प्रदेश / छत्तीसगढ़

बिलासपुर नगर निगम में लाखों के टैक्स घोटाले का खुलासा, राजस्व निरीक्षक निलंबित

बिलासपुर। बिलासपुर नगर निगम में टैक्स घोटाले का मामला उजागर हुआ है। टैक्स मद में ₹14 लाख 18 हजार से अधिक की राशि का गबन करने के आरोप में निगम आयुक्त ने राजस्व निरीक्षक को निलंबित कर दिया है और गबन की गई राशि की वसूली के निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि तय समय में राशि जमा नहीं होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ पुलिस में अपराध दर्ज कराया जाएगा।

जानकारी के अनुसार मामला नगर निगम के जोन क्रमांक-2 से जुड़ा है, जहां राजस्व निरीक्षक के पद पर मनारायण देवांगन पदस्थ थे। उन पर वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2024-25 के बीच संपत्ति कर, समेकित कर और यूजर चार्ज के रूप में वसूली गई कुल ₹14,18,207 की राशि निगम कोष में जमा न कर गबन करने का गंभीर आरोप है।

यह घोटाला नगर निगम के आंतरिक ऑडिट के दौरान सामने आया। मामले के सामने आते ही निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्व निरीक्षक मनारायण देवांगन को निलंबित कर दिया। साथ ही समस्त बकाया राशि की शीघ्र वसूली के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में कहा गया है कि यदि राशि जमा नहीं की गई तो संबंधित राजस्व निरीक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। निगम आयुक्त के इस कड़े कदम से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।