स्काउट-गाइड अध्यक्ष विवाद : नाराज सांसद को मनाने की कोशिशें शुरू, बृजमोहन से मिले डिप्टी सीएम विजय शर्मा, आधे घंटे तक की चर्चा
छत्तीसगढ़ |
09-Jan-2026
रायपुर। स्काउट्स एंड गाइड्स अध्यक्ष पद से हटाने पर नाराज सांसद बृजमोहन अग्रवाल को मनाने की कोशिशें शुरू हो गई है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने शुक्रवार को बृजमोहन से मुलाकात की है और करीब आधे घंटे तक चर्चा की। इसके बाद डिप्टी सीएम विजय शर्मा सांसद बृजमोहन अग्रवाल के साथ दामाखेड़ा भी गए और वहां संत समागम के आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक में शामिल हुए।
दूसरी तरफ स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने भी मीडिया से चर्चा में कहा है कि सांसद बृजमोहन अग्रवाल उनके बड़े भाई हैं, और उनसे मिलकर नाराजगी दूर करेंगे। इससे पहले स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष, और पूर्व राज्यसभा सदस्य डॉ. अनिल जैन ने शुक्रवार को कहा कि स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ही स्काउट्स एंड गाइड्स के पदेन प्रदेश अध्यक्ष हैं।