रामगोपाल अग्रवाल की 5 दिन की पुलिस रिमांड बढ़ी, 22 जुलाई तक EOW करेगी पूछताछ
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला और शराब घोटाला मामलों में गिरफ्तार कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल की पुलिस रिमांड बढ़ा दी गई है। अदालत ने उन्हें 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। अब रामगोपाल अग्रवाल 22 जुलाई तक आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) की हिरासत में रहेंगे।
रामगोपाल अग्रवाल के बचाव पक्ष के वकील फैसल रिजवी ने रिमांड बढ़ाए जाने की पुष्टि की है। बताया जा रहा है कि EOW ने पूछताछ के लिए अदालत से 5 दिन की अतिरिक्त रिमांड की मांग की थी, जिसे कोर्ट ने स्वीकार कर लिया। इससे पहले रामगोपाल 9 दिनों तक EOW की रिमांड पर थे।
गौरतलब है कि कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को पहले कोयला घोटाला मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में वह 9 दिन की पुलिस रिमांड पर थे। इसी दौरान EOW ने उन्हें शराब घोटाला मामले में भी गिरफ्तार किया। अब जांच एजेंसी दोनों मामलों में उनसे पूछताछ कर रही है। माना जा रहा है कि रिमांड के दौरान EOW घोटालों से जुड़े वित्तीय लेनदेन, अन्य आरोपियों की भूमिका और दस्तावेजी साक्ष्यों के संबंध में रामगोपाल अग्रवाल से विस्तृत पूछताछ करेगी।