प्रदेश / छत्तीसगढ़

तमनार हिंसा पर सरकार सख्त: पुलिस-ग्रामीण झड़प की होगी जांच, दोषियों पर कार्रवाई के निर्देश

रायपुर। रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र में शनिवार को पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई हिंसक झड़प की जांच कराई जाएगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि तमनार इलाके में जिंदल कंपनी की कोयला खदान के विरोध में 14 गांवों के ग्रामीण आंदोलन कर रहे थे। इस दौरान उग्र भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की और एक बस समेत दो वाहनों को आग के हवाले कर दिया। हिंसा में महिला टीआई कमला पुसाम सहित कई पुलिसकर्मी घायल हुए। घटना के बाद पुलिस ने 30 से 35 लोगों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में जिंदल कंपनी के गारे पेलमा कोल ब्लॉक की जनसुनवाई को ग्रामीणों ने फर्जी बताते हुए लिबरा स्थित सीएचपी चौक पर कंपनी गेट के सामने शांतिपूर्ण धरना शुरू किया था, जिससे कंपनी में भारी वाहनों का आवागमन बाधित हो गया था। शनिवार को पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को समझाइश देकर धरना समाप्त करने को कहा। इसी दौरान हालात बिगड़ गए और पुलिस को कार्रवाई करनी पड़ी, जिसमें कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया.