार्ड ऑफ ऑनर की परंपरा समाप्त किए जाने पर गृह मंत्री ने कहा कि सरकार जनता जनार्दन के साथ मिलकर काम करती है। गार्ड ऑफ ऑनर जैसी परंपरा की अब आवश्यकता नहीं है, क्योंकि इसमें अनावश्यक रूप से बड़े सुरक्षा बल की तैनाती करनी पड़ती थी।