सुकमा और बीजापुर में नक्सल मुठभेड़ में 14 माओवादी ढेर, हथियार और शव बरामद
सुकमा/बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में शनिवार को सुरक्षाबलों ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सुकमा और बीजापुर जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हुई मुठभेड़ों में जवानों को अहम सफलता मिली है। सुकमा में 12 नक्सलियों को मार गिराया गया है, जबकि बीजापुर में दो माओवादियों के शव और हथियार बरामद किए गए हैं।
सुकमा में बड़ी मुठभेड़, 12 नक्सली ढेर
सुकमा जिले के किस्टाराम क्षेत्र में डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) के जवान सर्च ऑपरेशन पर निकले थे। इसी दौरान नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 12 नक्सलियों को मार गिराया। मुठभेड़ स्थल से सभी नक्सलियों के शव के साथ एक एके-47 और इंसास राइफल बरामद की गई है। सूत्रों के अनुसार, मारे गए नक्सलियों में डीवीसीएम मंगडु के भी शामिल होने की सूचना है। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है।
बीजापुर में दो माओवादी मारे गए
वहीं नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के दक्षिणी क्षेत्र में भी शनिवार सुबह से सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। डीआरजी जवानों ने कार्रवाई करते हुए दो माओवादियों को मार गिराया है। दोनों के शव और हथियार मुठभेड़ स्थल से बरामद कर लिए गए हैं। सुबह करीब 5 बजे से रुक-रुक कर गोलीबारी की खबर है।
बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि क्षेत्र में सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की सूचना के बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र को घेर रखा है और अभियान जारी है।