दो बजे से होगी नीट की परीक्षा, 1:30 बजे के बाद सेंटरों में नहीं मिलेगा प्रवेश, कलेक्टर ने की तैयारियों की समीक्षा
रायपुर। 21 जून को नीट की परीक्षा आयोजित है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने नीट परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कहा कि परीक्षा संचालन के समय सभी केन्द्राध्यक्ष परीक्षा केन्द्रों में फर्नीचर, बिजली, पंखा, साफ-सफाई, पेयजल, वॉशरूम की सफाई, पार्किंग, दीवाल घड़ी, जनरेटर (डीजी सेट), वीडियोग्राफर एवं साउंड सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक है। परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश आधे घंटे पहले 1:30 बजे तक दिया जाएगा। इसके बाद प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। यानि 1:30 बजे के बाद परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जिले में 25 परीक्षा केन्द्र हैं, जिसमें 9 हजार 50 विद्यार्थी उपस्थित होंगे। इस परीक्षा में 3 हजार 3 सौ 48 पुरूष, 5 हजार 6 सौ 65 महिला एवं 37 दिव्यांग विद्यार्थी शामिल होंगे।
उन्होंने कहा, केन्द्राध्यक्ष प्रश्न-पत्र की सीलबंद पेटी रखने के लिए अलग से स्ट्रांग रूम की व्यवस्था करें एवं हर केन्द्र में मेडिकल टीम एवं फ्रिस्किंग टीम की बैठने की व्यवस्था करें। इस अवसर पर ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, अपर कलेक्टर मनीष मिश्रा एवं एडीसीपी राहुल देव शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थिति रहे।