प्रदेश / छत्तीसगढ़

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 4,399 दिनों का ऐतिहासिक कार्यकाल भारत के विकास, सुशासन और जनकल्याण का स्वर्णिम अध्याय – सांसद बृजमोहन अग्रवाल

रायपुर। सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार 4,399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले नेताओं में शामिल होने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व भारत के विकास, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्रीय गौरव के पुनर्जागरण का पर्याय बन चुका है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी नई पहचान स्थापित की है और विश्व की प्रमुख शक्तियों में सम्मानजनक स्थान प्राप्त किया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिला और युवा—समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से करोड़ों परिवारों को पक्का घर, उज्ज्वला योजना के तहत करोड़ों महिलाओं को गैस कनेक्शन, जल जीवन मिशन के जरिए करोड़ों घरों तक स्वच्छ पेयजल, जनधन योजना के माध्यम से वित्तीय समावेशन तथा आयुष्मान भारत योजना से करोड़ों नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान कर उन्होंने जनकल्याणकारी शासन का नया प्रतिमान स्थापित किया है।

श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अनेक ऐतिहासिक निर्णयों को साकार होते देखा है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ किया गया, वहीं अयोध्या में प्रभु श्रीराम के भव्य मंदिर का निर्माण कर करोड़ों देशवासियों की वर्षों पुरानी आस्था और भावना का सम्मान किया गया। ये निर्णय भारत के सांस्कृतिक पुनर्जागरण और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रतीक हैं।

सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को शासन का मूल मंत्र बनाया है। उनके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, विकास और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि देशवासियों, भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं और सभी नागरिकों के लिए यह गौरव और उत्सव का अवसर है।

“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह ऐतिहासिक कार्यकाल केवल समय का रिकॉर्ड नहीं, बल्कि जनसेवा, राष्ट्रनिर्माण और भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के संकल्प का प्रतीक है।”