प्रदेश / छत्तीसगढ़

रायपुर एयरपोर्ट पर एयर इंडिया विमान पक्षी से टकराया, लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा

रायपुर। राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट एयर इंडिया की दिल्ली-रायपुर उड़ान बर्ड हिट की चपेट में आ गई। विमान की लैंडिंग के दौरान पक्षी टकराने की घटना हुई, जिसके बाद सुरक्षा मानकों के तहत विमान का विस्तृत तकनीकी निरीक्षण किया गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी यात्री या क्रू सदस्य को नुकसान नहीं पहुंचा और सभी सुरक्षित रहे।जानकारी के अनुसार एयर इंडिया की दिल्ली-रायपुर फ्लाइट निर्धारित समय के अनुसार सुबह 8:15 बजे रायपुर पहुंचने वाली थी। विमान ने सुबह करीब 8:08 बजे एयरपोर्ट पर लैंडिंग की। इसी दौरान पक्षी के टकराने की घटना सामने आई। इधर, बर्ड हिट की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयरलाइन प्रबंधन ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान को तत्काल तकनीकी जांच के लिए रोक दिया।

दिल्ली जाने वाली उड़ान हुई प्रभावित

दरअसल निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यही विमान सुबह 8:55 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होने वाला था, लेकिन बर्ड हिट के बाद तकनीकी परीक्षण और सुरक्षा मंजूरी मिलने तक उड़ान स्थगित रखी गई।करीब ढाई घंटे तक चली जांच के बाद विमान को उड़ान के लिए सुरक्षित घोषित किया गया। इसके बाद एयर इंडिया की फ्लाइट सुबह लगभग 11:35 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुई। उड़ान में हुई देरी के कारण यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।

बर्ड हिट को गंभीरता से लेता है विमानन विभाग

इस घटना को लेकर एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि बर्ड हिट की घटनाओं को विमानन क्षेत्र में बेहद गंभीर माना जाता है। ऐसी स्थिति में विमान के इंजन, पंखों और अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों की गहन जांच की जाती है ताकि उड़ान के दौरान किसी प्रकार का जोखिम न रहे।विस्तृत तकनीकी निरीक्षण और सुरक्षा मानकों की पुष्टि के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान भरने की अनुमति दी गई। घटना में किसी भी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है और सभी यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।